
बच्चों की सेहत का ख्याल रखने के साथ उनके दांतों का ख्याल रखना भी बहुत जरूरी होता है। बच्चों के दांतों में अक्सर कीड़े की समस्या देखने को मिलती है। ऐसा इसलिए क्योंकि बच्चों को चॉकलेट और मीठा खाने की बहुत आदत होती है जिस कारण उनके दांतों को कीड़े का शिकार होना पड़ता है। दांतों में कीड़ा लगने पर आपको तुरंत इसका इलाज कराना चाहिए, अगर आप ऐसा नहीं करते तो ये आगे जाकर बच्चे के दांत और मसूड़ों में परेशानी पैदा करता है। इसमें बच्चों के दांत में कैविटी, दर्द और दांत सड़ने लगते हैं। इसलिए ये आपके लिए जरूरी है कि आप बच्चों के दांत में लगे कीड़ों पर ध्यान दें और उन्हें स्वस्थ रखें। इसके लिए आपको ये जानना जरूरी है कि अगर बच्चे के दांत में कीड़ा लगता है तो आपको क्या करना चाहिए और कैसे देखभाल करनी चाहिए। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि कैसे बच्चे के दांत में कीड़ा लगने के बाद आप उनकी देखभाल करें।
खाने की आदत
बच्चे कुछ भी खाने में सोचते नहीं हैं, यही वजह होती है कि उनके दांतों में कीड़े लगने की समस्या पैदा होती है। इसलिए आपको ये देखना चाहिए कि आपके बच्चे की भोजन की आदत क्या है। आप बच्चे के द्वारा खाए जाने वाली सभी चीजों पर ध्यान रखें। अगर आपक बच्चा चॉकलेट, आइसक्रीम, कैंडी जैसी चीजों का सेवन बहुत ज्यादा मात्रा में कर रहा है तो आपको इस पर रोक लगाने की जरूरत है। आप उन्हें इस तरह के चीजों का सेवन न करने की सलाह दें।
ड्रिंक्स
किसी भी तरह की ड्रिंक्स जो बच्चे पसंद करते हैं, उन सभी में बहुत ज्यादा मात्रा में शुगर की मात्रा होती है। जबकि इन ड्रिंक्स को बच्चों को एक सीमित मात्रा में पीना चाहिए। किसी भी स्पोर्ट्स ड्रिंक या सॉफ्ट ड्रिंक को ज्यादा पीने से बच्चों के दांत में कैविटी का खतरा बढ़ता है। इसलिए पैरेंट्स को बच्चों के द्वारा पी जाने वाली जूस या ड्रिंक्स पर नजर रखनी चाहिए और उन्हें कम से कम पीने की आदत देनी चाहिए। वहीं, अगर आपके बच्चे के दांत में कीड़ा लगना शुरू हो गया है तो इसे आज से ही बंद कर दें, नहीं तो इन ड्रिंक्स से बच्चों के दांत को नुकसान हो सकता है।
इसे भी पढ़ें: दांतों के पीलेपन से आप भी हैं परेशान? तो आज से इन तरीकों को अपनाएं और पाएं सफेद चमकदार दांत
रात में सोने से पहले ब्रश करना जरूरी
बच्चे अक्सर ब्रश करने में आलस करते हैं, जबकि दांत में लगे कीड़े से निपटने का एक बेहतरीन तरीका है ब्रश। आप अपने बच्चों को रोजाना रात में सोने से पहले ब्रश करने की आदत डालें। रात में ब्रश करना इसलिए जरूरी हो जाता है, क्योंकि बैक्टीरिया और संक्रमण रात में ज्यादा तेजी से फैलने का काम करते हैं। इसलिए आप बच्चों को रोजाना दिन में 2 बार ब्रश करने की आदत जरूर दें।
ज्यादा से ज्यादा पानी पीने की आदत
पानी हमारे पूर्ण स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है, ये तो आप सभी जानते हैं। बच्चों के दांत को स्वस्थ रखने के लिए भी आप बच्चों को पानी पीने की आदत डालें। इसके अलावा आप बच्चों को खाना खाने के बाद पानी पीने की सलाह जरूर दें। इससे दांतों में लगने वाले कीड़ें और संक्रमण से आसानी से बचा जा सकता है।
इसे भी पढ़ें: हर बात पर बहस करता है आपका बच्चा? इन 3 टिप्स की मदद से उनके व्यवहार में लाएं बदलाव
नियमित रूप से जांच कराएं
अगर आप अपने बच्चों के दांतों को स्वस्थ रखना चाहते हैं तो आपके लिए जरूरी है कि आप नियमित रूप से बच्चे के दांत की जांच कराएं। इससे आप किसी भी दांत से संबंधित रोग को फैलने से रोक सकेंगे और बच्चे के दांतों को स्वस्थ रख सकेंगे। इसके साथ ही आप अपने बच्चों के दांतों की स्थिति भी जान सकेंगे और डॉक्टर आपकी मदद करेगा कि आपको अपने बच्चों के दांतों के लिए क्या करना चाहिए।
Read more articles on Children's Health in Hindi