Hodgkin's Disease: यह एक प्रकार का ब्लड कैंसर है। लिम्फ प्रणाली में यह कैंसर फैलता है। लिम्फ प्रणाली शरीर के इम्यून सिस्टम का हिस्सा होती है। इस रोग में लिम्फ नोड्स में असामान्य और कैंसरयुक्त लिम्फोसाइट्स (व्हाइट ब्लड सेल्स) बनने लगते हैं, जिससे शरीर इंफेक्शन से लड़ने में कमजोर हो जाता है। हॉजकिन रोग आमतौर पर 15 से 35 साल की उम्र के युवा वयस्कों और 55 साल से ज्यादा उम्र के लोगों में ज्यादा देखा जाता है। इस बीमारी का स्पष्ट कारण अभी तक ज्ञात नहीं है, लेकिन कुछ मामलों में यह एपस्टीन-बार वायरस (EBV) से जुड़ा हो सकता है। हॉजकिन रोग के सर्वाइवल रेट की बात करें, तो सही समय पर इलाज कराने से रोगी के बचने की संभावना बहुत ज्यादा होती है, खासकर अगर यह बीमारी शुरुआती अवस्था में हो। इस लेख में हम जानेंगे हॉजकिन रोग के लक्षण, कारण और इलाज। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
हॉजकिन रोग के लक्षण- Hodgkin's Disease Symptoms
हॉजकिन रोग के लक्षण धीरे-धीरे विकसित होते हैं और कई बार अन्य सामान्य बीमारियों जैसे लग सकते हैं-
- यह रोग सबसे पहले गर्दन, बगल या कमर के लिम्फ नोड्स में सूजन के रूप में दिखाई देता है। ये सूजन दर्द रहित होती है।
- शरीर में लगातार कमजोरी और थकान महसूस होना।
- बिना किसी कारण के लगातार बुखार आना और रात में पसीने से भीग जाना।
- बिना किसी प्रयास के अचानक वजन कम होना।
- खांसी और सांस लेने में परेशानी होना।
- शरीर में सामान्य से ज्यादा खुजली होना।
- पेट में दर्द या सूजन होना।
इसे भी पढ़ें- ब्लड कैंसर कितने तरह के होते हैं? जानें इसके शुरुआती लक्षण
हॉजकिन रोग के कारण- Hodgkin's Disease Causes
हॉजकिन रोग के सटीक कारण का पता अब तक नहीं चल पाया है, लेकिन कुछ संभावित कारण हो सकते हैं-
- जो लोग एपस्टीन-बार वायरस (EBV) से संक्रमित हो चुके हैं, उनमें हॉजकिन रोग का जोखिम बढ़ सकता है।
- अगर परिवार में किसी को लिम्फोमा कैंसर (Cancer) हो चुका है, तो इस बीमारी का जोखिम ज्यादा हो सकता है।
- जिन लोगों की इम्यूनिटी कमजोर होती है, जैसे एचआईवी संक्रमित लोग, उनमें यह रोग विकसित होने का खतरा ज्यादा होता है।
- पुरुषों में इस बीमारी का जोखिम महिलाओं की तुलना में ज्यादा होता है।
हॉजकिन रोग का इलाज- Hodgkin's Disease Treatment
हॉजकिन रोग का इलाज इसके स्टेज पर निर्भर करता है-
- कीमोथेरेपी का इस्तेमाल कैंसर कोशिकाओं को मारने के लिए इस्तेमाल किया जाता है।
- रेडियोथेरेपी में लिम्फ नोड्स पर रेडिएशन किरणों का इस्तेमाल करके कैंसर कोशिकाओं को नष्ट किया जाता है।
- अगर कीमोथेरेपी और रेडियोथेरेपी काम नहीं करते, तो स्टेम सेल ट्रांसप्लांट की मदद ली जाती है। इसमें रोगी की स्वस्थ स्टेम कोशिकाओं का प्रत्यारोपण किया जाता है।
- कुछ मामलों में इम्यूनोथेरेपी का इस्तेमाल किया जा सकता है, जो शरीर की इम्यूनिटी को कैंसर कोशिकाओं के खिलाफ लड़ने में मदद करता है।
हॉजकिन रोग से बचने के उपाय- Hodgkin's Disease Prevention
हॉजकिन रोग से बचने का कोई निश्चित तरीका नहीं है, लेकिन कुछ उपाय इस बीमारी के जोखिम को कम कर सकते हैं-
- संतुलित आहार और नियमित एक्सरसाइज इम्यूनिटी को मजबूत करते हैं, जिससे कैंसर का जोखिम कम हो सकता है।
- एपस्टीन-बार वायरस से संक्रमित होने से बचने के लिए सावधानी बरतें, जैसे संक्रमित लोगों के संपर्क में आने से बचें।
- इम्यूनिटी को मजबूत रखने के लिए हेल्दी डाइट और पर्याप्त नींद लें।
- इंफेक्शन से बचने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखें और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
हॉजकिन रोग एक गंभीर लेकिन इलाज योग्य कैंसर है। इसके शुरुआती लक्षणों को पहचानकर इलाज लेने से इसे कंट्रोल किया जा सकता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।