Metabolism in Hindi: मोटापा और बढ़ता वजन आज के समय की सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। मोटापे के कारण शरीर डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर समेत कई गंभीर बीमारियों का शिकार हो जाता है। खानपान में गड़बड़ी और असंतुलित जीवनशैली के कारण मोटापे का खतरा सबसे ज्यादा रहता है। लेकिन कुछ लोगों में मोटापा कमजोर मेटाबॉलिज्म के कारण भी हो सकता है। मोटाबॉलिज्म वजन कम करने और शरीर का स्वास्थ्य ठीक रखने में अहम भूमिका निभाता है। मेटाबॉलिज्म को हिंदी में चयापचय भी कहते हैं। कई बार लोग लाख कोशिश करने के बाद भी वजन कम नहीं कर पाते हैं, इसके पीछे भी मेटाबॉलिज्म का हाथ हो सकता है। आइये इस लेख में विस्तार से जानते हैं आखिर मेटाबॉलिज्म है क्या और इसे बढ़ाने के लिए क्या करें?
मेटाबॉलिज्म क्या है?- What is Metabolism in Hindi
डॉ. शारवारी डी दुआ, एमडी इंटरनल मेडिसिन, पीजीडीआईपी एंडोक्रिनोलॉजी, सलाहकार, चिकित्सक और एंडोक्रिनोलॉजिस्ट, मधुकर रेनबो चिल्ड्रेन हॉस्पिटल, दिल्ली के मुताबिक, "मेटाबॉलिज्म या चयापचय किसी भी जीव में कोशिकाओं की जीवित स्थिति बनाने में शामिल बायो-केमिकल रिएक्शन है। मेटाबॉलिज्म शरीर में कोशिकाओं के जीवित रखने के अलावा जीव की संरचना और प्रजनन को मैनेज करने में मदद करते हैं। इसके अलावा भोजन से पोषक तत्वों को ऊर्जा में कन्वर्ट करने के लिए भी मदद करते हैं। कमजोर मेटाबॉलिज्म के कारण वजन बढ़ने और शरीर में फैट जमा होने जैसी स्थितियों का खतरा रहता है।"
इसे भी पढ़ें: आपको बीमार बना सकता है कमजोर मेटाबॉलिज्म, जानें इसे तेज करने के 3 टिप्स और इसका फंक्शन
मेटाबॉलिज्म कमजोर होने के कारण- What Causes Poor Metabolism in Hindi
मेटाबॉलिज्म दरअसल, कैटाबॉलिज्म और एनाबॉलिज्म की प्रक्रिया से मिलकर बनता है। कैटाबोलिज्म या अपचय (catabolism) वह प्रक्रिया है, जिसमें हमारे द्वारा खाई गई चीजें, सरल रूपों में टूट जाती हैं, जिससे ऊर्जा निकलती है। वहीं एनाबॉलिज्म या उपचय (anabolism) वह प्रक्रिया है जहां ऊर्जा का उपयोग शारीरिक कार्यों के लिए किया जाता है, जिसमें आपके शरीर में कोशिकाओं को विकसित और मरम्मत करना शामिल है। मेटाबॉलिज्म कमजोर होने के पीछे आपका खानपान, लाइफस्टाइल, जेनेटिक कारण और खराब आदतें हैं। मेटाबॉलिज्म कमजोर होने के पीछे ये चीजें जिम्मेदार होती हैं-
- नींद की कमी
- खराब खानपान
- निष्क्रिय जीवनशैली
- शराब का सेवन
- पेट और पाचन तंत्र की कमजोरी
- स्ट्रेस या तनाव के कारण
मेटाबॉलिज्म बूस्ट कैसे करें?- Tips To Boost Metabolism in Hindi
हेल्दी और फिट रहने के लिए मेटाबॉलिज्म ठीक होना बहुत जरूरी है। मेटाबॉलिज्म को बूस्ट करने के लिए तीन चीजें डाइट, लाइफस्टाइल और एक्सरसाइज का विशेष ध्यान रखना चाहिए। इसे ठीक करने के लिए अतिरिक्त कैलोरी का सेवन करने से बचें। बहुत ज्यादा तला-भुना और जंक फूड खाने से भी मेटाबॉलिज्म प्रभावित होता है। इसलिए शारीरिक जरूरत से ज्यादा भोजन करने से बचें। इसके अलावा रोजाना एक्सरसाइज या योग का अभ्यास करने से भी मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मदद मिलती है।
इसे भी पढ़ें: मेटाबॉलिज्म से जुड़े इन 5 मिथकों पर कहीं आप भी तो नहीं करते भरोसा? एक्सपर्ट से जानें इनकी सच्चाई
मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने के लिए पांच दिन में 25 या 30 मिनट तक पैदल चलें। इसके अलावा रनिंग या एरोबिक्स भी आपके मेटाबॉलिज्म को तेज करने में मदद कर सकते हैं। मेटाबॉलिज्म को तेज करने के लिए ग्रीन टी का सेवन कर सकते हैं। साथ ही अच्छी नींद और खूब सारा पानी पीने से भी मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में मदद मिलती है। ये आपके मेटाबॉलिक सेल्स को तेज करते हैं और वजन संतुलित रखने व आपको स्वस्थ रखने में मदद करते हैं।
(Image Courtesy: Freepik.com)