Diet Plan For Dialysis Patients: खानपान से जुड़ी गलतियां किडनी की बीमारियों की वजह बन सकती है। किडनी हमारे शरीर में वेस्ट और यूरिन को फिल्टर करने में मदद करती हैं। लेकिन जब किडनी काम करना बंद कर देती है, तो ये वेस्ट शरीर में बाहर नहीं निकल पाता है। इसे किडनी फेलियर की कंडीशन कहा जाता है। इस स्थिति में दोनों किडनी काम करना बंद कर देती हैं। ऐसे में डायलिसिस की जरूरत पड़ती है। इस प्रोसेस में मशीन की सहायता से बॉडी से वेस्ट बाहर निकाला जाता है। डायलिसिस शुरू होने के बाद हर दो दिन में इसे करवाना जरूरी होता है। ऐसे में मरीजों को डाइट पर खास ध्यान देने की सलाह दी जाती है। डायलिसिस के मरीजों को सप्ताह भर कैसे डाइट लेनी चाहिए। इस बारे में हम जानेंगे बीमारी और डाइट सीरीज में। इस सीरीज में हम एक्सपर्ट्स की सलाह से हर बीमारी के लिए डाइट प्लान शेयर करते हैं। आज इस लेख में हम गुरुग्राम के मैरिंगो एशिया हॉस्पिटल से डायटेटिक्स की हेड न्यूट्रिशनिस्ट डॉ नीति शर्मा से जानेंगे डायलिसिस के मरीजों को क्या डाइट फॉलो करनी चाहिए।
डायलिसिस के मरीजों के लिए 7 दिनों का डाइट प्लान- Weekly Diet Plan For Dialysis Patients
पहला दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में हल्के मिर्च मसालों से बने 2 मूंग दाल चीले ले सकते हैं। इसके साथ पुदिने की चटनी ले सकते हैं। इसके साथ बिना दूध वाली अदरक की चाय भी ले सकते हैं।
लंच में क्या खाएं?
मिड मॉर्निंग स्नैक्स में एक सेब खा सकते हैं। लंच में अरहर की दाल के साथ चावल ले सकते हैं। दाल में पानी ज्यादा डालकर बनाएं।
डिनर में क्या खाएं?
शाम के स्नैक्स में भूने हुए मखाने खा सकते हैं। रात के खाने में स्टिर फ्राई लौकी की सब्जी खा सकते हैं। इसके साथ थोड़ा दही भी खा सकते हैं। डिनर में पनीर भुर्जी के साथ रोटी भी खा सकते हैं। इसके साथ उबली गाजर और बीन्स का सलाद भी ले सकते हैं।
दूसरा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में आप सूजी उपमा खा सकते हैं। इसमें कई सारी सब्जियां उबालकर जरूर डालें। इसके साथ आप नारियल पानी पी सकते हैं।
लंच में क्या खाएं?
लंच से पहले भूख लगने पर आप थोड़े से बादाम खा सकते हैं। लंच में पालक दाल के साथ जीरा राइस खा सकते हैं। इसके साथ आप थोड़ा दही भी ले सकते हैं।
डिनर में क्या खाएं?
शाम में भूख लगने पर आप हल्के नमक वाला पोहा खा सकते हैं। डिनर में लौकी की सब्जी के साथ रोटी खा सकते हैं। इसके साथ थोड़ा-सा खीरे का सलाद जरूर लें।
इसे भी पढ़ें- किडनी ट्रांसप्लांट से पहले कौन-कौन से टेस्ट जरूरी होते हैं? डॉक्टर से जानें
तीसरा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में आप हरे धनिये की चटनी के साथ बेसन चीला खा सकते हैं। इसके साथ कोई हर्बल चाय जरूर पिएं।
लंच में क्या खाएं?
लंच में आप कद्दु की सब्जी के साथ चावल खा सकते हैं। इसके साथ अरहर की दाल भी ले सकते हैं। साथ में दही भी जरूर खाएं।
डिनर में क्या खाएं?
शाम में भूख लगने पर मुर्मुरे के साथ मूंगफली खा सकते हैं। डिनर में पनीर और शिमला मिर्च की सब्जी से रोटी खा सकते हैं। इसके साथ गाजर और खीरे का सलाद खा सकते हैं।
चौथा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में आप ओट्स खिचड़ी बनाकर खा सकते हैं। मिठास के लिए इसमें गुड़ एड कर सकते हैं। इसमें एक केला भी जरूर मिलाएं।
लंच में क्या खाएं?
मिड मॉर्निंग स्नैक्स में थोड़े से अखरोट खा सकते हैं। लंच में अरहर की दाल के साथ चावल खा सकते हैं। इसके साथ टिंडे की सब्जी और थोड़ा दही ले सकते हैं।
डिनर में क्या खाएं?
शाम में भूख लगने पर जीरे के साथ भूने हुए मखाने खा सकते हैं। रात के खाने में कद्दु की सब्जी के साथ रोटी खाएं। इसके साथ उबला हुआ सलाद जरूर लें।
इसे भी पढ़ें- किडनी सिकुड़ने का इलाज क्या है? जानें डॉक्टर से
पांचवा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में उबली हुई सब्जी से बना पोहा खा सकते हैं। इसके साथ छाछ जरूर पिएं।
लंच में क्या खाएं?
मिड मॉर्निंग स्नैक्स में भूने हुए चने खा सकते हैं। लंच में लौकी दाल के साथ चावल खा सकते हैं। इसके साथ भूनी हुई गाजर और बीन्स की सब्जी जरूर खाएं।
डिनर में क्या खाएं?
डिनर में मटर पनीर की सब्जी के साथ रोटी खाएं। इसके साथ गाजर और खीरे का सलाद जरूर खाएं।
छठा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में रागी डोसा के साथ नारियल चटनी खाएं। इसके साथ आप हर्बल टी ले सकते हैं।
लंच में क्या खाएं?
लंच में लेमन राइस के साथ आलू की सब्जी खाएं। इसके साथ दही भी खा सकते हैं।
डिनर में क्या खाएं?
डिनर में बैगन भरता के साथ रोटी खा सकते हैं। इसके साथ खीरे का रायता खाएं।
सांतवा दिन
नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में इडली के साथ नारियल की चटनी लीजिए। इसके साथ एक गिलास छाछ पिएं।
लंच में क्या खाएं?
लंच में दाल खिचड़ी के साथ लौकी की सब्जी खा सकते हैं। इसके साथ दही जरूर खाएं
डिनर में क्या खाएं?
डिनर में आलू गोभी की सब्जी के लिए साथ रोटी खाएं। इसके साथ थोड़ा सा सलाद जरूर लें।
बीमारी और डाइट सीरीज में आज हमने डायलिसिस के मरीजों के लिए डाइट प्लेन जाना। इस लेख में हमने आपको बेसिक डाइट प्लान शेयर किया है। मरीज की सेहत के मुताबिक ये अलग भी हो सकता है। इसलिए इस डाइट प्लान को फॉलो करने से पहले एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें।