आजकल के दिनचर्या के हिसाब से पेट में गैस बनने की समस्या होना बहुत सामान्य सी बात है। आजकल छोटी उम्र के बच्चों में भी गैस की परेशानी हो रही है। इसका सबसे बड़ा कारण पाचन तंत्र का सही से काम न करना है, जो ज्यादातर बच्चों में देखा जाता है। इसके अलावा कुछ उल्टा-सीधा खा लेने के कारण भी पेट में ज्यादा गैस बनने लगती है। गैस छोटी आंत में बनती है और यह अपच की स्थिति में होती है। साथ ही अगर आप सुबह का नाश्ता स्किप करते हैं तो इससे भी गैस बनती है। इससे आपको सीने में जलन और पेट में दर्द महसूस हो सकता है। इसके अलावा अगर आपके पेट में ज्यादा गैस बनती है तो आपको कुछ चीजों का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। इसके बारे में विस्तार से बता रही है द्वारका के आरोग्य डाइट और न्यूट्रीशियन क्लीनिक की डायटीशियन डॉ सुगीता मुटरेजा।
ज्यादा गैस बनती है तो इन चीजों से करें परहेज
1. चाय
बहुत से लोगों को चाय बहुत पसंद होती है। लेकिन खाली पेट में चाय पीने से आपको गैस की शिकायत हो सकती है। साथ ही अगर आपके पेट में ज्यादा गैस बनती है तो, आपको चाय नहीं पीना चाहिए। क्योंकि इससे ज्यादा गैस बन सकती है। इसके अलावा बहुत से लोगों को खाना खाने के बाद चाय पीने की आदत होती है लेकिन अगर आपको गैस की परेशानी है तो, आपको खाने के तुरंत बाद चाय नहीं पीनी चाहिए। इससे शरीर खाने में मौजूद पोषक तत्वों को ठीक से अवशोषित नहीं कर पाता है।
2. छोले
छोले-पूड़ी या छोले-भटूरे खाना ज्यादातर लोगों को पसंद होता है लेकिन छोले खाने से पेट में गैस बनती है। खासकर उनलोगों को छोले नहीं खाना चाहिए, जिनका पाचन तंत्र धीरे कम करता है या कब्ज की समस्या रहती है।
Image Credit- Hari Bhoomi
3. अरबी
अरबी एक बेहद स्वादिष्ट सब्जी होती है। इसे कई तरह से पकाकर खाया जाता है लेकिन इसके सेवन से पेट में गैस बनती है क्योंकि इसकी प्रकृति वायु वर्धक होती है। इसलिए जिन लोगों के पेट में ज्यादा गैस बनती है। उन्हें अरबी की सब्जी कम खानी चाहिए। इसके अलावा अगर आप सब्जी का सेवन कर भी रहे हैं तो, उसके साथ आप अजवाइन का सेवन भी जरूर करें। इससे आपके पेट में गैस कम बनेगी और पेट दर्द भी नहीं होगा।
इसे भी पढ़ें- एसिडिटी की समस्या से हैं परेशान? जानें एसिडिटी होने पर क्या खाएं और क्या ना खाएं
4. राजमा
राजमा चावल का स्वाद हमें बहुत पसंद आता है लेकिन इसके सेवन से आपके पेट में गैस बन सकती है। अगर आपको कब्ज या गैस की ज्यादा समस्या रहती है तो, आपको राजमा का सेवन बिल्कुल नहीं करना चाहिए। दरअसल राजमा शरीर में वायु बढ़ाने का काम करता है और इससे पेट में गैस और भारीपन की समस्या हो सकती है।
Image Credit- Patrika
5. फूलगोभी और शिमला मिर्च
सर्दियों में कई लोगों को फूलगोभी और शिमला मिर्च की सब्जी बहुत पसंद आती है लेकिन ये सब्जियां बादी होती है। इसको आप आसानी से पचा नहीं सकते हैं। ये उनलोगों के लिए नुकसानदायक हो सकती है, जिनके पेट में ज्यादा गैस बनती है। उनके लिए फूलगोभी और शिमला मिर्च जैसी सब्जियां पचाना मुश्किल हो जाता है।
इसे भी पढ़ें- कौन-कौन सी सब्जियां बादी होती हैं? एक्सपर्ट से जानें सर्दी में किन सब्जियों से हो सकती है गैस और अपच की समस्या
6. सलाद
अगर आपको बराबर गैस की परेशानी रहती है तो आपको ज्यादा सलाद नहीं खाना चाहिए क्योंकि सलाद भी एक गैस्ट्रिक फूड है। इसके ज्यादा सेवन से पेट में गैस की समस्या हो सकती है। इसलिए इसका संतुलित या कम मात्रा में सेवन करना चाहिए। सलाद के ऊपर आप काला नमक और अजवाइन डालकर खा सकते हैं।
Image Credit- Health Unbox
7. दूध और ब्रेड
दूध और ब्रेड के सेवन से भी गैस की समस्या हो सकती है। अगर आपके पेट में पहले से ही ज्यादा गैस बनती है तो, गर्म दूध न पीएं। साथ ही ब्रेड का सेवन भी न करें। इससे ज्यादा गैस बनने की आंशका रहती है। अगर आपको मन है तो, आप छाछ पी सकते हैं और इसमें जीरा पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं।
साथ ही आप ज्यादा गैस बनने की स्थिति में उड़द, पालक का पत्ता, डेयरी उत्पाद, कोल्ड ड्रिंक और कुछ बादी सब्जियां नहीं खाना चाहिए। इससे आपकी गैस की समस्या और बढ़ सकती है। साथ ही आप अपने खाने में हींग और अजवाइन का सेवन भी कर सकते हैं। इससे खाने का स्वाद भी बढ़ता है और पेट में कब्ज और अपच की समस्या भी कम होती है। आप सुबह-शाम वॉक पर जरूर जाएं और खाने के बाद तुरंत भरपूर मात्रा में पानी न पीएं। इसके अलावा खाना खाने या कुछ हैवी खाने के बाद तुरंत बेड पर न सोने जाएं। थोड़ी देर चहलकदमी जरूर करें। इससे भोजन को पचाने में मदद मिलती है।