Benefits of Music For Mental Health: अगर आपको संगीत सुनना पसंद है, तो आपके लिए एक अच्छी खबर है। एक स्टडी से पता चलता है कि म्यूजिक सुनकर आप तनाव और एंग्जाइटी को कम कर सकते हैं। मेंटल हेल्थ के साथ-साथ शारीरिक दर्द को कम करने के लिए भी संगीत सुनना फायदेमंद होता है। हालांकि घंटों तक हेडफोन लगाकर गाने सुनने की आदत सही नहीं है, लेकिन कुछ देर संगीत सुनकर आप तनाव को दूर कर सकते हैं। 1 अक्टूबर को हर साल अंतर्राष्ट्रीय संगीत दिवस (International Music Day 2024) मनाया जाता है। इसे आधिकारिक तौर पर 1 अक्टूबर 1975 को घोषित किया गया था। ओनलीमायहेल्थ इस मौके पर आपको बताने जा रहा है कि कैसे संगीत न सिर्फ मनोरंजन का साधन है बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद होता है। इस लेख में जानेंगे सेहत के लिए संगीत सुनने के फायदे। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के बोधिट्री इंडिया सेंटर की काउन्सलिंग साइकोलॉजिस्ट डॉ नेहा आनंद से बात की।
मरीजों को मिली म्यूजिक रिकवरी: स्टडी
ऑस्ट्रेलिया की मेलबर्न यूनीवर्सिटी में शोधकर्ताओं ने एक शोध किया जिसमें ऐसे वयस्कों को शामिल किया गया, जो मेंटल हेल्थ रिकवरी की प्रक्रिया से गुजर रहे थे। इस शोध में 23 लोगों ने हिस्सा लिया। इस शोध में शोधकर्ताओं ने एक नया टर्म निकाला जिसे म्यूजिकल रिकवरी का नाम दिया गया। इस शोध में यह बताया कि जो लोग मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं से जूझ रहे थे, उन्हें संगीत के जरिए अपनी तकलीफ को कम करने में मदद मिली।
इसे भी पढ़ें- तनाव कम करने के लिए फायदेमंद है म्यूजिक, जानें कब और कैसे म्यूजिक सुनना होता है ज्यादा फायदेमंद
म्यूजिक की मदद से दूर करें तनाव- Benefits of Music For Mental Health
मेंटल हेल्थ के लिए म्यूजिक सुनने के कई फायदे हैं, जो वैज्ञानिक अध्ययनों द्वारा बताए गए हैं-
- संगीत सुनने से स्ट्रेस हार्मोन (जैसे कोर्टिसोल) का स्तर कम होता है। इससे व्यक्ति को आराम महसूस होता है। यह चिंता को भी कम करने में मदद करता है।
- हाई एनर्जी संगीत सुनने से एंडोर्फिन का स्तर बढ़ता है, जिससे व्यक्ति का मूड बेहतर होता है और डिप्रेशन के लक्षण (Depression Symptoms) कम होते हैं।
- म्यूजिक, खासकर मन को शांत कर देने वाली धुनें, ध्यान और फोकस में सुधार कर सकती हैं। यह काम के लिए एक सकारात्मक वातावरण बनाने में मदद करती हैं।
- शांत और धीमे संगीत को सुनने से नींद में सुधार होता है। इससे अनिद्रा और नींद संबंधी अन्य समस्याओं में राहत मिलती है।
- म्यूजिक थेरपी (Music Therapy) का इस्तेमाल मानसिक स्वास्थ्य के इलाज में किया जाता है। यह तनाव, एंग्जाइटी और अन्य मानसिक स्वास्थ्य विकारों के उपचार में प्रभावी हो सकता है।
शरीर के लिए पेनकिलर का काम करता है संगीत- Benefits of Music For Pain Relief
कई स्टडी में यह पता चला है कि म्यूजिक की मदद से शरीर में एंडोर्फिन हार्मोन रिलीज होता है जिसे हैप्पी हार्मोन भी कहा जाता है। शारीरिक दर्द को कम करने के लिए संगीत एक अच्छा माध्यम हो सकता है। मेरी मुलाकात एक प्रसिद्ध टीवी शो के दौरान, कनाडा से आए एक कैंसर के मरीज से हुई। उन्होंने मेरे साथ अपना अनुभव शेयर किया जब उन्होंने कीमोथेरेपी के दौरान, सिर्फ क्लासिकल म्यूजिक सुनकर दर्द पर विजय पाई थी। डॉक्टर्स भी ऐसा मानते हैं कि संगीत सुनने से मरीज का ध्यान उसकी ओर जाता है और वे अपना दर्द कुछ हद तक भूल जाते हैं।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।
Study Link: https://www.tandfonline.com/doi/full/10.1080/08098131.2018.1432676