
What Is Macronutrients In Hindi: जब शरीर को स्वस्थ रखने की बात आती है, तो मैक्रोन्यूट्रिएंट्स का पर्याप्त सेवन बहुत जरूरी माना जाता है। शरीर को एनर्जी प्रदान करने की बात हो, अंदर से मजबूत बनाने की या बेहतर विकास की, सभी में मैक्रोन्यूट्रिएंट्स की बहुत अहम भूमिका होती है। हम सभी किसी न किसी रूप में मैक्रोन्यूट्रिएंट्स को अपने दैनिक आहार से प्राप्त करते हैं, लेकिन ये क्या होते है, शरीर में इनके कार्य और ये क्यों जरूरी होते हैं, इस सब के बारे में बहुत कम लोग ही जानते हैं। लेकिन इस लेख में हम आपको इस विषय पर पूरी जानकारी देंगे। लोगों को फिट और हेल्दी बनाने के लिए ओनलीमायहेल्थ ने एक स्पेशल फिटनेस कैंपेन शुरू किया है, जिसका नाम है "OMH Fitness Guide"। यह एक फिटनेस ट्रेनिंग प्रोग्राम है, जिसमें हम एक्सपर्ट से बातचीत के आधार पर लोगों के साथ फिटनेस और एक्सरसाइज, न्यूट्रिशन और डाइट के साथ-साथ सप्लीमेंट्स से जुड़ी जरूरी जानकारियां शेयर करते हैं। आज इस कैंपेन की सीरीज " सप्लीमेंट ज्ञान" में हम आपको बताएंगे मैक्रोन्यूट्रिएंट्स क्या होते हैं और शरीर के लिए ये क्यों जरूरी होते हैं।
फिटनेस कोच, न्यूट्रिशनिस्ट और सप्लीमेंट स्पेशलिस्ट 'विनीत कुमार' के अनुसार, मैक्रोन्यूट्रिएंट्स ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो हमारी बॉडी फंक्शन को स्वस्थ बनाए रखने के लिए बहुत जरूरी होते हैं। यह हमारे शरीर को बेहतर ढंग से काम करने में मदद करते हैं। इसके लिए शरीर को इनकी बड़ी मात्रा में जरूरत होती है। इनकी दैनिक खपत 10 ग्राम से लेकर 100-150 ग्राम तक भी हो सकती है। यह अलग-अलग व्यक्ति के शरीर की जरूरत पर निर्भर करता है। मुख्य रूप से तीन मैक्रोन्यूट्रिएंट्स होते हैं- कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फैट। इन्हें शरीर के लिए बहुत आवश्यक पोषक तत्व माना जाता है। अगर आप किसी भी एक का पर्याप्त सेवन नहीं करते हैं, तो इससे शरीर में उस पोषक तत्व की कमी होने लगती है। लंबे समय तक अगर पर्याप्त मैक्रोन्यूट्रिएंट्स का सेवन नहीं करते हैं, तो इससे सेहत को गंभीर नुकसान हो सकते हैं। आइए विस्तार से समझते हैं ये सेहत के लिए क्यों जरूरी होते हैं।
मैक्रोन्यूट्रिएंट्स शरीर के लिए क्यों जरूरी होते हैं- Importance Of Macronutrients In Our Body In Hindi
कार्बोहाइड्रेट क्यों जरूरी हो होते हैं?- Carbohydrate Importance In Hindi
यह शरीर को एनर्जी प्रदान करने प्रमुख स्रोत है। जब आप अपने आहार से कार्ब्स लेते हैं, तो ये पचने के बाद ग्लूकोज में परिवर्तित हो जाते हैं और कोशिकाओं को एनर्जी प्रदान करते हैं। यह शरीर के लिए ईंधन के रूप में कार्य करते हैं। यह पेट को स्वस्थ रखने के लिए भी बहुत आवश्यक होते हैं। कार्ब्स दो तरह के होते हैं, एक होते हैं सिंपल कार्ब्स (Simple Carbs) और दूसरे कॉम्प्लेक्स कार्ब्स (Complex Carbs)। आपको बता दें, कि अच्छे या बुरे कार्ब्स जैसी कोई चीज नहीं होती है। सिंपल कार्ब्स जैसे चीनी, मैदा और व्हाइट ब्रेड आदि शरीर में जल्दी पच जाते हैं और शरीर को इंस्टेंट एनर्जी प्रदान करने का काम करते हैं। वहीं, दूसरी ओर कॉम्प्लेक्स कार्ब्स धीरे-धीरे पचते हैं और जल्दी ग्लूकोज में परिवर्तित नहीं होते हैं। ये शरीर को धीरे-धीरे और लंबे समय तक एनर्जी प्रदान करने का काम करते हैं। आपको बता दें कि 1 ग्राम कार्ब्स आपको 4 कैलोरी प्रदान करते हैं।
इसे भी पढ़ें: बॉडीबिल्डिंग करने वालों को कब पड़ती है सप्लीमेंट्स की जरूरत? एक्सपर्ट से जानें किसे यह लेना चाहिए किसे नहीं
प्रोटीन क्यों जरूरी होते हैं?- Protein Improtance In Hindi
प्रोटीन शरीर में अमिनो एसिड के रूप में पचता है। वैसे तो कई अमिनो एसिड होते हैं, जिनमें से 20 शरीर के लिए बहुत जरूरी होते हैं, लेकिन 9 अमिनो एसिड ऐसे होते हैं, जो हमारे शरीर में नहीं बनते हैं। हमारे शरीर को इन्हें बाहरी रूप से लेने की आवश्यकता होती है। हड्डियों और मांसपेशियों के निर्माण, उन्हें संरचना प्रदान करने, उनकी मरम्मत आदि के लिए प्रोटीन बहुत आवश्यक मैक्रोन्यूट्रिएंट होता है। यह कोशिकाओं और शरीर में एंटीबॉडी के निर्माण में मदद करता है। हीमोग्लोबिन को बढ़ावा देने के साथ-साथ इम्यूनिटी मजबूत बनाने में भी प्रोटीन बहुत अहम भूमिका निभाता है। त्वचा, बाल और नाखूनों को स्वस्थ रखने के लिए भी यह बहुत जरूरी है। यह शरीर में पीएच संतुलन को बनाए रखता है। साथ ही एंजाइम और हार्मोन को बनाने में भी अहम भूमिका निभाता है। आपको बता दें कि प्रोटीन के 1 ग्राम में 4 कैलोरी होती है।
इसे भी पढ़ें: वजन बढ़ाने के लिए फॉलो करें ये 3000 कैलोरी डाइट, एक महीने में आसानी से बढ़ेगा 3-4 किलो वजन
फैट क्यों जरूरी है?- Fat Importance In Hindi
शरीर में लिपिड या फैट के स्तर को बनाए रखना भी बहुत जरूरी होता है। यह मस्तिष्क को स्वस्थ रखने से लेकर वजन घटाने तक, कई कार्यों में बहुत अहम भूमिका निभाता है। अगर आप अपने आहार से पर्याप्त फैट नहीं लेते हैं, तो इससे कई पोषक तत्वों का अवशोषण शरीर में ठीक से नहीं हो पाता है। क्योंकि कई ऐसे विटामिन होते हैं, जो फैट में घुलनशील होते हैं। वे फैट के साथ मिलकर ही शरीर में अपना काम करते हैं। यह अच्छे और खराब कोलेस्ट्रॉल के स्तर को बनाए रखने के लिए भी जरूरी है। हम में से ज्यादातर लोग यह नहीं जानते हैं, कि अगर आप फैट का सेवन नहीं करते हैं, तो आप धूप से विटामिन डी नैचुरली प्राप्त नहीं कर पाते हैं। शरीर को विटामिन डी बनाने के लिए कोलेस्ट्रॉल की आवश्यकता होती है, जब धूप कि किरणें त्वचा पर पड़ती हैं, कोलेस्ट्रॉल इससे विटामिन डी तैयार करने में मदद करता है। हमारी बॉडी फैट को स्टोर भी करती है और जरूरत पड़ने इनका प्रयोग एनर्जी के रूप में करती है। आपको बता दें कि एक 1 ग्राम फैट में 9 कैलोरी होती हैं।
इसे भी पढ़ें: वजन बढ़ाने के लिए फॉलो करें ये 2500 कैलोरी डाइट, चर्बी की बजाए बढ़ेगा मसल मास
अभी तक आप समझ गए होंगे कि कार्बोहाइड्रेट, प्रोटीन और फैट शरीर के लिए बहुत जरूरी होते हैं। इसलिए आपको अपनी डाइट में इन्हें पर्याप्त मात्रा में शामिल करना चाहिए। अगर आपको यह आर्टिकल अच्छा लगा और इससे आपको कुछ नई जानकारी मिली, तो इसे अपने दोस्त और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ शेयर करें। न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट्स से जुड़ी ऐसी ही और जानकारियों के लिए पढ़ते रहें Onlymyhealth.com
(Written by Vineet Kumar- Certified Fitness Coach, Nutritionist And Supplement Specialist)
All Image Source: Freepik