Doctor Verified

बीमारी और डाइट: गैस्ट्राइटिस की समस्या में फॉलो करें ये 7 दिनों का डाइट प्लान

गैस्ट्राइटिस की समस्या से जल्द राहत पाने के लिए डाइट पर ध्यान देना जरूरी है। जानें इसके लिए आपको सप्ताह भर कैसी डाइट लेनी चाहिए।
  • SHARE
  • FOLLOW
बीमारी और डाइट: गैस्ट्राइटिस की समस्या में फॉलो करें ये 7 दिनों का डाइट प्लान


Diet Plan To Deal With Gastritis: पाचन से जुड़ी कोई भी समस्या होने पर आपकी दिनचर्या पूरी तरह बिगड़ सकती है। अगर समय रहते इन समस्याओं पर काम न किया जाए, तो ये किसी बड़ी बीमारी का रूप भी ले सकती हैं। गैस्ट्राइटिस पाचन संबंधित ऐसी ही समस्याओं में से एक है। गैस्ट्राइटिस की समस्या में पेट की परत पर सूजन आ जाती है। इस कारण पेट में दर्द और जलन होने लगती है। दरअसल, यह समस्या पेट में अल्सर पैदा करने वाले बैक्टीरिया की वजह से होती है। लंबे समय तक इस पर काम न किया जाए, तो इससे पेट में अल्सर और कैंसर जैसी संभावनाएं भी हो सकती हैं। इस समस्या में पेट में सूजन, पेट में जलन या दर्द, खट्टी डकार, भूख न लगना, मल का काला आना, उल्टी और मितली जैसे लक्षण नजर आने लगते हैं। शुरुआत में स्थिति एक्यूट गैस्ट्राइटिस की होती है। लेकिन अगर समय पर इलाज और डाइट फॉलो न की जाए, तो यह क्रोनिक गैस्ट्राइटिस भी बन सकता है। ऐसे में इसका इलाज बहुत लंबे समय तक चलता है। गैस्ट्राइटिस को कंट्रोल करने के लिए सही डाइट फॉलो करना बहुत जरूरी है। इसमें क्या डाइट लेनी चाहिए और क्या अवॉइड करना चाहिए इस बारे में जानेंगे बीमारी और डाइट सीरीज में। इस सीरीज में हम डॉक्टर्स और डायटिशियन की मदद से अलग-अलग बीमारियों के इलाज के लिए डाइट प्लान शेयर करते हैं। सीरीज के इस लेख में आज हम गैस्ट्राइटिस की समस्या के लिए वीकली डाइट प्लान शेयर कर रहे हैं। फरीदाबाद के मेट्रो हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी (Gastroenterology) के डॉयरेक्टर डॉ विशाल खुराना ने हमसे यह डाइट प्लान शेयर किया है।

inside-gastritis-diet-plan

गैस्ट्राइटिस के लिए सप्ताह भर कैसी डाइट लेनी चाहिए? Weekly Diet Plan To Deal With Gastritis Problem

पहला दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

नाश्ते में आप ओटमील बनाकर खा सकते हैं। इसमें नॉर्मल दूध की जगह बादाम का दूध इस्तेमाल करें। इसके साथ ही केला और शहद भी मिलाएं।

लंच में क्या खाएं?

मिड मॉर्निंग स्नैक्स में आप एक मुट्ठी भीगे हुए बादाम खा सकते हैं। बादाम का छिलका उतारकर खाएं। लंच में आप किसी सब्जी के साथ सलाद और चावल खा सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

शाम के दौरान आप पपीता या सेब खा सकते हैं। डिनर में आप सूप या मूंग दाल की खिचड़ी ले सकते हैं।

दूसरा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

नाश्ते में आप टोस्ट और अंडे खा सकते हैं। इसके अलावा आप वेजिटेबल पोहा भी खा सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?

लंच में क्विनोआ के साथ मिक्स सब्जी खा सकते हैं। ध्यान रखें कि इसमें आप गर्म मसाले और टमाटर का इस्तेमाल न करें।

डिनर में क्या खाएं?

शाम के स्नैक्स में आप कोई फल खा सकते हैं। डिनर में दाल का सूप पी सकते हैं। इसके साथ आप पालक की सब्जी और ब्राउन राइस भी ले सकते हैं।

तीसरा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

नाश्ते में आप केला, पालक और नारियल के दूध से बनी स्मूदी पी सकते हैं। इसके सेवन से आपको काफी देर तक भूख नहीं लगेगी। मिड मॉर्निंग स्नैक्स में आप भीगे हुए कुछ अखरोट खा सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?

लंच में आप खिचड़ी के साथ उबली सब्जियां खा सकते हैं। इसमें आप मूंग की दाल और ब्राउन राइस भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

शाम के स्नैक्स में आप सेब खा सकते हैं। डिनर में शकरकंदी के साथ उबली ब्रोकली खा सकते हैं।

इसे भी पढ़ें- बीमारी और डाइट: किडनी से जुड़ी कोई भी बीमारी है, तो अपनाएं 7 दिनों का ये किडनी फ्रैंडली डाइट प्लान

चौथा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?
नाश्ते में आप दूध का दलिया शहद डालकर खा सकते हैं। इसके अलावा वेजिटेबल उपमा भी चुन सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?
मिड मॉर्निंग स्नैक्स में कोई भी फल ले सकते हैं। लंच में बिना लहसुन और प्याज वाली कोई भी सब्जी खा सकते हैं। इसके साथ रोटी और छाछ ले सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

डिनर में वेजिटेबल सूप के साथ उबले हुए सफेद चने खा सकते हैं।

पांचवा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

ब्रेकफास्ट में केला और बादाम दूध से बनी ओटमील स्मूदी ले सकते हैं। मिड मॉर्निंग स्नैक्स में सेब खा सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?
लंच में आप बाजरे की खिचड़ी के साथ ग्रील्ड पनीर खा सकते हैं। अगर आप नॉन वेज खाते हैं तो ग्रील्ड चिकन भी खा सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

शाम के दौरान आप पपीता खा सकते हैं। डिनर में कद्दु का सूप बनाकर पी सकते हैं। इसके साथ आप सलाद भी खा सकते हैं।

छठा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

नाश्ते में आप वेजिटेबल पोहा या उपमा खा सकते हैं। इससे कम मसालों के साथ बनाएं। मिड मॉर्निंग स्नैक्स में आप एक गिलास नारियल पानी पी सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?
लंच में आप किसी सब्जी के साथ मूंग दाल की खिचड़ी खा सकते हैं। इसके साथ सलाद भी खा सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

डिनर में सूप या जुकीनी की सब्जी खा सकते हैं। डिनर हल्का ही रखें जिससे पचने में आसानी हो।

इसे भी पढ़ें- बीमारी और डाइट: हाइपरथायराइडिज्म के रोगी फॉलो करें 7 दिनों का ये खास डाइट प्लान, कंट्रोल रहेंगे हार्मोन्

सांतवा दिन

नाश्ते में क्या खाएं?

नाश्ते में आप इडली के साथ नारियल की चटनी और सांभर ले सकते हैं। मिड मॉर्निंग स्नैक्स में आप कोई भी फल खा सकते हैं।

लंच में क्या खाएं?

लंच में ब्राउन राइस के साथ कोई भी हल्के मसाले की सब्जी खा सकते हैं। इसके साथ आप छाछ और दही भी ले सकते हैं।

डिनर में क्या खाएं?

डिनर में आप दाल या सब्जियों से बना सूप पी सकते हैं। इसके साथ सलाद भी खा सकते हैं।

इन बातों का रखें ध्यान

  • अपनी डाइट में नमक और चीनी दोनों के सेवन पर कंट्रोल रखें।
  • अपनी डाइट को तीन मील में रखने के बजाय 5 से 6 मील में रखें। अपनी डाइट को छोटे-छोटे मील में प्लान करें। इससे पाचन तंत्र पर दवाब नहीं बढ़ेगा और पेट में एसिड प्रोडक्शन नहीं बढ़ेगा।
  • अपनी डाइट में मसालेदार, एसिडिट, फैटी फूड, कैफीन और कार्बोनिक ड्रिंक अवॉइड करें। क्योंकि इन चीजों के सेवन से परेशानी बढ़ सकती है।
  • डाइट में नारियल पानी, हर्बल चाय जैसे कैमोमाइल और ग्रीन टी शामिल करें। इनसे बॉडी में हाइड्रेशन मेंटेन रहेगी।

इस तरह से गैस्ट्राइटिस की समस्या वाले अपनी सप्ताह भर की डाइट प्लान कर सकते हैं। यह बेसिक डाइट प्लान है जो गैस्ट्राइटिस की समस्या में फायदेमंद हो सकता है। लेकिन अगर आपकी समस्या ज्यादा है, तो आपको डॉक्टर से सलाह लेकर ही इस डाइट प्लान को फॉलो करना चाहिए। इस सीरीज में हम हर बीमारी के लिए डाइट प्लान शेयर करते रहते हैं। जिससे आपको सही डाइट फॉलो करने और बीमारी को कंट्रोल करने में मदद मिल सके।

 

 

Read Next

रोज खाना खाने के बाद पिएं हींग का पानी, सेहत को मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे

Disclaimer