अनहेल्दी डाइट, जंक फूड और खराब लाइफस्टाइल के कारण लोगों का वजन काफी तेजी से बढ़ने लगा है। सर्दियों के मौसम में शकरकंद खाने का क्रेज लोगों में काफी ज्यादा बढ़ जाता है। शकरकंद खाने में काफी स्वादिष्ट होता है, इसलिए वजन कम करने वाले लोग अक्सर इस बात को लेकर कंफ्यूज रहते हैं कि शकरकंद या आलू में से वेट लॉस के लिए क्या ज्यादा फायदेमंद होता है। दोनों ही हमारे खाने का हिस्सा होते हैं और दोनों में कार्ब होता है। हालांकि, वजन कम करने के दौरान क्या खाना सही और फायदेमंद हो सकता है यह सवाल अक्सर उनके मन में रहता है। इसलिए, आइए आज के इस लेख में दिल्ली की क्लिनिकल डाइटिशियन और न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा से जानते हैं कि शकरकंद या आलू वजन कम करने के लिए क्या ज्यादा बेहतर है?
शकरकंद या आलू, वजन कम करने के लिए क्या है बेहतर?
न्यूट्रिशनिस्ट रक्षिता मेहरा के अनुसार वजन कम करने के लिए आप जो खा रहे हैं उसमें सिर्फ कार्ब्स हैं या नहीं, यह काफी नहीं है, बल्कि पोषण, फाइबर और ब्लड शुगर पर भी इसका असर मायने रखता है।
1. पोषक तत्वों में अंतर
100 ग्राम उबले आलू में लगभग-
- कैलोरी- 75–80
- कार्बोहाइड्रेट- 17–18 ग्राम
- फाइबर- 2 ग्राम
- प्रोटीन थोड़ी मात्रा में
100 ग्राम उबले शकरकंद में लगभग-
- कैलोरी- 85-90
- कार्बोहाइड्रेट- 20 ग्राम
- फाइबर- 3-4 ग्राम
इसके अलावा विटामिन ए, सी और एंटीऑक्सीडेंट भी शकरकंद में मौजूद होता है। इसलिए, कुल मिलाकर कैलोरी लगभग दोनों में बराबर होती है, लेकिन शकरकंद में फाइबर और पोषण ज्यादा होता है।
इसे भी पढ़ें: क्या सर्दियों में शकरकंद दिल के मरीजों के लिए अच्छा है? एक्सपर्ट से जानें
2. वजन कम करने में फाइबर की भूमिका
वजन कम करने के लिए फाइबर एक जरूरी पोषक तत्व है, जो पेट को देर तक भरा रखने, बार-बार भूख लगने से बचाने और पाचन में सुधार करने में मदद करता है। इसलिए शकरकंद आलू से ज्यादा बेहतर होता है क्योंकि इसमें फाइबर ज्यादा होता है और यह भूख को कंट्रोल करता है।
3. ग्लाइसेमिक इंडेक्स (GI) का महत्व
किसी भी फूड में ग्लाइसेमिक इंडेक्स यह बताता है कि खाना खाने के बाद ब्लड शुगर कितनी तेजी से स्पाइक होता है। आलू का GI आमतौर पर ज्यादा होता है और शकरकंद में GI कम या माध्यम होता है। कम GI वाले खाद्य पदार्थ वजन कम करने में मदद करते हैं क्योंकि ये इंसुलिन स्पाइक कम करते हैं और शरीर में फैट जमा होने की संभावना भी कम होती है।

4. माइक्रोन्यूट्रिएंट्स भी फायदेमंद
शकरकंद में बीटा-कैरोटीन होता है, जो शरीर में जाकर विटामिन ए के रूप में बदल जाता है और यह आपकी इम्यूनिटी को मजबूत करता है, आंखों और स्किन के लिए फायदेमंद होता है। जबकि आलू में पोटैशियम और विटामिन सी होता है, लेकिन इसमें अन्य पोषक तत्व शकरकंद के मुताबिक थोड़ा कम होते हैं।
5. पकाने का तरीका
वजन घटाने के दौरान आलू या शकरकंद आप कैसे खा रहे हैं यह भी बहुत महत्वपूर्ण होता है।
- तला हुआ आलू आपके वजन को बढ़ा सकता है।
- आलू को उबालकर या भूनकर खाना कभी कभार सही होता है।
- वजन कम करने के लिए आप उबली या भुनी शकरकंद खा सकते हैं।
- शकरकंद पर चीनी या घी मिलाकर खाने से इसमें कैलोरी की मात्रा बढ़ जाती है, जो वजन कम होने से रोक सकता है।
- शकरकंदी पर चीनी या घी डालने से कैलोरी बढ़ जाती है।
इसे भी पढ़ें: सर्दियों में ट्राई करें यह पौष्टिक शकरकंद सूप, डायटिशियन से जानें सेहत के लिए इसके 5 फायदे
6. आलू की मात्रा भी जरूरी
वजन कम करने के लिए जरूरी नहीं कि आप अपनी डाइट में आलू को पूरी तरह हटा दें, बल्कि जरूरी है कि आप इसे सीमित मात्रा में खाएं। इसके अलावा आप आलू को अन्य सब्जियों और प्रोटीन के साथ मिलाकर खा सकते हैं।
निष्कर्ष
वजन कम करने के लिए शकरकंद या आलू में से शकरकंद ज्यादा बेहतर माना जाता है क्योंकि इसमें फाइबर ज्यादा, ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम और पोषक तत्व ज्यादा पाए जाते हैं। इतना ही नहीं, शकरकंद आपके पेट को लंबे समय तक भरा रखने में मदद करते हैं। हालांकि वजन कम करने के लिए सिर्फ एक दो खाने में बदलाव काफी नहीं है, बल्कि इसके साथ संतुलित डाइट, नियमित शारीरिक गतिविधियां और कैलोरी पर कंट्रोल करना जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
सुबह खाली पेट क्या पीने से वजन कम होता है?
सुबह खाली पेट नींबू पानी, जीरा पानी, अजवाइन का पानी या सौंफ का पानी पीना चाहिए। इन्हें पीने से आपका मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है, शरीर को डिटॉक्स करने में मदद मिलती है और पाचन में सुधार होता है।सबसे ज्यादा वजन क्या खाने से कम होता है?
वजन कम करने के लिए लिए जरूरी है कि आप अपनी डाइट से कैलोरी की मात्रा कम करें, क्योंकि आप जितनी कैलोरी खाते हैं उससे ज्यादा बर्न करते हैं। ऐसे में अगर आप ज्यादा कैलोरी खाएंगे तो वजन कम करने में आपको समस्या हो सकती है।वेट लॉस के दौरान क्या नहीं करना चाहिए?
वजन कम करने के दौरान आपको ज्यादा चीनी वाली ड्रिंक्स, तला-भुना, प्रोसेस्ड फूड्स और रिफाइंड कार्ब्स से भरपूर फूड्स का सेवन करने से बचना चाहिए। इसके अलावा, देर रात जागने और खाना खाने के तुरंत बाद सोने से बचना चाहिए।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Jan 17, 2026 19:49 IST
Modified By : Katyayani Tiwari Jan 17, 2026 19:49 IST
Modified By : Katyayani TiwariJan 17, 2026 19:49 IST
Published By : Katyayani Tiwari