त्वचा को हेल्दी रखने व बालों को लंबा और चमकदार बनाने के लिए शरीर को कई तरह के विटामिन्स की जरूरत होती है। ये विटामिन्स त्वचा की नैचुरल ब्यूटी को बनाए रखते हैं और बालों को झड़ने से रोकते हैं। बालों और त्वचा के लिए विटामिन ए, बी, सी, डी और ई बहुत जरूरी होते हैं। इन विटामिन्स को लेने से बालों का विकास तेजी से होता है और त्वचा पर ग्लो बना रहता है। डाइट में विटामिन्स का नियमित सेवन करने से शरीर भी मजबूत बनता है। आइए जानते हैं बालों और स्किन के लिए कौन से विटामिन्स बेहद जरूरी होते हैं।
विटामिन ए
शरीर को सुचारू रुप से चलाने के लिए विटामिन ए बहुत आवश्यक है। विटामिन A बालों को मजबूत बनाने के साथ त्वचा को मॉइस्चराइज रखने का काम भी करता है। ये विटामिन अंडे, सोयाबीन, दूध और पत्तेदार सब्जियां में पाया जाता है। ये विटामिन आंखों और हड्डियों को भी मजबूत बनाता है।
विटामिन बी
विटामिन B शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करता है। ये हमारी शरीर की इम्यूनिटी को मजबूत बनाने के साथ, त्वचा और बालों को हेल्दी रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। विटामिन बी की कमी से बाल ज्यादा झड़ने लगते हैं। इसलिए विटामिन बी के सेवन से बाल झड़ने कम हो जाते हैं और बालों को बढ़ने में भी मदद मिलती है। विटामिन बी स्किन को भी पोषण देने का काम करता है। पर्याप्त विटामिन बी का सेवन करके स्किन को हेल्दी रखा जा सकता है। विटामिन बी वाले खाद्य पदार्थों का सेवन करने से शरीर का मेटॉबालिज्म भी तेज होता है। विटामिन बी गेहूं, अंडे, दाल, अखरोट, पिस्ता, दूध और मछली में पाया जाता है।
विटामिन सी
विटामिन C की कमी के कारण त्वचा पर झुर्रियां, ढीलापन और असमान रंगत जैसी समस्याएं होने लगती हैं। इसके अलावा विटामिन सी की कमी से बालों में रूखापन बढ़ता है और बाल कमजोर होकर गिरने लगते हैं। शरीर में विटामिन सी की कमी को पूरा करने के लिए टमाटर, पालक, अमरूद, ब्रोकली और पपीता आदि का सेवन जरूर करें। विटामिन सी के सेवन से त्वचा में कसावट आती है।
विटामिन डी
विटामिन डी हड्डियों और दांतों की मजबूती के लिए बहुत जरूरी होता है। इसके अलावा इस विटामिन का सेवन करने से त्वचा में ग्लो आता है और, झुर्रियां व सनबर्न की समस्या से बचाव होता है। विटामिन डी बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद होता है। ये बालों को मजबूत करने के साथ बालों को तेजी से बढ़ाने में मदद करता है। विटामिन डी के लिए मछली, अंडे की जर्दी, दूध, दही और घी खूब खाएं। इसके अलावा धूप में बैठने से भी विटामिन डी की कमी पूरी होती है।
विटामिन ई
बालों और त्वचा के लिए सबसे जरूरी विटामिन ई ही माना जाता है। विटामिन ई स्किन की रंगत निखारने और इसे हाइड्रेट रखने का काम करता है। विटामिन ई बालोंऔर स्कैल्प को स्वस्थ रखने के साथ बालों को मजबूत बनाता है। ये बालों को असमय सफेद होने से भीरोकता है। विटामिन E बादाम, एवोकाडो, मूंगफली और हरी पत्तेदार सब्जियों में पाया जाता है।
इसे भी पढ़ें- वीगन डाइट क्या है? एक्सपर्ट से जानें इसके फायदे और नुकसान
ये विटामिन्स शरीर को स्वस्थ रखने के साथ बालों और त्वचा को भी हेल्दी रखने में मदद करते हैं। इनका सेवन शरीर की इम्यूनिटी को भी मजबूत बनाता है। डाइट में विटामिन ए, बी, सी, डी और ई को लेने से शरीर स्वस्थ रहता है।
All Image Credit- Freepik