Benefits to Mix Cooked Curry Leaves and Onion Mixture in Mustard Oil for Hair : बालों के झड़ने और डैंड्रफ की समस्या का सामना महिलाएं और पुरुष दोनों ही करते हैं। बालों की समस्याएं आमतौर पर किसी भी मौसम में हो सकती है। इन समस्याओं से बचने के लिए लोग कई तरह के हेयर केयर प्रोडक्ट्स और ट्रीटमेंट का इस्तेमाल करते हैं। इसके बाद भी उन्हें मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पाता है। अगर आप भी बालों से जुड़ी समस्याओं का सामना कर रहे हैं और महंगे ट्रीटमेंट करवाने के बाद भी मनचाहा रिजल्ट नहीं मिल पा रहा है, तो आपको नेचुरल रेमेडीज को अपनाना चाहिए। इससे बालों को कई तरह की समस्याओं से बचाया जा सकता है। ऐसे में आप सरसों के तेल में करी पत्ते और प्याज को पका सकते हैं। हमें इस बेहतरीन आयुर्वेदिक नुस्खे के बारे में Dr. Hitendra Singh Gautam B.A.M.S. (D.U.) ने बताया है। आइए इस कॉम्बिनेशन से बालों को होने वाले फायदों के बारे में डॉक्टर से जानते हैं।
सरसों के तेल, प्याज और करी पत्ती का इस्तेमाल कैसे करें?
इसके लिए आपको एक पैन में सरसों के तेल को गर्म करना है। इसमें कटी हुई प्याज और करी पत्ते को डालकर अच्छी तरह से पका लें। इस तेल को आपको तब तक चलाना है, जब तक इसका रंग काला नहीं हो जाता है। अब इसे ठंडा होने दें एयर बालों की स्कैल्प से लेंथ तक लगाएं। ध्यान रखें कि आपको इसे 1-2 घंटे के लिए बालों में लगे रहने देना है। इसके बाद बालों को शैम्पू से धोकर साफ कर लें। आइए अब इस तेल से बालों को होने वाले फायदों के बारे में जानते हैं:
सरसों का तेल बालों के लिए फायदेमंद
जी हां, सरसों का तेल बालों के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इससे बाल झड़ने की समस्या से बचा जा सकता है। दरअसल, सरसों के तेल में ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इस तेल में विटामिन-ई और एंटी-ऑक्सीडेंट अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। सरसों का तेल बालों को जड़ों से मजबूत करने का काम करता है। इससे बाल पतले नहीं होते हैं।
इसे भी पढ़ें- हेयर फॉल कंट्रोल के लिए सरसों के तेल में मिक्स करें प्याज और लौंग, बाल होंगे मजबूत
प्याज बालों के लिए फायदेमंद
प्याज बालों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होता है। बाजार में मिलने वाले कई हेयर केयर प्रोडक्ट्स में प्याज का इस्तेमाल किया जाता है। प्याज में सल्फर, एंटी-ऑक्सीडेंट्स, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल गुण होते हैं। इनसे बालों की जड़ें मजबूत होती हैं। प्याज की मदद से बालों का झड़ना कम होता है और यह घने दिखने लगते हैं।
करी पत्ता बालों के लिए फायदेमंद
करी पत्ता भी बालों के लिए गुणकारी साबित होता है। इसमें विटामिन-बी, विटामिन-सी, प्रोटीन और कई एंटी-ऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में होते हैं। करी पत्ते की मदद से आप बालों को लंबा, घना और मजबूत बना सकते हैं।
सरसों तेल, प्याज और करी पत्ते साथ में इस्तेमाल करने के फायदे
जैसा हमने आपको बताया कि सरसों के तेल, प्याज और करी पत्ते को साथ में इस्तेमाल करने से बालों को कई फायदे होते हैं। अब हम जानेंगे कि इन तीनों चीजों को साथ मिलाकर लगाने से क्या-क्या फायदे होते हैं?
- बालों का झड़ना कम होता है
- बाल मजबूत होते हैं
- बाल का पतलापन कम होता है
- डैंड्रफ से छुटकारा मिलता है
- सिर की खुजली कम हो जाती है
- बाल नेचुरली काले दिखाई देते हैं
- बालों की ग्रोथ होती है
इसे भी पढ़ें- सर्दियोंं में नहाने के बाद सरसों के तेल से मसाज करने से क्या फायदे मिलते हैं, डॉक्टर से जानें
कुल मिलाकर, इस तेल को लगाने से बालों को बहुत फायदा हो सकता है। आप चाहें, तो सरसों तेल, प्याज और करी पत्ते के कॉम्बिनेशन का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर या संबंधित एक्सपर्ट की सलाह भी ले सकते हैं। आमतौर पर, इससे बालों को कोई नुकसान नहीं होता है। आप इस असरदार तरीके का इस्तेमाल कर सकते हैं।