प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को गर्भाशय की निचले हिस्से और दोनों तरफ हल्का दर्द महसूस होता है। दरअसल गर्भ में भ्रूण के तेजी से होते विकास की वजह ये लक्षण महसूस होता है। इसके अलावा भी महिलाओं को 19वें सप्ताह में कई तरह के अन्य लक्षण महसूस होते हैं। जैसे पेल्विक जॉइंट (श्रोणि का जोड़) में हल्का दर्द हो सकता है। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. विभा बंसल से आगे जानते हैं प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को किस तरह के लक्षण महसूस होते हैं और इस सप्ताह तक भ्रूण का विकास कितना होता है।
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले लक्षण - 19th Week Of Pregnancy Symptoms in Hindi
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं का शरीर भ्रूण को पोषण प्रदान करने का निरंतर कार्य कर रह होता है। इस समय तक अधिकतर महिलाएं एनर्जी को महसूस करती हैं, लेकिन इसके बावजूद भी कुछ कामों को करने में उन्हें थकान महसूस हो सकती है। इस सप्ताह तक महिलाओं के स्तनों के आकार में भी बदलाव आ जाता है। वहीं कुछ महिलाओं को पेट में नाभि के नीचे एक लाइन दिखने लगती है। इसके अलावा भी प्रेग्नेंसी के दौरान महिलाओं को कई तरह के लक्षण महसूस होते हैं। आगे जानते हैं प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को महसूस होने वाले लक्षणों के बारे में।
सोने में परेशानी होना
इस सप्ताह में प्रेगनेंट महिलाओं को सोने में परेशानी हो सकती है। महिलाओं को करवट लेकर सोने में किसी तरह की परेशानी नहीं होती है, लेकिन यदि महिलाएं पेट के बल सोती हैं तो उनको परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इस तरह की समस्या से बचने के लिए महिलाओं को अपने पेट के आसपास तकिया लगाकर सोना चाहिए। इसके अलावा महिलाओं को पैरों के बीच में तकिया लगाकर सोना चाहिए। इससे भी महिलाओं को सोने में आराम मिलता है।
इसके अलावा महिलाओं को रात के समय में बार-बार यूरिन के लिए जाने की वजह से भी अच्छी नींद लेने में परेशानी आती है। इसके साथ ही बच्चे के बारे में ज्यादा सोचने से भी महिलाओं की नींद प्रभावित हो जाती हैं।
पीठ में दर्द होना
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को पीठ में दर्द महसूस होना एक आम लक्षण हैं। दरअसल गर्भाशय के आकार में तेजी से बढ़ोतरी और हार्मोनल बदलाव की वजह से महिलाओं को पीठ में दर्द महसूस हो सकता है। इस सप्ताह तक महिलाओं के वजन के केंद्र में बदलाव होने की वजह से उनको पीठ में दर्द होने लगता है। इस तरह के लक्षण महसूस होने पर महिलाओं को पेट को सपोर्ट करने वाले कपड़े पहनने चाहिए। साथ ही स्ट्रैचिंग एक्सरसाइज करनी चाहिए। इसके अलावा महिलाओं को हिटिंग पैड का उपयोग करना चाहिए।
त्वचा में बदलाव होना
प्रेग्नेंसी में महिलाओं की त्वचा पर कई तरह के बदलाव देखने को मिलते हैं। इस समय महिलाओं को चेहरे, नाक व माथे पर धब्बे या पैच होने लगते हैं। इस स्थिति को कोलास्मा कहते हैं। इस समस्या का सीधा संबंध प्रेग्नेंसी के दौरान हार्मोन से होता है। लेकिन हर महिला को प्रेग्नेंसी के दौरान इस तरह के लक्षण महसूस हो ऐसा सही नहीं है। लिनिया नाइग्रा और कोलास्मा ये दोनों ही तरह की समस्या महिलाओं की डिलीवरी के बाद ठीक हो जाती है। कई बार सूर्य की हानिकारक किरणों की वजह से महिलाओं के चेहरे पर इस तरह की समस्या हो जाती है। ऐसे में प्रेगनेंट महिलाओं को बाहर निकलते समय चेहरे को कवर करके निकलना चाहिए।
नाक से खून आना और सांस लेने में दिक्कत होना
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में कई महिलाओं को हार्मोनल बदलाव की वजह से नाक से खून आने की परेशानी हो सकती है। इसके अलावा कुछ महिलाओं की नाक जाम हो जाती है। इस सप्ताह में महिलाओं का हार्मोनल लेवल बढ़ जाता है, साथ ही उनके शरीर में खून का स्तर में बढ़ोतरी होती है। इसकी वजह से नाक की म्यूकस मेमब्रेन में सूजन आ जाती है। इसी कारण से प्रेग्नेंसी में महिलाओं को नाक से खून आना व सांस लेने में परेशानी होती है।
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महसूस होने वाले अन्य लक्षण
- स्ट्रेच मार्क्स होना
- पैरों में ऐंठन होना
- स्तनों में हल्का दर्द
- यूरिन इंफेक्शन
- पैरो व हाथों में सूजन होना।
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में भ्रूण का विकास - Fetus Development During 19th Week Of Pregnancy in Hindi
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में भ्रूण का वजन करीब 240 ग्राम तक पहुंच जाता है। इस सप्ताह में भ्रूण का जबड़े का विकास होने लगता है। इसके साथ ही भ्रूण के मस्तिष्क में संवेदना महसूस करने वाले हिस्सों का तेजी से विकास होता है। इस सप्ताह तक भ्रूण की किडनी कार्य करना प्रारंभ कर देती है और उनके सिर पर हल्के रेशे आने लगते हैं।
विशेष सूचना - किसी भी तरह के गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी डॉक्टर से संपर्क करें।
इसे भी पढ़ें : 18th Week Pregnancy: प्रेग्नेंसी के 18वें सप्ताह के लक्षण, सावधानियां और जरूरी बातें
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में पूछे जानें वाले कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न - FAQ’s for Week-by-Week Stages of Pregnancy In Hindi
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को क्या करना चाहिए?
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में महिलाओं को बाहर जाते समय सनस्क्रीन का उपयोग करना चाहिए और चेहरे को कवर करके ही बाहर निकलना चाहिए। इससे चेहरे पर होने वाले धब्बों से बचा जा सकता है। इसके साथ ही डॉक्टर की सलाह पर एक्सरसाइज को प्लान करना चाहिए। इसके अलावा पेट के निचले हिस्से में हल्का दर्द होने पर आराम करना चाहिए।
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह तक बच्चा कितनी बार किक करता है?
प्रेग्नेंसी में हर बच्चे की ग्रोथ अलग अलग होती है। इसलिए ये मुख्य रूप से नहीं कहा जा सकता कि बच्चे प्रेग्नेंसी में कितनी बार किक करते हैं। इसके साथ ही इस अवस्था में बच्चा मां के गर्भ मे कितनी बार घूमता है इस विषय पर भी कोई सामान्य आकड़े सामने नहीं आए हैं।
प्रेग्नेंसी के 19वें सप्ताह में क्या महिलाओं को पीठ के बल पर ही सोना चाहिए?
प्रेग्नेंसी में महिलाओं को अपने किसी भी आदत में बदलाव से पहले डॉक्टर से एक बार सलाह अवश्य लेनी चााहिए। इस समय पूरी रात केवल पीठ के बल लेटना भी सही नहीं माना जाता है। महिलाओं को करवट लेकर सोना चाहिए। यदि वह पीठ के बल पर लेटती भी हैं तो उनको पीठ के नीचे सॉफ्ट तकिया लगाना चाहिए।