Can Low Iron Cause Joint And Muscle Pain In Hindi: जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द होने के कई कारण हो सकते हैं, जैसे चोट लगना, संक्रमण, कोई क्रॉनिक बीमारी होना, अर्थराइटिस आदि। जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द के मुख्य कारण को जानकर इसका इलाज किया जाता है। जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द में थकान और कमजोरी के कारण भी होता है। ऐसे में व्यक्ति थोड़ा रेस्ट करता है और अपनी लाइफस्टाइल में सुधार कर जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द की समस्या से छुटकारा पा लेता है। लेकिन, कई बार आपने नोटिस किया होगा कि जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द लंबे समय से बना हुआ है। कई बार ऐसा तब होता है जब न चोट लगी हो और न ही कामकाज के चलते थकान हुई हो। कुछ लोगों का मानना है कि ऐसा आयरन की कमी के चलते हो सकता है। तो यहां यह जान लेना जरूरी हो जाता है कि क्या वाकई जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द का कारण आयरन की कमी भी हो सकती है? इस बारे में हमने शारदा अस्पताल में वरिष्ठ सलाहकार-इंटरनल मेडिसिन डॉ. श्रेय श्रीवास्तव से बात की।
क्या आयरन की कमी के कारण जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है?- Does Iron Deficiency Cause Muscle And Joint Pain In Hindi
इससे पहले कि हम यह जानें कि क्या आयरन की कमी के कारण जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है? इससे पहले जान लेते हैं कि शरीर में आयरन की कमी होने का क्या मतलब होता है? शरीर में आयरन की कमी होने पर व्यक्ति को एनीमिया हो सकता है। इस स्थिति में बॉडी सेल्स पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई नहीं कर पाता है, नतीजतन शरीर में ऑक्सीजन की कमी हो जाती है। यही नहीं, पोषक तत्व भी पर्याप्त मात्रा में शरीर के हर अंगों तक नहीं पहुंचते हैं, जिससे व्यक्ति में कमजोरी और थकान होने लगती है। अब यह जानते हैं कि आयरन की कमी के कारण जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है? इस बारे में विशेषज्ञों की सलाह है, "आयरन की कमी के कारण व्यक्ति थकान और कमजोरी महसूस कर सकता है। उसकी त्वचा पीली पड़ जाती है, सिरदर्द, हाथ-पांव का ठंडा होना, अनियमित दिल की धड़कनें होना आदि लक्षण दिखते हैं। आयरन की कमी के कारण जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है।" सवाल है, ऐसा क्यों होता है? इस बारे में विशेषज्ञ समझाते हैं कि जब टिश्यूज में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन सप्लाई नहीं होता है, तो इससे शरीर में सूजन बढ़ सकती है। यह स्थिति जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द पैदा कर सकती है।
इसे भी पढ़ें: पुरुषों में आयरन की कमी होने पर दिखते हैं ये लक्षण, जानें इसके लिए क्या खाएं
आयरन की कमी की वजह से जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द के कारण
1. मांसपेशियों का कमजोर होना
जैसा कि यह स्पष्ट है कि आयरन की कमी के कारण शरीर में कमजोरी छा जाती है। मांसपेशियों पर भी आयरन की कमी का बुरा असर पड़ता है। इस स्थिति में आयरन की कमी की वजह से जोड़ों और मांसपेशियों में दर्द हो सकता है।
2. जोड़ों में दर्द होना
यूं तो आयरन की कमी का सीधे-सीधे जोड़ों के दर्द पर प्रभाव नहीं पड़ता है। लेकिन, अगर किसी को रूमेटॉइड आर्थराइटिस जैसी बीमारी के साथ-साथ शरीर में आयरन की कमी होती है, तो इस कंडीशन में शरीर में सूजन होने का जोखिम बढ़ जाता है। ऐसे में जोड़ों में दर्द की समस्या भी हो सकती है।
इसे भी पढ़ें: Iron Deficiency: ये अजीब लक्षण महसूस होना भी हो सकता है आयरन की कमी का संकेत, न करें अनदेखा
3. ऑक्सीजन सप्लाई कम होना
जब शरीर में रेड ब्लड सेल काउंट कम होता है, तो ऐसे में शरीर में ऑक्सीजन सप्लाई पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे में व्यक्ति को कमजोरी और थकान हो सकती है। साथ ही, जोड़ों और मांसपेशियों पर भी इसका बुरा प्रभाव देखने को मिल सकता है। आपको बता दें कि सही तरह से ऑक्सीजन सप्लाई न होने के कारण हड्डियां स्टिफ हो जाती हैं, जिससे मूवमेंट करना काफी मुश्किल हो जाता है। नतीजतन, जोड़ों में दर्द होना शुरू हो जाता है।
All Image Credit: Freepik