Tips To Prepare Your Child For Hostel: हर माता-पिता की यह इच्छा होती है कि उनका बच्चा हमेशा उनके साथ रहे। लेकिन पढ़ाई-लिखाई या करियर के चलते उन्हें बच्चों को खुद से दूर भेजना पड़ता है। आज के समय में अच्छी शिक्षा के लिए पेरेंट्स बच्चों को बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल में भेजते हैं। बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल भेजने से पहले पेरेंट्स के मन में कई सवाल रहते हैं। ऐसी जगहों पर बच्चों को भेजने से पहले पेरेंट्स बच्चों की सुरक्षा, उनकी संगत और व्यवहार को लेकर बहुत ज्यादा चिंतित रहते हैं। बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल में बच्चों का सही विकास होता है। इन जगहों पर बच्चों को भेजने का उद्देश्य बच्चों की शिक्षा और पर्सनालिटी डेवलपमेंट जैसे पहलुओं का विकास करना होता है। लेकिन कई बार ऐसा देखा गया है कि बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल में बच्चे गलत लोगों के संगत में आ जाते हैं, इसकी वजह से उनका व्यवहार और आदतें दोनों खराब हो जाती हैं। इन स्थितियों से बचने के लिए पेरेंट्स बच्चों को हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले इन बातों का ध्यान जरूर रखें।
बच्चों को हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले ध्यान रखें ये बातें- Tips To Prepare Your Child For Hostel
बच्चों को हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले पेरेंट्स के मन में कई सवाल होते हैं। इस स्थिति में सवाल और चिंता होना जायज है। दरअसल बोर्डिंग स्कूल और हॉस्टल के माहौल का बच्चे के दिमाग और व्यक्तित्व पर गहरा असर होता है। इसलिए पेरेंट्स को बच्चे को हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले नीने बताई गयी बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: पेरेंट्स के गुस्से का बच्चों की मेंटल हेल्थ पर पड़ता है बुरा प्रभाव, जानें इसके नुकसान
1. बच्चे से करें बात
बच्चे को हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले आपको उनसे बात जरूर करनी चाहिए। भेजने से पहले आप बच्चे से इस बारे में बात करें और उनकी राय भी जानें। हॉस्टल भेजने से पहले बच्चे को यह जरूर समझाएं कि ऐसा करने उनके लिए जरूरी क्यों है। इस समय अगर बच्चे के मन में कोई दुविधा या सवाल है तो उसका ईमानदारी से जवाब दें।
2. सही उम्र होने पर ही भेजें हॉस्टल
बच्चे को हॉस्टल भेजने से पहले उसकी उम्र का ध्यान जरूर रखें। अक्सर यह देखा गया है कि कम उम्र में बच्चों को खुद से दूर या हॉस्टल भेजना उनके लिए नकारात्मक साबित हो जाता है। बच्चे को बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल 14-15 साल की उम्र में भेजना ज्यादा सही माना जाता है। इसलिए आपको उम्र का ध्यान जरूर रखना चाहिए।
3. हॉस्टल भेजने का सही कारण चुनें
कई बार पेरेंट्स बच्चे को धमकी देते हुए या सजा के रूप में उन्हें बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल भेजने की बात करते हैं। पेरेंट्स का यह मानना होता है कि ऐसा करने से बच्चे का व्यवहार ठीक होगा और पढ़ाई-लिखाई में भी उसका मन लगेगा। ऐसा करना गलत माना जाता है, इसकी वजह से बच्चे पर नकारात्मक मानसिक प्रभाव पड़ सकते हैं और हॉस्टल या बोर्डिंग स्कूल जाने के बाद बच्चे का व्यवहार बदल सकता है।
4. बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल के माहौल को जानें
बच्चे को बोर्डिंग स्कूल भेजने से पहले उस जगह के माहौल को सही ढंग से जानना बहुत जरूरी है। इसके लिए आप वहां पर पहले से रह रहे बच्चों से बात कर सकते हैं। इसके अलावा आप उस बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल से निकल चुके लोगों के बारे में भी जानकारी लें। ऐसा करने के बाद निर्णय लेना फायदेमंद होता है।
5. बच्चे के फैसले का रखें ध्यान
बच्चे को बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल भेजने से पहले आपको उसकी सहमति जरूर लेनी चाहिए। अगर आपका बच्चा बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल जाने को लेकर सहमत नहीं है, तो उसे जबरदस्ती बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल नहीं भेजना चाहिए। ऐसा करने से पहले उसके मानसिक स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ सकता है और आपका बच्चा बिगड़ सकता है।
इसे भी पढ़ें: पहली बार मां-बाप बनने पर अक्सर पेरेंट्स करते हैं ये सामान्य गलतियां
बच्चे को बोर्डिंग स्कूल या हॉस्टल भेजने से पहले पेरेंट्स को इन बातों का ध्यान जरूर रखना चाहिए। जल्दबाजी में या बिना सोचे-समझे लिए गए निर्णय आपके बच्चे के करियर और जीवन को खराब कर सकते हैं। ध्यान रहे बच्चे का बेहतर विकास या शिक्षा सिर्फ बोर्डिंग स्कूल में हे रहकर नहीं हो सकती है।
(Image Courtesy: Freepik.com)