
शिशुओं के दांत निकलने का समय माता-पिता के लिए उत्सुकता और थोड़ी चिंता भरा होता है। इस दौरान कई सवाल माता-पिता के मन में उठते हैं, जैसे दांत निकलने में कितना समय लगेगा, इसके लक्षण क्या होते हैं और क्या बच्चे को दवाएं देनी चाहिए। आमतौर पर शिशु के पहले दांत चार से सात महीने के बीच निकलने शुरू होते हैं, लेकिन यह उम्र हर बच्चे में अलग हो सकती है। इस प्रक्रिया के दौरान शिशु के मसूड़े सेंसिटिव हो जाते हैं और इससे वे असहज महसूस कर सकते हैं। इसके साथ ही, शिशु इस समय अधिक चिड़चिड़े हो सकते हैं। दांत निकलने के दौरान शिशुओं में हल्का बुखार, मुंह में खुजली और बार-बार मुंह में चीजें डालने की आदत जैसे लक्षण दिख सकते हैं। सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर और पीडियाट्रिशन डॉ. माधवी भारद्वाज ने माता-पिता के ऐसे सवालों का जवाब देकर उनकी चिंताओं को दूर करने का प्रयास किया है।
शिशुओं के दांत निकलने के दौरान माता-पिता के सामान्य सवाल और उनके उत्तर
1. मेरे बच्चा चार महीने का हो गया है, लेकिन अभी तक दांत नहीं आए हैं।
जवाब- दांत आने का समय हर बच्चे में अलग होता है। डॉ. माधवी के अनुसार, बच्चों के दांत चार महीने से लेकर 15 महीने की उम्र में कभी भी आ सकते हैं। इसलिए, अगर आपका बच्चा अभी तक दांत नहीं निकाल पाया है, तो चिंता की कोई बात नहीं है। दांत निकलने का समय आनुवांशिक भी हो सकता है और अगर बच्चा अपने माइलस्टोन पूरे कर रहा है, तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है।
इसे भी पढ़ें: मां का व्यवहार शिशु के विकास पर कैसे असर डालता है? जानें एक्सपर्ट से
2. क्या बच्चे को दवाएं देनी चाहिए?
जवाब- कई माता-पिता यह सोचते हैं कि दांत निकलने के दौरान बच्चे को कोई सप्लीमेंट्स या दवाएं दी जानी चाहिए। डॉ. माधवी के अनुसार, अगर बच्चा अपने शारीरिक माइलस्टोन पूरे कर रहा है और स्वास्थ्य में कोई कमी नहीं दिख रही है, तो दवाओं की जरूरत नहीं होती। हालांकि, कई बार डॉक्टर शुरुआती साल में विटामिन डी सप्लीमेंट की सलाह देते हैं, जो कि हड्डियों और दांतों के लिए जरूरी है।
3. क्या दांत निकलने के दौरान बच्चे को बुखार और इंफेक्शन होता है?
जवाब- दांत निकलने के समय बच्चे को हल्का बुखार होना सामान्य हो सकता है, लेकिन अगर बुखार 100°F से अधिक हो जाए, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी होता है। इस दौरान, बच्चे अक्सर अपने मुंह में हाथ डालते हैं, जिससे बैक्टीरिया का संक्रमण हो सकता है। इससे पेट में दिक्कत और पॉटी का रंग बदल सकता है। अगर बच्चे को लगातार पानी जैसी पॉटी होती है, तो यह इंफेक्शन का संकेत हो सकता है, ऐसे में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

इसे भी पढ़ें: नवजात शिशुओं की ये 7 अजीब हरकतें देखकर न लें टेंशन, होते हैं बिलकुल नॉर्मल
4. क्या दांत निकलने की वजह से बच्चे का सिर गर्म रहता है?
जवाब- डॉ. माधवी के अनुसार, दो साल से छोटे बच्चों का सिर गर्म हो सकता है। ऐसा इसलिए, क्योंकि इस उम्र में बच्चे अपने शरीर की गर्मी को ठीक से रेगुलेट नहीं कर पाते हैं। माता-पिता को इसे दांत निकलने से जोड़ने की जरूरत नहीं है, यह शरीर के तापमान रेगुलेशन का हिस्सा है।
5. क्या दांत निकलने के दौरान बच्चा खाना कम कर देता है?
जवाब- दांत निकलते समय, कई बच्चे कुछ समय के लिए खाना कम कर देते हैं। इस समय उनके मसूड़े संवेदनशील होते हैं, जिससे उन्हें चबाने में तकलीफ हो सकती है। डॉ. माधवी ने सुझाव दिया कि आप बच्चे को दही में फल डालकर दे सकते हैं। इससे उन्हें मसूड़ों में आराम महसूस होगा।
निष्कर्ष
शिशुओं के दांत निकलने का समय माता-पिता के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है, लेकिन सही जानकारी और डॉक्टर की सलाह से इसे आसानी से संभाला जा सकता है। दांत निकलने के दौरान नियमित डॉक्टर की सलाह और घरेलू उपचार का प्रयोग करके शिशु को राहत दी जा सकती है।
View this post on Instagram
All Images Credit- Freepik
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
Current Version