Can Cystic Fibrosis Cause Infertility: आप सभी में ऐसे बहुत से लोग होंगे, जिन्हें सिस्टिक फाइब्रोसिस के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं होगी। दरअसल, सिस्टिक फाइब्रोसिस (सीएफ) एक वंशानुगत बीमारी (Hereditary Disease) है, जिससे फेफड़े, पाचन तंत्र और शरीर के दूसरे अंगों में समस्याएं हो सकती हैं। यह समस्या एक डिफेक्टिव जीन की वजह से होती है। इस बीमारी में शरीर गाढ़ा और चिपचिपा बलगम बनाता है, जिससे बॉडी ऑर्गन्स के कार्यों में रुकावट आ सकती है। इस बीमारी के कारण व्यक्ति को कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। कई लोग मानते हैं कि सिस्टिक फाइब्रोसिस के कारण महिलाओं और पुरुषों दोनों में ही इंफर्टिलिटी की समस्या हो सकती है। हालांकि, इस बात में कितनी सच्चाई है, यह जानने के लिए हमने डॉ. मन्नन गुप्ता, अध्यक्ष एवं एचओडी- प्रसूति एवं स्त्री रोग, एलांटिस हेल्थकेयर नई दिल्ली (Dr. Mannan Gupta, Chairman & HOD- Obstetrics & Gynaecology, Elantis Healthcare New Delhi) से बात की है।
महिलाओं और पुरुषों दोनों में होती है सिस्टिक फाइब्रोसिस- Cystic Fibrosis Occurs in Both Women and Men
बता दें कि सिस्टिक फाइब्रोसिस की समस्या महिलाओं और पुरुषों दोनों को हो सकती है। बता दें कि सिस्टिक फाइब्रोसिस वाली महिलाओं को सामान्य महिलाओं की तुलना में कम प्रजनन योग्य माना जाता है। क्योंकि गर्भाशय ग्रीवा (सर्विक्स) और वजाइना को ढकने वाला म्यूकस इतना गाढ़ा होता है कि इससे स्पर्म की यात्रा मुश्किल हो जाती है, ऐसे में फर्टिलाइजेशन की संभावना कम हो जाती है। अगर सिस्टिक फाइब्रोसिस से पीड़ित महिला को फेफड़े, पोषण या वजन संबंधी समस्याओं के कारण पीरियड्स नहीं हो रहे हैं, तो वह कम बार ओव्यूलेट करती है। इस तरह की महिलाओं में प्रजनन दर कम हो सकती है। वहीं, पुरुषों की बात करें, तो सामान्य स्पर्म प्रोडक्शन के बावजूद, ब्लॉक्ड या मिसिंग वास डेफेरेंस उन स्पर्म्स को वीर्य (Semen) के साथ मिलने से रोकता है, जिससे लगभग 98% पुरुष बांझ हो जाते हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या तनाव पुरुषों की फर्टिलिटी को प्रभावित कर सकता है? डॉक्टर से जानें जवाब
क्या सिस्टिक फाइब्रोसिस से इनफर्टिलिटी हो सकती है?- Can Cystic Fibrosis Cause Infertility
डॉ. मन्नन गुप्ता के मुताबिक, सिस्टिक फाइब्रोसिस (सीएफ) बांझपन का कारण बन सकता है। सिस्टिक फाइब्रोसिस एक आनुवंशिक विकार है, जो मुख्य रूप से फेफड़ों और पाचन तंत्र को प्रभावित करता है। हालांकि, यह विकार प्रजनन प्रणाली (Reproductive System) को भी प्रभावित कर सकता है। यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि इस बीमारी के कारण महिलाओं में बांझपन की समस्या आम नहीं होती है, लेकिन यह पूरी तरह से असंभव नहीं है। जैसा हमने आपको बताया कि सीएफ के कारण होने वाला गाढ़ा म्यूकस स्पर्म के लिए यात्रा को मुश्किल बनता है। इससे अंडे को फर्टिलाइज करना कठिन हो सकता है। इसके अलावा, खराब ओवरऑल हेल्थ, पोषण संबंधी कमियां और अनियमित पीरियड्स चक्र प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।
वहीं, अब अगर पुरुषों की बात करें, तो उनमें जन्मजात द्विपक्षीय वास डेफेरेंस (Congenital Bilateral Vas Deferens) नामक स्थिति के कारण बांझपन आम हो सकता है। इसका मतलब है कि स्पर्म को टेस्टिकल्स से यूरेथ्रा तक ले जाने वाली नलिकाएं गायब या अवरुद्ध हैं, जिससे स्पर्म का स्खलन (Ejaculation) का हिस्सा बनना मुश्किल हो जाता है। हालांकि, ये पुरुष आमतौर पर स्पर्म पैदा करते हैं और IVF जैसी सहायक प्रजनन तकनीकें उन्हें पिता बनने में मदद कर सकती हैं।
इसे भी पढ़ें- क्या मोबाइल रेडिएशन की वजह से घट रही है प्रजनन क्षमता? डॉक्टर से जानें इसका जवाब
कुल मिलाकर, सिस्टिक फाइब्रोसिस के कारण इनफर्टिलिटी की समस्या हो सकती है। हालांकि, आईवीएफ और अन्य मेथड्स की मदद से कपल्स माता-पिता बनने का सुख प्राप्त कर पा रहे हैं। ऐसे में आपको उम्मीद नहीं छोड़नी चाहिए और अनुभवी डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।