लहसुन और शहद दोनों ही सुपरफूड हैं। ये दोनों चीजें पोषक-तत्वों से भरपूर होती हैं और आपको कई तरह की समस्याओं से बचा सकती हैं। लहसुन में विटामिन-ए, बी, सी, ई, के, नियासिन, फोलेट, सेलेनियम, पोटैशियम, कैल्शियम और आयरन जैसे पोषक-तत्व होते हैं। वहीं, शहद में विटामिन-ए, बी, सी, नियासिन, कैल्शियम, तांबा, लोहा, मैग्नीशियम और एंटी-ऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इन दोनों ही चीजों के सेवन से आप खुद को कई गंभीर समस्याओं से बचा सकते हैं, लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि लहसुन और शहद का साथ में सेवन करने से शरीर पर कैसा असर होता है? अगर नहीं, तो आज के इस आर्टिकल में हम आपको रात में सोने से पहले इस कॉम्बिनेशन का सेवन करने से होने वाले फायदों के बारे में विस्तार से बताएंगे। बता दें कि इन लाभों की जानकारी हमें न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन सोनिया नारंग के इंस्टाग्राम वीडियो से मिली है। इस वीडियो में उन्होंने लहसुन और शहद का सेवन करने का तरीका और इससे होने वाले फायदे बताए हैं।
कैसे करें लहसुन और शहद का सेवन?
इसके लिए आपको रात में सोने से कुछ देर पहले कच्चे लहसुन की एक कली लेनी है। इस लहसुन को दबाकर तोड़ लें। अब लहसुन में शहद की कुछ बूंदें मिलाकर पानी के साथ खा लें। इस कॉम्बिनेशन से शरीर को बहुत फायदा होगा।
लहसुन और शहद खाने से शरीर को कई लाभ होते हैं
गट हेल्थ को होगा फायदा
रात में सोने से पहले लहसुन और शहद का सेवन करने से गट हेल्थ को फायदा होता है। यह कॉम्बिनेशन पाचन-तंत्र के लिए फायदेमंद है। इससे पेट से जुड़ी कई समस्याओं से बचा जा सकता है। लहसुन और शहद का यह कॉम्बिनेशन पेट में दर्द, गैस, अपच, कब्ज और एसिडिटी जैसी समस्याओं से बचाता है।
स्किन के लिए है फायदेमंद
जैसा हमने आपको बताया कि इस कॉम्बिनेशन में एंटी-ऑक्सीडेंट्स की अच्छी मात्रा पाई जाती है। इससे शरीर में मौजूद जहरीले पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। यह खून को साफ करता है, जिससे स्किन में नेचुरल ग्लो आता है। यह कॉम्बिनेशन स्किन से जुड़ी कई समस्याओं से बचाव कर सकता है।
इसे भी पढ़ें- स्किन को ग्लोइंग बनाने के लिए रोजाना पिएं ये स्पेशल ड्रिंक, झुर्रियों से भी मिलेगा छुटकारा
कोलेस्ट्रॉल होता है कंट्रोल
लहसुन और शहद का कॉम्बिनेशन खाने से कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल किया जा सकता है। इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट और अन्य पोषक-तत्व बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करते हैं। इससे हार्ट हेल्थ को भी फायदा होता है।
सूजन होती है कम
लहसुन और शहद को साथ खाने से सूजन की समस्या से बचा जा सकता है। इस कॉम्बिनेशन में एंटी-इंफ्लेमेटरी प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं। इससे अर्थराइटिस और सूजन की समस्या को कम किया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें- चीनी खाने से शरीर में सूजन होती है? जानें इंफ्लेमेशन से जुड़े ऐसे ही 4 मिथकों की सच्चाई
इम्यूनिटी होती है बूस्ट
रात को सोने से पहले लहसुन और शहद का कॉम्बिनेशन खाने से आप खुद को कई मौसमी बीमारियों और संक्रमणों से बचा सकते हैं। इस कॉम्बिनेशन में एंटीबायोटिक, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-फंगल प्रॉपर्टीज पाई जाती हैं। इससे इम्यून सिस्टम मजबूत होता है और आप कम बीमार पड़ते हैं।
ये लोग न करें लहसुन और शहद का सेवन
लहसुन और शहद का कॉम्बिनेशन शरीर के लिए बहुत फायदेमंद होता है। इसके बाद भी कुछ स्थितियां ऐसी हैं, जिनमें इस कॉम्बिनेशन का सेवन करने से बचना चाहिए। न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, अगर आप खून पतला करने वाली दवा ले रहे हैं या किसी खून से जुड़ी समस्या का सामना कर रहे हैं, तो इस कॉम्बिनेशन का सेवन न करें। अगर आपको लहसुन और शहद खाकर कुछ एलर्जिक रिएक्शन महसूस हो रहा है, तो तुरंत डॉक्टर के पास जाएं।
View this post on Instagram
बता दें कि लहसुन और शहद का यह कॉम्बिनेशन वजन घटाने में भी मदद करता है। ऐसा कहा जाता है कि कच्चे लहसुन में पके हुए लहसुन के मुकाबले ज्यादा पोषक-तत्व पाए जाते हैं। इससे मेटाबॉलिज्म प्रोसेस बूस्ट होती है और शरीर में जमा एक्स्ट्रा फैट घटने लगता है। यह कॉम्बिनेशन बहुत गुणकारी है, लेकिन फिर भी आपको ज्यादा मात्रा में इसका सेवन करने से बचना चाहिए।