What is Langya Virus in Hindi: दुनिया में कोरोना वायरस महामारी का प्रकोप अभी तक खत्म भी नहीं हुआ कि हर महीने नए-नए वायरस सामने आ रहे हैं। दुनियाभर के 70 से ज्यादा देशों में कोरोना वायरस संक्रमण के साथ मंकीपॉक्स का संक्रमण कहर ढा ही रहा था कि चीन में एक नए खतरनाक वायरस ने दस्तक दे दी है। चीन में एक नए जूनेटिक लंग्या वायरस (Zoonotic Langya Virus) का पता चला है। चीन के शेडोंग और हेनान प्रांत में लंग्या हेनिपावायरस के संक्रमण की पुष्टि हुई है। जानकारी के मुताबिक लंग्या वायरस से 35 लोग संक्रमित पाए गए हैं। लंग्या वायरस जानवरों से इंसानों में होने वाला खतरनाक संक्रमण है, जिसके बारे में कहा जा रहा है कि अगर यह वायरस तेजी से फैला तो कोरोना से ज्यादा संक्रामक हो सकता है। ताइवान सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल के मुताबिक अब तक लंग्या वायरस से 35 लोग संक्रमित पाए गए हैं, लेकिन जांच के बाद यह संख्या बढ़ सकती है।
क्या लंग्या वायरस?- What is Langya Virus in Hindi
जानवरों या पशुओं से फैलने वाले लंग्या वायरस की पुष्टि चीन के कुछ शहरों में हुई है। इस नए वायरस को हेनिपावायरस (Henipavirus) या लांग्या वायरस (Langya Virus) कहा जाता है। इस नए वायरस के बारे में कहा जा रहा है कि अगर संक्रमित व्यक्ति की हालत गंभीर होती है तो इसकी वजह से मरीज की मौत भी हो सकती है। लंग्या वायरस कोई नया वायरस नहीं है। पहले प्रकाशित एक रिसर्च में कहा गया है कि लंग्या वायरस पहली बार इंसानों में साल 2019 में पाया गया था। चीनी मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक विशेषज्ञों को अभी तक लंग्या वायरस के बारे में बहुत ज्यादा जानकारी नहीं मिली है। वैज्ञानिक यह पता लगा रहे हैं कि लंग्या वायरस एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है या नहीं।
इसे भी पढ़ें: कोरोना के बीच अब मारबर्ग वायरस ने दी दस्तक, 2 पॉजिटिव मरीजों की मौत, WHO ने जारी की चेतावनी
कैसे फैलता है लंग्या वायरस? How Langya Virus Spread?
ताइवान के सीडीसी द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक लंग्या वायरस के बारे में अभी तक इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि यह वायरस ह्यूमन टू ह्यूमन ट्रांसमिट होता है। हालांकि इस बात से भी इनकार भी नहीं किया जा सकता कि यह वायरस इंसानों से इंसान में नहीं फैल सकता है। अब तक हुए सर्वे में यह बात निकलकर सामने आई है कि लंग्या वायरस संक्रमण कुत्तों में 5 प्रतिशत, बकरियों में 2 प्रतिशत देखा गया है। लंग्या वायरस का इंसानों में संक्रमण फैलने का प्रमुख कारण (Langya Virus Causes) चूहे जैसा दिखने वाला कीटभक्षी छछूंदर (Shrew) माना जा रहा है।
लंग्या वायरस के लक्षण- Langya Virus Symptoms in Hindi
न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक शोध में कहा गया है कि चीन में मिले लंग्या वायरस का संक्रमण होने पर मरीजों में सबसे ज्यादा बुखार की समस्या हो रही है। जांच में कहा गया है कि लंग्या वायरस का सबसे आम लक्षण बुखार है, इसके अलावा खांसी, थकान और भूख न लगने की समस्या सबसे ज्यादा देखने को मिल रही है। लंग्या वायरस के कुछ प्रमुख लक्षण इस प्रकार से हैं-
- बुखार और खांसी की समस्या
- भूख न लगना
- शरीर में दर्द और थकान
- उल्टी और मतली की समस्या
- मांसपेशियों में दर्द
- वाइट ब्लड सेल्स की कमी
- प्लेटलेट्स काउंट कम होना
- किडनी फेलियर की समस्या
इसे भी पढ़ें: Monkeypox वायरस से जुड़े इन 6 मिथकों पर न करें भरोसा
लंग्या वायरस संक्रमण के बारे में जानकारी जुटाने के लिए वैज्ञानिक लगातार अध्ययन कर रहे हैं। चीन में इस नए वायरस की पुष्टि के बाद प्रशासन अलर्ट हो गया है। अभी तक लंग्या वायरस का कोई इलाज या टीका विकसित नहीं हुआ है। इस संक्रमण से बचने के लिए लोगों को जानवरों के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी जा रही है। इसके अलावा संक्रमित व्यक्तियों की पहचान कर उन्हें आइसोलेट किया जा रहा है। लंग्या वायरस का संक्रमण फैलने से रोकने के लिए जांच और आइसोलेशन ही उपाय है।
(Image Courtesy: Freepik.com)