गोभी की सब्जी हर किसी को खूब पसंद होती है। लेकिन, बीते कुछ वर्षों से बाजार में हरी गोभी यानी ब्रोकली को भी पसंद किया जाने लगा है। एक्सपर्ट बताते हैं कि ब्रोकली एक पोषण से भरपूर हरी सब्जी है, जो विटामिन, मिनरल और फाइबर प्रदान करती है। इसे सुपरफूड भी कहा जाता है क्योंकि यह सेहत के लिए फायदेमंद होती है। लेकिन अक्सर यह सवाल उठता है कि क्या हम गर्मियों में ब्रोकली खा सकते हैं? कुछ लोगों को लगता है कि ब्रोकली ठंडी तासीर की होती है और गर्मियों में इसे खाने से स्वास्थ्य पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है। इस लेख में एसेंट्रिक्स डाइट क्लीनिक की डाइटिशियन शिवाली गुप्ता से जानते हैं कि गर्मियों में ब्रोकली खाना सुरक्षित है या नहीं?
गर्मियों में ब्रोकली खाने के फायदे - Benefits Of Eating Broccoli During Summer In Hindi
ब्रोकली में प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, विटामिन सी, आयरन, विटामिन बी6, मैग्नीशियम आदि कई पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह पोषक तत्व गर्मियों में भी व्यक्ति की आवश्यकताओं को पूरा करते हैं। ऐसे में यह कहा जा सकता है कि आप ब्रोकली का सेवन गर्मियों में भी कर सकते हैं। आगे जानते हैं इसके कुछ फायदों के बारे में।
शरीर को ठंडक प्रदान करें
ब्रोकली में पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे यह शरीर को हाइड्रेटेड रखती है। गर्मियों में पसीने के कारण शरीर से पानी की कमी हो सकती है, लेकिन ब्रोकली खाने से यह कमी को दूर किया जा सकता है और शरीर को हाइड्रेट करने में मदद मिलती है।
पाचन तंत्र के लिए फायदेमंद
गर्मियों में कई लोगों को अपच और कब्ज की समस्या होती है। ब्रोकली में मौजूद फाइबर पाचन को सुधारता है और कब्ज से राहत देता है। इसके सेवन से कब्ज की समस्या से परेशान रहने वाले लोगों को राहत मिलती है।
शरीर की गंदगी को बाहर करें
ब्रोकली में सल्फोराफेन नामक कंपाउंड होता है, जो शरीर से टॉक्सिन्स को बाहर निकालने में मदद करता है। गर्मियों में यह शरीर को अंदर से साफ रखती है और त्वचा को भी स्वस्थ बनाती है।
इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए
ब्रोकली में विटामिन C और एंटीऑक्सीडेंट होते हैं, जो इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं। यह शरीर को बीमारियों और संक्रमण से बचाने में मदद करती है। यही वजह है कि लोगों द्वारा इसे पसंद किया जाने लगा है।
स्किन के लिए फायदेमंद
गर्मियों में धूप और गर्मी के कारण त्वचा पर बुरा असर पड़ सकता है। ब्रोकली में विटामिन A, C और E होते हैं, जो त्वचा को स्वस्थ और चमकदार बनाते हैं। यह त्वचा को सन डैमेज से भी बचाती है।
इसे भी पढ़ें: हेल्दी लिवर के लिए फायदेमंद है ब्रोकली जूस, पीने से दूर होती हैं ये 5 समस्याएं
इसके अलावा आप हार्ट को स्वस्थ बनाने और वजन को कंट्रोल रखने के लिए भी आप ब्रोकली का सेवन कर सकते हैं। ब्रोकली कैलोरी में कम और फाइबर में अधिक होती है, जिससे यह वजन घटाने में मदद करती है। आप ब्रोकली को सलाह, सूप, स्मूदी और पराठा बनाकर भी खा सकते हैं। गर्मियों में ब्रोकली खाना पूरी तरह सुरक्षित है और यह शरीर के लिए कई तरह से फायदेमंद हो सकती है। यह शरीर को ठंडक देती है, पाचन तंत्र को दुरुस्त रखती है, इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाती है और त्वचा को स्वस्थ बनाए रखती है। हालाँकि, इसे अधिक मात्रा में खाने से कुछ लोगों को हल्की अपच या गैस की समस्या हो सकती है। इसलिए, इसे सही तरीके से और संतुलित मात्रा में खाना चाहिए। अगर आप इसे अपनी गर्मियों की डाइट में शामिल करना चाहते हैं, तो इसे सलाद, सूप, स्मूदी या हल्की भुनी हुई सब्जी के रूप में खा सकते हैं।