गर्मियों में सलाद का सेवन नियमित रूप से करना चाहिए, ताकि आप खुद को स्वस्थ रख सकें। गर्मियों में सलाद का सेवन करने से आप खुद को हाइड्रेट रखने के साथ कई शारीरिक समस्याओं से दूर रहते हैं। सलाद न सिर्फ आपके पेट और आंतों को हेल्दी रखता है, बल्कि आप कब्ज, गैस, एसिडिटी, पेट दर्द, उल्टी, दस्त और अल्सर जैसी गंभीर समस्याओं से बचे रहते हैं। सलाद में मौजूद कई तरह के प्रोटीन, विटामिन, मिनरल्स और फाइबर आपको पोषण प्रदान करने के साथ दिनभर भरा महसूस कराते हैं, इससे आप अस्वस्थ्यकर आहार से खुद को दूर रखते हैं, जो मोटापे का कारण बन सकते हैं।
भोजन करने के दौरान आपके आहार में अनाज, फल और सब्जियों की मात्रा संतुलित होनी चाहिए। संतुलित आहार आपको आवश्यक पोषक तत्वों की आपूर्ति निर्बाध रूप से करते हैं। इसलिए भोजन करने से पहले अधिक से अधिक सलाद खाने की सलाह दी जाती है, इससे आप हेल्दी चीजों का सेवन अधिक मात्रा में करते हैं। आपका पेट इन्हीं चीजों से भर जाता है और कम हेल्दी या फिर अनहेल्दी डाइट से दूर रहते हैं। हालांकि, एक बात जरूर ध्यान रखें कि, सलाद बनाने से पहले फल अथवा सब्जी को अच्छी तरह से धोकर ही तैयार करें, क्योंकि इनकी सतह संक्रमित हो सकती है, जो न धोने से आपको बीमार कर सकते हैं।
फ्रूट सैलेड
फलों वाले सलाद का सेवन करने से आप एक बार कई पोषक तत्वों को प्राप्त करते हैं। फ्रूट सैलेड में आप गर्मियों वाले फल जैसे- तरबूज, खरबूजा, आम, केला, पपीता, अनार और बेरीज आदि फलों को छोटे-छोटे टुकड़ों में काटकर मिक्स कर सकते हैं। इन्हें आप लंच से एक घंटे पहले खा सकते हैं। इसे स्वादिष्ट बनाने के लिए आप ऊपर से योगर्ट डाल सकते हैं। इसमें मौजूद हेल्दी बैक्टीरिया आपके पेट के लिए लाभदायक होते हैं।
इसे भी पढ़ें: सलाद खाने के हैं शौकीन तो इन 6 प्रकार के सलाद पर दें हमेशा ध्यान, बनी रहेगी सेहत
वेजिटेबल सैलेड
गर्मियों में वेजिटेबल सैलेड का सेवन करने से आप अपने शरीर में पानी की कमी को दूर करते हैं। आप नियमित रूप से खीरा, ककड़ी, गाजर, चुकंदर, प्याज, टमाटर और साथ में नींबू का रस डालकर बेहतरीन सलाद तैयार कर सकते हैं। स्वाद को बढ़ाने के लिए हल्का नमक डाल सकते हैं। सलाद में आप कुछ पत्तों को भी शामिल कर सकते हैं, जो कि आयरन का बेहतरीन स्त्रोत होते हैं।
कॉर्न-स्प्राउट्स सैलेड
मक्का फाइबर और कई विटामिन और मिनरल्स से युक्त होता है। इससे निकलने वाले दाने, जिन्हें हम कॉर्न भी कहते हैं, को आप सलाद के तौर खा सकते हैं। इसमें आप मूंग और चने का स्प्राउट्स और साथ में मूंगफली और अन्य अनाज को उबालकर मिक्स कर के सलाद तैयार कर सकते हैं। ऊपर से प्याज और नींबू का रस और नमक डालकर सेवन कर सकते हैं। यह प्रोटीन का अच्छा स्त्रोत होते हैं। मसल्स बढ़ाने वालों के लिए ये अच्छा विकल्प हो सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: सलाद में कच्ची सब्जियां खाना क्यों फायदेमंद है? जानें एक्सपर्ट से
मिक्स सैलेड
मिक्स सैलेड वे होते हैं, जिनमें आप अपने पसंदीदा सब्जियों और अनाजों को मिक्स कर के सलाद बना सकते हैं। एक तरह से यह वेजिटेबल सलाद और कॉर्न-स्प्राउट्स सैलेड का मिश्रण होते हैं, जिनमें सभी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। आप इसे ब्रेकफास्ट में भी खा सकते हैं, ये आपको दोपहर तक भरा महसूस करेंगे। आपके पेट की समस्याओं को दूर करें। इन्हें आप चबा चबाकर खा सकते हैं।
Read More Articles On Healthy Diet In Hindi