विटामिन ई कैप्सूल त्वचा और बालों के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। विटामिन ई में एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं। विटामिन ई ऐसा विटामिन है, जो शरीर में मौजूद फैट के साथ आसानी से घुल जाता है। विटामिन ई की मदद से त्वचा साफ होती है। दाग-धब्बे की समस्या दूर होती है। बालों को सुंदर बनाने के लिए भी विटामिन ई कैप्सूल बेहद फायदेमंद है। कई लोग विटामिन ई की कैप्सूल का सेवन कर लेते हैं लेकिन इसका सीमित इस्तेमाल ही करना चाहिए। इस लेख में हम जानेंगे त्वचा के लिए विटामिन ई कैप्सूल का सेवन कब और कैसे करें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने ओम स्किन क्लीनिक, लखनऊ के वरिष्ठ कंसलटेंट डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ देवेश मिश्रा से बात की।
त्वचा के लिए विटामिन ई कैप्सूल कब खाएं?
आपको बता दें कि किसी भी सप्लीमेंट का सेवन यूं ही नहीं किया जाता है। पहले देखें कि कहीं आपके शरीर में विटामिन ई की कमी के लक्षण तो नजर नहीं आ रहे हैं। त्वचा रोग, बाल झड़ना, कमजोर इम्यूनिटी, आंख के रोग, हार्मोनल बदलाव आदि विटामिन ई की कमी के लक्षण हैं। इन लक्षणों के नजर आने पर डॉक्टर से सलाह लें। रात को खाने के बाद 1 विटामिन ई कैप्सूल को पानी के साथ खा सकते हैं। इसे खाली पेट खाने से बचें क्योंकि ऐसा करने से विटामिन ई शरीर में घुल नहीं पाएगी।
इसे भी पढ़ें- शरीर में विटामिन ई की कमी से हाेने लगती हैं कई समस्याएं, डॉक्टर से जानें इनके बारे में
विटामिन ई कैप्सूल के सेवन से जुड़ी सावधानियां
- डॉक्टर की मानें, तो विटामिन ई सप्लीमेंट या अन्य किसी भी सप्लीमेंट को एक बार में 20 दिन से ज्यादा नहीं खाना चाहिए।
- 20 दिन का कोर्स करने के बाद 3 महीने बाद डॉक्टर की सलाह पर सप्लीमेंट रिपीट कर सकते हैं।
- विटामिन ई कैप्सूल खरीदने से पहले एक्सपायरी डेट जरूर चेक करें।
- डाइट में दिनभर में 1000mg से ज्यादा विटामिन ई का सेवन नहीं करना चाहिए।
त्वचा के लिए विटामिन ई कैप्सूल के फायदे
- चेहरे पर काले घेरों की समस्या दूर करने के लिए विटामिन ई कैप्सूल का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है।
- बालों को घना और मजबूत बनाने के लिए विटामिन ई कैप्सूल का सेवन करने की सलाह दी जाती है।
- रूखे और दो मुंहे बालों का इलाज करने के लिए लोग विटामिन ई कैप्सूल का सेवन करते हैं।
- त्वचा में ग्लो बढ़ाने के लिए और दाग-धब्बों की समस्या से बचाव में विटामिन ई कैप्सूल मददगार साबित होता है।
- होठों को मुलायम बनाने के लिए सर्दियों में विटामिन ई ऑयल का सेवन और इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है।
इन आहार में होता है विटामिन ई
विटामिन ई का सेवन केवल सप्लीमेंट खाकर ही किया जाए, ऐसा जरूरी नहीं है। जिन लोगों के शरीर में विटामिन ई की कमी होती है उन्हें डॉक्टर सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं। विटामिन ई की कमी दूर करने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। सूखे मेवे, बादाम, मूंगफली, अखरोट, सूरजमुखी के बीज, ब्रोकली और पालक आदि का सेवन भी कर सकते हैं। इनमें विटामिन ई की भरपूर मात्रा होती है।
विटामिन ई को त्वचा पर अप्लाई करें
जरूरी नहीं है कि आप त्वचा से जुड़ी समस्याएं दूर करने के लिए विटामिन ई कैप्सूल का सेवन ही करें। विटामिन ई ऑयल को त्वचा पर लगा भी सकते हैं। विटामिन ई ऑयल वाली कैप्सूल से ऑयल निकालकर आप फेस पैक, क्रीम या लोशन में मिलाकर त्वचा पर इस्तेमाल कर सकते हैं। विटामिन ई कैप्सूल के ऑयल को त्वचा पर लगा रहे हैं, तो दिन खत्म होने का इंतजार करें और रातभर के लिए उसे त्वचा में लगाकर छोड़ दें।
विटामिन ई के बुरे प्रभाव
- विटामिन ई कैप्सूल से कुछ लोगों को त्वचा में रैशेज की समस्या हो सकती है।
- जो लोग रोजेशिया (Rosacea) जैसे त्वचा रोग से पीड़ित हैं, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बगैर विटामिन ई का इस्तेमाल करने से बचना चाहिए।
- जो लोग खून को पतला करने वाली दवाओं का सेवन करते हैं, उन्हें विटामिन ई कैप्सूल का सेवन करने से बचना चाहिए।
- विटामिन ई की ज्यादा कैप्लूल्स का सेवन करने से ब्लीडिंग की समस्या हो सकती है।
- आपको ध्यान रखना है कि कोई भी सप्लीमेंट लेने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
विटामिन ई कैप्सूल का सेवन 20 दिन से ज्यादा नहीं करना चाहिए। विटामिन ई की कमी के लक्षण नजर आने पर ही डॉक्टर इसका सेवन करने की सलाह देते हैं।