Ragi Upma Benefits And Recipe In Hindi: रागी एक पौष्टिक और ग्लूटेन-फ्री अनाज है। यह स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद होता है। रागी में विटामिन-सी, विटामिन-ई, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, आयरन और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो शरीर को कई लाभ पहुंचाते हैं। रागी का सेवन कई तरीकों से किया जाता है। कई लोग रागी की रोटी खाना पसंद करते हैं। तो, कुछ लोग रागी का डोसा या खिचड़ी बनाकर खाते हैं। अगर आप ब्रेकफास्ट में कुछ हेल्दी और टेस्टी खाना चाहते हैं, तो रागी उपमा की रेसिपी ट्राई कर सकते हैं। इसे बनाना जितना आसान है, उतना ही यह सेहत के लिए फायदेमंद भी है। रागी उपमा खाने से पाचन तंत्र दुरुस्त होता है और वजन घटाने में भी मदद मिलती है। नियमित रूप से इसका सेवन करने से शरीर की कई समस्याएं दूर हो सकती हैं। तो आइए, इस लेख में डाइट्रीफिट की डाइटिशियन अबरना मैथ्यूवनन से जानते हैं रागी उपमा खाने के फायदे और इसकी आसान रेसिपी -
रागी उपमा खाने के फायदे - Ragi Upma Benefits In Hindi
पाचन के लिए फायदेमंद
रागी खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पचाने में भी आसान होता है। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन क्रिया को सुधारने का काम करता है। इसे खाने से पाचन-तंत्र स्वस्थ रहता है और पेट से जुड़ी समस्याओं से छुटकारा मिल सकता है। इसके सेवन से अपच और कब्ज की समस्या से राहत मिल सकती है।
प्रोटीन से भरपूर
शरीर को स्वस्थ रखने के लिए प्रोटीन एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है। रागी में भरपूर मात्रा में प्रोटीन होता है, इसलिए इसका सेवन सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। मांसपेशियों और हड्डियों को मजबूत बनाने और उनके विकास के लिए प्रोटीन बहुत जरूरी होता है। सुबह नाश्ते में रागी उपमा खाने से आपको ऊर्जा मिलेगी और आप दिनभर एक्टिव महसूस करेंगे।
वजन घटाने में मददगार
अगर आप मोटापे से परेशान हैं और वजन घटाना चाहते हैं, तो रागी उपमा का सेवन कर सकते हैं। इसमें मौजूद फाइबर पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। इसे खाने से आपको बार-बार भूख नहीं लगती है, जिससे आप ओवरईटिंग से बच सकते हैं। इस तरह यह आपकी वेट लॉस जर्नी को आसान बनाने में मददगार साबित हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: मोटापा दूर करना चाहते हैं तो डाइट में शामिल करें मखाना डोसा, जानें आसान रेसिपी
दिल को रखे हेल्दी
रागी उपमा का सेवन ह्रदय स्वास्थ्य के लिए भी लाभकारी होता है। दरअसल, रागी में आयरन और मैग्नीशियम जैसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो ह्रदय रोगों के जोखिम को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके सेवन से कोलेस्ट्रॉल और ब्लड प्रेशर नियंत्रित रहता है, जिसकी वजह से हार्ट अटैक जैसी बीमारियों से बचाव में मदद मिलती है।
ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रखे
रागी उपमा डायबिटीज के मरीजों के लिए एक हेल्दी ब्रेकफास्ट ऑप्शन साबित हो सकता है। दरअसल, इसमें फाइबर होता है, जो शरीर में इंसुलिन स्पाइक को रोकता है। इसे खाने से ब्लड शुगर लेवल नियंत्रित रहता है, जिससे डायबिटीज में फायदा होता है।
रागी उपमा बनाने का तरीका - Ragi Upma Recipe In Hindi
सामग्री
1 कप रागी का आटा
1/2 चम्मच राई
1/2 चम्मच जीरा
1/2 चम्मच उड़द दाल
1/2 चम्मच चना दाल
एक चुटकी हींग
1 बारीक कटा प्याज
1 बारीक कटा टमाटर
1 बारीक कटी गाजर
1 बारीक कटी शिमला मिर्च
1-2 बारीक कटी हरी मिर्च
1/2 इंच अदरक का टुकड़ा
1 चम्मच करी पत्ता
1 चम्मच तेल
स्वादानुसार नमक
बारीक कटी हरा धनिया
1 चम्मच नींबू का रस
इसे भी पढ़ें: नाश्ते में खाएं प्रोटीन से भरपूर सोया पोहा, वेट लॉस के साथ मिलेंगे कई अन्य फायदे
विधि
- सबसे पहले एक पैन में रागी के आटे को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक भून लें।
- अब एक दूसरे पैन में तेल गर्म करें। इसमें जीरा, राई, उड़द दाल और चना दाल डालकर थोड़ी देर भूनें।
- फिर इसमें हींग, कद्दूकस किया हुआ अदरक, हरी मिर्च और करी पत्ता डालें। इन्हें एक मिनट तक के लिए भून लें।
- अब इसमें कटा हुआ प्याज डालकर भून लें।
- फिर इसमें टमाटर, गाजर और शिमला मिर्च डालकर कुछ मिनट तक पकाएं।
- जब सब्जियां थोड़ी नर्म हो जाएं, तो इसमें 2 कप पानी डालें और स्वादानुसार नमक डालें।
- जब पानी उबलने लगे, तो आंच धीमी कर दें।
- अब इसमें भुने हुए रागी के आटे को डालें और लगातार चलाते हुए मिलाएं।
- इस मिश्रण को धीमी आंच पर 3-4 मिनट तक पकाएं। उसके बाद गैस बंद कर लें।
- अब इसमें थोड़ा सा नींबू का रस मिलाकर गरमागरम सर्व करें।