बहुत से लोग खाने के तुरंत बाद पेट में दर्द की शिकायत करते हैं। पेट में दर्द होने के पीछे कई गलत आदतें हो सकती हैं। जैसे कई लोग गलत पॉश्चर में बैठकर खाते हैं। इस गलत आदत के कारण खाने के बाद पेट में दर्द हो सकता है। पेट से जुड़ी बीमारियों के कारण भी पेट में दर्द की समस्या होती है। पेट में अल्सर, ओवरएक्टिव थायराइड, हार्टबर्न, कब्ज, तनाव आदि के कारण भी खाने के बाद पेट दर्द हो सकता है। इस लेख में हम आपको 5 टिप्स बताएंगे जिनकी मदद से खाने के बाद पेट दर्द की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने The Nutriwise Clinic, लखनऊ की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा से बात की।
1. एसिडिक फूड्स से बचें
एसिडिक फूड्स का सेवन करने से पेट में जलन और खाने के बाद पेट में दर्द हो सकता है। एसिडिक फूड्स में फलों का रस, प्रॉसेस्ड पनीर आदि शामिल होते हैं। कुछ लोग खाने या नाश्ते के साथ फलों के रस का सेवन करते हैं, आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। इस आदत के कारण भी पेट में दर्द की समस्या हो सकती है। खाने के तुरंत बाद मीठी चीजों का सेवन करते हैं, तो भी पेट में दर्द की समस्या हो सकती है। इस आदत से आपको बचना चाहिए।
इसे भी पढ़ें- पेट दर्द की समस्या से हैं परेशान? इन घरेलू नुस्खों को अपनाकर दर्द से पाएं छुटकारा
2. बहुत अधिक खाने से बचें
खाने के तुरंत बाद पेट में दर्द की समस्या होती है, तो आपको खाने की मात्रा पर गौर करना चाहिए। अगर आप एक साथ ढेर सारा भोजन खाते हैं, तो पेट में दर्द हो सकता है। हमारे हाथ की मुट्ठी के साइज के जितना ही पेट होता है। इतने छोटे से पेट में ज्यादा खाना भर लेने से पेट में दर्द हो सकता है। थोड़े-थोड़े अंतराल पर खाते रहें लेकिन एक बार में अधिक भोजन करने से बचें।
3. जल्दी-जल्दी खाना न खाएं
आपको बता दें जो लोग जल्दी-जल्दी खाना खत्म कर लेते हैं, उन्हें पेट से जुड़ी समस्याएं ज्यादा होती हैं। जल्दी खाना खाने के चक्कर में पेट में ब्लोटिंग, मतली, गैस बनना, सीने में जलन होने लगती है। खाने को आराम से चबाकर खाएं। टीवी देखते-देखते खाने का सेवन न करें, इससे आपको खाने की सही मात्रा का पता नहीं चलेगा।
4. पानी की कमी से बचें
खाने को ठीक तरह से पचाने के लिए शरीर में पानी की पर्याप्त मात्रा होनी चाहिए। पानी की मदद से खाने को तोड़कर शरीर में न्यूट्रिएंट्स पहुंचाने में मदद मिलती है। शरीर में पानी की कमी के कारण गैस, पेट में दर्द, अपच आदि समस्याएं हो सकती है। अगर खाने के तुरंत बाद आपका पेट दर्द होता है, तो हो सकता है शरीर डिहाइड्रेशन का शिकार हो इसलिए रोजाना 2 से 3 लीटर पानी का सेवन करें।
5. खाने के तुरंत बाद लेटने की गलती न करें
खाने के बाद तुरंत लेट जाते हैं या सो जाते हैं, तो पेट में दर्द हो सकता है। खाने के ठीक बाद लेट जाने से पेट में गैस बनने लगती है और पेट दर्द हो सकता है। खाने के बाद होने वाले पेट दर्द से बचना है, तो खाने के बाद कुछ देर टहलें खासकर रात के खाने के बाद आपको कुछ देर वॉक करना चाहिए। डॉक्टर खाने के बाद आधा घंटा वॉक करने की सलाह देते हैं।
इन 5 टिप्स पर गौर करेंगे, तो खाने के तुरंत बाद पेट दर्द की समस्या से बच सकते हैं।