आमतौर पर 30-35 साल के बाद महिलाओं में वजन बढ़ने की समस्या शुरू हो जाती है। इसका कारण उनके शरीर में होने वाले कई तरह के हार्मोनल बदलाव हैं। कई महिलाएं वजन घटाने की कोशिश करती हैं मगर उनका वजन नहीं घटता है। आमतौर पर 20-25 साल की उम्र तक महिलाओं के लिए वजन घटाना आसान होता है। 40 की उम्र के बाद महिलाओं का वजन आसानी से नहीं घटता है और इसके कई कारण हैं। आइए आपको बताते हैं कि क्यों 40 की उम्र के बाद महिलाओं को वजन घटाने में आती है परेशानी।
हार्मोनल बदलावों के कारण
महिलाओं में पीरियड्स, प्रेगनेंसी आदि स्थितियों के कारण हार्मोनल बदलाव होते रहते हैं। 40 की उम्र के बाद एस्ट्रोजन और प्रोजेस्टेरॉन हार्मोन शरीर में कम होने लगता है इसलिए पेट के आस-पास चर्बी जमना शुरू हो जाती है। इसी कारण से महिलाओं को 40 साल के बाद वजन घटाने में बहुत परेशानी आती है। इस तरह के हार्मोनल बदलावों को कंट्रोल करने के लिए एक्सरसाइज और योगासनों का सहारा लिया जा सकता है।
इसे भी पढ़ें:- बहुत फायदेमंद है कुंदरू, डायबिटीज और मोटापे जैसी 5 समस्याएं होंगी दूर
मसल्स का मास कम होने लगता है
35 की उम्र के बाद महिलाओं में मसल्स का मास कम होने लगता है। मसल्स कैलोरी बर्न करती हैं, जिससे शरीर का मेटाबॉलिज्म ठीक रहता है। मास कम होने से मसल्स उस मात्रा में कैलोरी नहीं बर्न कर पाती हैं, जितनी मात्रा में 20-25 की उम्र में कर सकती हैं। इसलिए अगर आप 35 की उम्र में भी उतनी ही कैलोरी लेती हैं, जितना 25 की उम्र में लेती थीं, तो आपका वजन बढ़ने लगेगा।
मेटाबॉलिज्म घटने लगता है
35-40 की उम्र के बाद शरीर का मेटाबॉलिज्म कम हो जाता है। इस उम्र में शरीर की क्षमताएं भी कम होने लगती हैं इसलिए आप वेट लिफ्टिंग और अन्य हैवी एक्सरसाइज नहीं कर पाती हैं। इसलिए आपके लिए अच्छा यही रहेगा कि आप खान-पान पर कंट्रोल करें और रोजाना एक्सरसाइज करें। जो लोग पहले से लगातार जिम जाते हैं, उन्हें वजन बढ़ने की समस्या नहीं होती है।
इसे भी पढ़ें:- इन 5 कुकिंग ऑयल में बनाएं रोज का खाना, दिल की बीमारियां रहेंगी दूर
शारीरिक रूप से सक्रियता का अभाव
जैसे ही महिला की उम्र बढ़ती हैं, उसका शारीरिक रूप से सक्रिय जीवन गायब होता जाता है। बढ़ती उम्र अपने साथ-साथ जीवन के अनेक तनाव और दबाव लाती है। अपने घर और कामकाज को एक साथ संभालते हुए महिला के पास अपने लिए एक फिटनेस प्रोग्राम को अपनाने का समय नहीं मिल पाता है। ऑफिस में लंबा समय बीत जाता है और अक्सर कार्य भी बैठ कर किया जाता है, जिससे कि वजन और भी बढ़ जाता है।
ज्यादा कैलोरी लेना
जैसे ही उम्र बढ़ती है, शरीर कैलोरी का उपयोग अलग तरीके से करता है। लेकिन सामान्य तौर पर देखा गया है कि बहुत सालों बाद भी लोग पहले जैसी ही अपनी खुराक भोजन में लेना जारी रखते हैं। जब कि जीवन की मध्य अवस्था में हमें एक वयस्क के समान कैलोरी नहीं ग्रहण करनी चाहिए। यदि हम उम्र के साथ साथ अपने डाइट में तब्दीली नहीं लाते है, तो ये अतिरिक्त कैलोरी वजन बढाने में सहायक होगी।
ऐसे अन्य स्टोरीज के लिए डाउनलोड करें: ओनलीमायहेल्थ ऐप
Read More Articles On Diet & Nutrition in Hindi