Main Cause of Blocked Arteries in Hindi: पिछले कुछ सालों में हार्ट से जुड़ी समस्याएं देश-दुनिया में तेजी से बढ़ी हैं। पहले यह समस्या केवल उम्रदराज़ लोगों को होती थी, लेकिन अब युवा इसके तेजी से शिकार हो रहे हैं। विश्व स्वास्थ्य संगठन के मुताबिक कार्डियोवैस्कुलर डिजीज के कारण हर 5 में 4 लोगों की मौत हार्ट अटैक और स्ट्रोक के चलते हो रही है। हालांकि, काफी हद तक इसके पीछे खराब लाइफस्टाइल फॉलो करना एक बड़ी वजह मानी जाती है। आमतौर पर धमनियों में ब्लॉकेज होने से हार्ट अटैक की समस्या होती है। लेकिन क्या आप जानते हैं धमनियों में ब्लॉकेज होने का सबसे बड़ा कारण क्या होता है? अगर नहीं, तो इस लेख को जरूर पढ़ें। आइये जिनोवा शेलबी हॉस्पिटल की इंटर्नल मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ.उर्वी महेश्वरी से जानते हैं इसके बारे में।
धमनियां ब्लॉक होने का सबसे बड़ा कारण क्या होता है?
डॉक्टर के मुताबिक धमनियां ब्लॉक होने के पीछे कई कारण जिम्मेदार होते हैं। धमनियों में ब्लॉकेज तब आती है, जब धमनियों में कोलेस्ट्रॉल, कैल्शियम और फैट की मात्रा इकठ्ठी हो जाती है। इस कारण हार्ट तक ब्लड की सप्लाई ठीक तरह से नहीं हो पाती है और रक्त संचार बाधित हो जाता है। यही कारण है कि धमनियों में प्लाक जमने लगता है और उनमें ब्लॉकेज आ जाती है। इससे धमनियां संकुचित हो जाती हैं और व्यक्ति कार्डियोवैस्कुलर डिजीज का शिकार हो जाता है।
धमनियां ब्लॉक होने पर क्या होता है?
धमनियों में ब्लॉकेज होने पर शरीर में कई तरीके के बदलाव महसूस हो सकते हैं। इस स्थिति में आपके हार्ट तक ऑक्सीजन और ब्लड सुचारू रूप से नहीं पहुंच पाता है, जिसके चलते छाती में दर्द होने के साथ-साथ सांस लेने में कठिनाई महसूस हो सकती है। धमनियों में ब्लॉकेज होने पर कई बार शरीर के कुछ हिस्सों में सुन्न महसूस हो सकता है। इस स्थिति में कई बार स्ट्रोक भी आ सकता है। समय से इसका इलाज नहीं कराने पर प्लाक की समस्या बढ़ती जाती है।