कसावा नाम शायद (Cassava in Hindi) आपने पहली बार सुना हो, लेकिन शायद इसे खाया बहुत बार हो। जी हां, हमारे खाद्य पदार्थों में कई ऐसी चीजें हैं, जिसके नाम से हम अनजान होते हैं। लेकिन उसका स्वाद हमें काफी ज्यादा पसंद होता है। ऐसे ही खाद्य पदार्थों में कसावा का नाम भी शामिल है। कसावा स्वाद के साथ-साथ सेहत के लिए भी काफी फायदेमंद है। कसावा में कई तरह के पोषक तत्व जैसे- प्रोटीन, सोडियम, जिंक, विटामिन सी, थियामिन, कॉपर, मैगनीज इत्यादि पाए जाते हैं। ऐसे में इसके सेवन से आप शरीर की कई परेशानियों को दूर रख सकते हैं। आज हम इस लेख में कसावा के फायदे और नुकसान के बारे में जानेंगे।
कसावा क्या है? (What is Cassava in Hindi)
कसावा एक झाड़ीदार पौधा है। यह गर्म स्थानों में अधिक पाया जाता है। इसकी जड़ का इस्तेमाल खाने के लिए किया जाता है। देखने में यह शकरकंद (Sweet Potatoes) की तरह नजर आती है। इसका अधिकतर इस्तेमाल साबूदाना तैयार करने के लिए किया जाता है। इसके पाउडर से साबूदाना तैयार होता है। साथ ही कुछ अन्य खाद्य सामग्री में भी इसका इस्तेमाल होता है।
इसे भी पढ़ें - साबूदाना खाने के नुकसान: इन 5 तरह के लोगों को नहीं खाना चाहिए साबूदाना, हो सकती हैं कई परेशानियां
कसावा के फायदे (Benefits of Cassava in Hindi)
1. मोटापा करे कंट्रोल
अगर आपके शरीर का वजन काफी ज्यादा बढ़ रहा है, तो इस स्थिति में कसावा आपके लिए काफी फायदेमंद हो सकता है। दरअसल, कसावा में रेसिस्टेंट स्टार्च होता है, जो भूख को कंट्रोल करने में आपकी मदद करता है। ऐसे में बार-बार खाने की इच्छा कम होती है। अगर आप अपने शरीर का वजन कम करना चाहते हैं, तो कसावा का नियमित रूप से सेवन कर सकते हैं।
2. पाचन को रखे दुरुस्त
कसावा के पत्तों से तैयार चाय का सेवन करने से पाचन की क्रिया नियंत्रित होती है। दऱअसल, इसमें माइक्रोब्स को सक्रिय करने की क्षमता होती है, जो आपके संपूर्ण पाचन के लिए लाभकारी होता है।
3. विटामिन सी का अच्छा स्त्रोत
कसावा में विटामिन सी समृद्ध रूप से होता है। जिससे आपके शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बेहतर होती है। ऐसे में अगर आप विटामिन सी युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करना चाहते हैं, तो कसावा से तैयार साबूदाना आपके लिए लाभकारी हो सकता है।
4. तनाव करे कम
रिसर्च के मुताबिक, कसावा में विटामिन सी होता है। विटामिन सी ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में स्ट्रेस को कम करने के लिए कसावा से की पत्तियों से तैयार चाय का सेवन किया जा सकता है।
5. स्किन के लिए लाभकारी
कसावा से तैयार साबूदाने का इस्तेमाल स्किन पर किया जा सकता है। दरअसल, कसावा में विटामिन सी मौजूद होता है, जो त्वचा को डैमेज होने से बचाता है। साथ ही यह कोलेजन के उत्पादन को उत्तेजित करता है।
इसे भी पढ़ें - क्या व्रत में खाया जाने वाला साबूदाना मांसाहारी है? जानिए इसका पूरा सच
6. हड्डियों और मांसपेशियों को करे मजबूत
इतना ही नहीं, कसावा में प्रोटीन भी समृद्ध रूप से होता है, जो आपके पूरे शरीर की हड्डियों और मांसपेशियों को मजबूत रखता है। कसावा में मौजूद इन्हीं गुणों के कारण आप इसे नियमित रूप से अपने डाइट में शामिल कर सकते हैं।
कसावा के नुकसान (Side Effects of Cassava in Hindi)
कसावा स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकते हैँ। लेकिन कुछ लोगों को यह नुकसान भी पहुंचा सकता है। आइए जानते हैं इसके बारे में
- कसावा की जड़ में कुछ विषैले पदार्थ होते हैं, जिससे बच्चों को नुकसान होने का खतरा रहता है। इस विषैले पदार्थ से बच्चों को पैरालायसिस होने का खतरा रहता है। इसलिए डॉक्टर या विशेषज्ञ की सलाह पर कसावा का सेवन करें।
- इसके अलावा कसावा के सेवन से थायराइड हार्मोन का स्तर बढ़ सकता है। जिसके कारण शरीर में आयोडीन की कमी हो सकती है।
- शसरीर में आयोडीन की कमी होने पर घेंघा रोग होने का खतरा भी रहता हैय़
- कसावा की जड़ में मौजूद सायनाइड से शारीरिक कमजोरी हो सकती है।
ध्यान रखें कि कसावा स्वास्थ्य के लिए कई तरह के फायदेमंद है। लेकिन इसका सेवन सीधे तौर पर न करें। इससे तैयार साबूदाना का सेवन आप कर सकते हैं। वहीं, पत्तियों या फिर जड़ का सीधे तौर पर इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।