प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं के पेट का आकार धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। इस सप्ताह तक महिलाओं के शरीर का गुरुत्वार्षक केंद्र बदल जाता है। इस समय तक भ्रूण पेट में घूमने, किक करने और हिलने लगता है, लेकिन महिलाओं को इस स्थिति में चिंतित होने की आवश्यकता नहीं होती है। इस समय महिलाओं को सावधानी बरतनी चाहिए। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा बंसल से आगे जानते हैं प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं को किस तरह के लक्षण महसूस होते हैं, साथ ही भ्रूण का विकास कितना होता है?
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले लक्षण - 21th Week Of Pregnancy Symptoms in Hindi
प्रेग्नेंसी के समय महिलाओं के अंदर कई तरह के बदलाव होते हैं। महिलाओं को प्रेग्नेंसी में खुद का और गर्भ में पल रहे भ्रूण का ध्यान रखना होता है। इस सप्ताह में भ्रूण मां के गर्भ में लंबी नींद लेता है। इस समय महिलाओं को त्वचा पर खुजली, स्ट्रेच मार्क्स, गैस व पेट के फूलने के लक्षण देखने को मिलते हैं। आगे जानते हैं कि 21वें सप्ताह के प्रेग्नेंसी में महिलाओं को किस तरह के लक्षण महसूस होते हैं।
वैरिकोज वेन्स (Varicose veins)
प्रेग्नेंसी के सप्ताह दर सप्ताह महिलाओं के पेट का आकार लगातार बढ़ने लगता है। गर्भावस्था के 21वें सप्ताह तक महिलाओं के पेट का आकार बढ़ रहा होता है। भ्रूण के विकास की वजह से महिलाओं के पेट के निचले हिस्से और पैरों की नसों पर दबाव बनता है। इस समय महिलाओं के शरीर में प्रोजेस्ट्रोन का स्तर अधिक होने की वजह से नसों में शिथिलता आ जाती है, जिसकी वजह से महिलाओं को वैरिकोज की समस्या होने लगती है। इस तरह के लक्षण दिखाई देने पर प्रेगनेंट महिलाओं को अपने पैरों को क्रॉस करके नहीं बैठना चाहिए। साथ ही महिलाओं को एक ही स्थान पर ज्यादा देर तक नहीं खड़े रहना चाहिए इससे वैरिकोज वेन्स की समस्या बढ़ सकती है।
चलने में परेशानी होना
प्रेग्नेंसी में महिलाओं का वजन बढ़ जाता है। प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं को पेट की वजह से सही तरह से खड़े होने में परेशानी होने लगती है। जबकि कुछ महिलाएं चलते समय अपने शरीर के बैलेंस को ठीक नहीं रख पाती हैं। इस स्थिति में महिलाओं को धीरे-धीरे चलना चाहिए। साथ ही उन्हें ऐसी जगह नहीं जाना चाहिए जहां पर उनके गिरने का खतरा अधिक हो। इस दौरान गिरने से महिलाओं के पेट में पल रहे भ्रूण को चोट लग सकती है।
सीने में जलन होना
प्रेग्नेंसी के समय महिलाओं को सीने में जलन होना एक सामान्य लक्षण है। इस समय महिलाओं के शरीर में होने वाले हार्मोनल और शारीरिक बदलावों की वजह से महिलाओं को इस तरह की समसया का सामना करना पड़ता है। कई महिलाएं प्रेग्नेंसी के समय पहली बार सीने में जलन की समस्या को महसूस करती हैं। हालांकि ये समस्या किसी तरह की बड़ी परेशानी की वजह नहीं होती है। लेकिन इसकी वजह से महिलाओं को असहजता हो सकती है। इस परेशानी से बचने के लिए महिलाओं को एक बार में पूरी डाइट लेनी की अपेक्षा कुछ घंटों के अतंराल में थोड़ा-थोड़ा खाने की आदत डालनी चाहिए।
मसूड़ों से खून आना
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह तक अधिकतर महिलाओं को मसूड़ों की समस्या होती है। महिलाओं को इस समय ब्रश करते समय मसूड़ों से खून आता है। मसूड़ों से खून आने की परेशानी भ्रूण के लिए किसी भी तरह से खतरनाक नहीं होती है। लेकिन यदि ये समस्या गंभीर रूप से महिलाओं को परेशान कर रही है तो ऐसे में उनको अपने डॉक्टर से मिलना चाहिए। इस समय महिलाओं को मसूड़ों को स्वस्थ रखने के लिए दिन में दो बार ब्रश करना चाहिए। साथ ही सॉफ्ट ब्रश का उपयोग करना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले अन्य लक्षण
- हाथ पैरों में सूजन आना
- पीठ में दर्द होना
- स्ट्रेच मार्क्स होना
- नाक से खून आना
- यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन होना
- गैस की समस्या होना
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में भ्रूण का विकास - Fetus Development During 21th Week Of Pregnancy in Hindi
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह तक भ्रूण का विकास तेजी से हो रहा होता है और वह इस समय तक उसका वजन करीब 350 ग्राम तक पहुंच जाता है। इस सप्ताह तक भ्रूण का वजन गर्भानाल (प्लेसेंटा) के वजन से अधिक हो जाता है। भ्रूण को पोषण प्रदान करने व अपशिष्ट पदार्थ को बाहर करने की प्रक्रिया के चलते प्लेसेंटा भी पहले की अपेक्षा बढ़ हो जाता है। प्रेग्नेंसी के प्रत्येक चरण में प्लेसेंटा में बढ़ोतरी होती रहती है। इस सप्ताह तक बच्चा आंखे खोलना शुरू कर देता है।
विशेष सूचना - किसी भी तरह के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें : 19th Week Pregnancy: प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह के लक्षण, सावधानियां और जरूरी बातें
प्रेग्नेंसी के 21वें से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न - FAQ’s for Week-by-Week Stages of Pregnancy In Hindi
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में गर्भ में भ्रूण क्या करता है?
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में भ्रूण का विकास तेजी से हो रहा होता है। इस समय महिलाएं अपनी प्रेग्नेंसी के लगभग आधे पड़ाव को पार कर चुकीं होती है। वहीं भ्रूण बाहर की दुनिया के लिए आवश्यक चीजों को सीखने लगता है जैसे वह गर्भ में सांस लेने व चूसने की आदत को सीखता है।
प्रेग्नेंसी में बच्चे के हलचल कब महसूस होती है?
प्रेग्नेंसी के 16वें से 20वें सप्ताह तक अधिकतर महिलाओं को भ्रूण के हलचल महसूस होने लगती है। इस दौरान महिलाओं को पेट में बलबल बनते हुए महसूस होते हैं। ये स्थिति महिलाओं को कुछ समय पहले या कुछ देरी से भी महसूस हो सकती है।
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में पेट में कैसा लगता है?
प्रेग्नेंसी के 21वें सप्ताह में महिलाओं को पेट में गैस व सीने में जलन की समस्या महसूस हो सकती है। इस तरह की समस्या गर्भावस्था की पहली तिमाही में होती है, लेकिन गर्भाशय का आकार बढ़ने की वजह महिलाओं को दूसरी तिमाही में भी इस तरह के लक्षण महसूस हो सकते हैं।