लॉकडाउन के कारण लोग महीने भर से घर में बंद हैं। ऐसे में लोगों का कुकिंग टैलेंट निखर कर सामने आया है। सोशल मीडिया पर इन दिनों लोग सेल्फ मेड, होममेड फूड्स की फोटोज खूब शेयर कर रहे हैं। दरअसल घर पर रहने पर जब लोगों के पास खास काम नहीं है, तो ऐसे में लोग टाइमपास के लिए कुकिंग कर रहे हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि लॉकडाउन के कारण बहुत सारे लोगों में मोटापे की समस्या बढ़ रही है। अब अगर आप खाने के शौकीन हैं, तो खुद को खाने से तो रोक नहीं सकते हैं। मगर हां इतना जरूर कर सकते हैं कि अपने खाने को हेल्दी बनाएं। खाने में ज्यादातर फैट कुकिंग ऑयल से आता है। अगर आप सही कुकिंग ऑयल का इस्तेमाल करते हुए कम तेल में खाना बनाएंगे, तो आपका खाना हेल्दी भी बनेगा और टेस्टी भी। आइए आपको बताते हैं कम तेल में खाना बनाने के तरीके और इसके फायदे।
क्यों फायदेमंद है कम तेल में खाना बनाना?
कम तेल में खाना बनाना सेहत के लिए फायदेमंद है इसलिए जरूरी भी है। दरअसल तेल शुद्ध रूप में फैट ही होता है। इसलिए तेल से बनी चीजें ज्यादा खाने से आपके शरीर में फैट बढ़ता है। इसके 2 सबसे आम और बुरे परिणाम ये होते हैं कि आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल बढ़ने लगता है और मोटापा बढ़ने लगता है। मोटापा और कोलेस्ट्ऱॉल दोनों ही आगे चलकर कई गंभीर बीमारियों जैसे- हार्ट अटैक, स्ट्रोक, डायबिटीज, हाई ब्लड प्रेशर आदि का कारण बनते हैं।
इसके अलावा ज्यादा तले आहार खाने वालों में फैटी लिवर की समस्या भी देखी जाती है, जिसके कारण लिवर खराब हो जाता है। इसलिए आपको अपने खाने में कम से कम तेल का इस्तेमाल करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: कैसे पहचानें इंजेक्शन लगाकर पकाए गए तरबूज को? जानें कितना खतरनाक है इंजेक्शन वाला तरबूज खाना
नॉन स्टिक बर्तनों में बनाएं खाना
आमतौर पर लोग खाने में तेल इसलिए ज्यादा डालते हैं ताकि सब्जियां कढ़ाई या पैन में चिपके नहीं। मगर अगर आप अच्छी क्वालिटी के नॉन स्टिक बर्तनों का प्रयोग करके खाना बनाएंगे, तो इससे आप कम तेल और कम समय में भी अच्छा खाना बना पाएंगे।
स्प्रे बॉटल का करें इस्तेमाल
आजकल बाजार में स्प्रे बॉटल्स आसानी से मिल जाती हैं। इन स्प्रे बॉटल्स से बर्तन पर स्प्रे करने से चारों तरफ तेल की हल्की सी कोटिंग बन जाती है, जिससे खाना बर्तन में चिपकता भी नहीं है और तेल भी कम इस्तेमाल होता है। अगर आप सामान्य तरीके से खाना बनाने में 2 चम्मच तेल का प्रयोग करते हैं, तो स्प्रे बॉटल से आप आधे चम्मच तेल में भी बर्तन में अच्छी चिकनाई पैदा कर सकते हैं।
सब्जियों को पहले ही स्टीम कर लें
अगर आप कोई ऐसी सब्जी बना रहे हैं, जिसे पकने में समय लगता है, तो तेल में सीधे पकाने के बजाय सब्जी को पहले उबाल लें या स्टीम में पका लें। इसके बाद आप बेहद कम तेल में भी फ्राई करेंगे, तो आपका खाना भी अच्छी तरह पक जाएगा और तेल भी कम लगेगा।
इसे भी पढ़ें: इन 5 में से 1 कुकिंग ऑयल से बनाएं रोज का खाना, दिल की बीमारियां रहेंगी दूर
सिर्फ तेल नहीं, पानी भी करें इस्तेमाल
सब्जियों को पकाने के लिए सिर्फ तेल का इस्तेमाल करना ठीक नहीं है। कुछ सब्जियों में प्राकृतिक रूप से पानी बहुत ज्यादा होता है, इसलिए उन्हें तो आप ऐसे ही पका सकते हैं। मगर जिन सब्जियों में पानी कम होता है, उन्हें पकाने के लिए आप अलग से पानी का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे तेल कम लगेगा और सब्जी चिपकेगी भी नहीं।
अगर फ्राइड खाने का हो मन
ऐसी बहुत सारी चीजें हैं, जो फ्राइड ही अच्छी लगती हैं और आप कितने भी हेल्थ कॉन्शियस हों, लेकिन कभी-कभार आपका इन्हें भी खाने का मन करता ही है। ऐसे में आप मन को मारने के बजाय आप अवन (Oven) या एयर फ्रायर का इस्तेमाल करें। इससे आप बिना तेल के चीजों को फ्राई कर सकते हैं।
Read More Articles on Healthy Diet in Hindi