बॉलीवुड एक्टर अजय देवगन आज 50 साल के हो गए हैं। बॉलीवुड का सिंघम कहे जाने वाले अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल 1969 को दिल्ली में हुआ था। अजय पहली बार 1991 में फिल्म 'फूल और कांटे' में नजर आए थे। अपने 27 सालों से ज्यादा लंबे समय के करियर में अजय देवगन ने रोमांटिक, कॉमेडी, देशभक्ति, एक्शन लगभग सभी तरह की फिल्में की हैं। पिछले दिनों जब कॉमेडी फिल्म 'टोटल धमाल' की शूटिंग कर रहे थे, उसी दौरान वो टेनिस एल्बो का शिकार हो गए थे। टेनिस एल्बो के कारण उन्हें असहनीय दर्द का सामना करना पड़ रहा था। महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर और फिल्म अभिनेता अनिल कपूर भी पहले 'टेनिस एल्बो' का शिकार हो चुके हैं। हालांकि दर्द के बावजूद अजय ने इस फिल्म की शूटिंग पूरी की और पिछले दिनों इस मल्टी स्टारर कॉमेडी फिल्म को लोगों ने खूब सराहा।
अजय देवगन ने किया गंभीर दर्द का सामना
अजय देवगन को टेनिस एल्बो की समस्या हुई थी, जिसे लैटरल एपिकॉन्डिलाइटिस भी कहते हैं। इस बीमारी में हाथों में असहनीय दर्द होता है, जिसके कारण व्यक्ति के लिए कोई भी काम करना मुश्किल होता है। आमतौर पर ये बीमारी 30 से 50 साल की उम्र के लोगों को ज्यादा होती है। आइए आपको बताते हैं क्या है टेनिस एल्बो की समस्या और क्या हैं इसके लक्षण।
इसे भी पढ़ें:- कोहनी और हाथ में दर्द हो सकता है टेनिस एल्बो, जानें लक्षण और प्राकृतिक इलाज
टेनिस एल्बो क्यों होता है?
आमतौर पर खिलाड़ियों और एथलीट्स को ये समस्या ज्यादा होती है। फिल्मी अभिनेताओं को भी कई बार एक्शन सीन करते हुए मांसपेशियों में खिंचाव आ जाता है, जिससे टेनिस एल्बो की समस्या हो सकती है। आमतौर पर टेनिस एल्बो की समस्या कोहनी की हड्डी व मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ने के कारण हो सकती है। इस बीमारी में कोहनी में तेज दर्द होता है। कभी-कभी यह दर्द असहनीय हो जाता है और संवेदनशीलता के कारण कोहनी और कलाई में सूजन आ सकती है। टेनिस एल्बो किसी भी व्यक्ति को तब होता है जब वह किसी भी भारी काम में अपने एक हाथ का इस्तेमाल सबसे ज्यादा करता है।
कैसे किया जाता है टेनिस एल्बो का इलाज
आमतौर पर टेनिस एल्बो होने पर सर्जरी के द्वारा ही इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। हालांकि कई बार नियमित व्यायाम या हल्की-फुल्की स्ट्रेचिंग करने से इस बीमारी के दर्द को कम किया जा सकता है। तेज दर्द होने पर बर्फ की सिंकाई आदि नुस्खों से कुछ समय के लिए राहत पाई जा सकती है, मगर इसके इलाज के लिए चिकित्सक से जरूर मिलें।
इसे भी पढ़ें:- टेनिस एल्बो से कैसे कर सकते हैं बचाव
कितना खतरनाक हो सकता है टेनिस एल्बो
टेनिस एल्बो का दर्द अचानक नहीं बढ़ता है बल्कि ये धीरे-धीरे बढ़ता है। शुरुआत में इसमें सिर्फ कोहनी में दर्द होता है मगर धीरे-धीरे ये दर्द पूरी बाजू में होने लगता है। समस्या बढ़ने पर कलाई और उंगलियों को मोड़ने में भी परेशानी होने लगती है, जिससे हाथों द्वारा किसी चीज को पकड़ने की क्षमता भी कम हो जाती है।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Other Diseases in Hindi