Onion Hair Masks For Hair Fall In Hindi: हेयर फॉल की समस्या आजकल बेहद आम हो चुकी है। गलत खानपान, अनियमित जीवनशैली, प्रदूषण और शरीर में पोषक तत्वों की कमी के कारण बाल कमजोर होकर टूटने लगते हैं। बालों की सही देखभाल न करना भी हेयर फॉल का एक मुख्य कारण हो सकता है।अक्सर लोग बालों को झड़ने से रोकने के लिए महंगे शैंपू और अन्य हेयर प्रोडक्ट्स का प्रयोग करते हैं। लेकिन इन प्रोडक्ट्स में केमिकल्स मौजूद होते हैं, जो आपके बालों को नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसे में आप हेयर फॉल की समस्या से छुटकारा पाने के लिए प्याज का प्रयोग कर सकते हैं। जी हां, प्याज सेहत के साथ-साथ बालों के लिए भी बहुत फायदेमंद माना जाता है। प्याज में विटामिन बी, विटामिन सी, विटामिन ई, जिंक, पोटैशियम और फॉलिक एसिड जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो बालों के लिए काफी अच्छे माने जाते हैं। प्याज में सल्फर भी मौजूद होता है, जो बालों को मोटा और घना बनाता है। बालों में प्याज लगाने से हेयर ग्रोथ में भी मदद मिल सकती है।अगर आप झड़ते बालों की समस्या को दूर करना चाहते हैं, तो प्याज से बने हेयर मास्क का प्रयोग कर सकते हैं। इस लेख में हम आपको हेयर फॉल को कंट्रोल करने के लिए प्याज के 3 हेयर मास्क बनाने और लगाने का तरीका बता रहे हैं -
बालों का झड़ना रोकने के लिए प्याज के हेयर मास्क - Onion Hair Masks For Hair Fall In Hindi
प्याज और कैस्टर ऑयल का हेयर मास्क
अगर आप हेयर फॉल से परेशान हैं, तो बालों पर प्याज और कैस्टर ऑयल का हेयर मास्क लगा सकते हैं। इसके लिए 3-4 चम्मच प्याज का रस लें।इसमें दो चम्मच कैस्टर ऑयल यानी अरंडी का तेल मिलाएं। इन दोनों को अच्छी तरह मिक्स करने के बाद अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 3-4 मिनट तक सर्कुलर मोशन में मसाज करें। आधे घंटे बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें।आप इस हेयर मास्क को हफ्ते में दो बार लगा सकते हैं।इससे आपके बाल मजबूत और घने बनेंगे।
प्याज और मेथी के दाने का हेयर मास्क
मेथी के दाने एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होते हैं। ये स्कैल्प पर जमा गंदगी और डैंड्रफ को हटाने में मदद करते हैं और बालों को मजबूत बनाते हैं।प्याज और मेथी दाने का हेयर मास्क लगाने से बालों का झड़ना बंद होता है। साथ ही, बाल मुलायम और चमकदार भी बनते हैं।इसके लिए एक चम्मच मेथी दाना को रातभर पानी में भिगोकर रख दें। सुबह इसे मिक्सी में पीसकर पेस्ट तैयार कर लें। अब इसमें 3-4 चम्मच प्याज का रस मिलाएं। इस हेयर मास्क को स्कैल्प और बालों पर लगाएं। एक घंटे बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें।
इसे भी पढ़ें: प्याज और अदरक का रस बालों में कैसे लगाएं? जानें तरीका और इसके फायदे
प्याज और नारियल तेल का हेयर मास्क
हेयर फॉल की समस्या को रोकने के लिए प्याज और नारियल तेल का हेयर मास्क काफी लाभकारी साबित हो सकता है। इसे इस्तेमाल करने के लिए दो चम्मच प्याज का रस लें। इसमें 2-3 चम्मच नारियल का तेल मिला लें। इन दोनों को अच्छे से मिक्स करने के बाद अपने स्कैल्प और बालों पर लगाएं। 5-7 मिनट तक सर्कुलर मोशन में मसाज करें। करीब एक घंटे बाद बालों को माइल्ड शैंपू से धो लें। हफ्ते में 2 बार इस हेयर मास्क को लगाने से बालों का झड़ना कम होगा और बाल मुलायम भी बनेंगे।
इसे भी पढ़ें: बालों में लगाएं एलोवेरा जेल और प्याज का रस, मिलेंगे कई जबरदस्त फायदे
बालों का झड़ना रोकने के लिए आप प्याज से बने ये 3 हेयर मास्क ट्राई कर सकते हैं। हालांकि, अगर आपको कोई एलर्जी या समस्या है, तो प्रयोग से पहले पैच टेस्ट जरूर करें।