Stomach Ache Location and Causes: जब छोटी थी, तो समझ ही नहीं आता था कि पेट में दर्द आखिर क्यों हो रहा है। डॉक्टर बस यह पूछते थे कि पेट दर्द किस जगह हो रहा है और उस आधार पर झट से बता देते थे कि यह संभव कारण हो सकता है। पेट दर्द किस जगह हो रहा है, इसके आधार पर बीमारी का संकेत मिल जाता है। पेट दर्द एक सामान्य समस्या है, लेकिन इसका कारण केवल एक नहीं होता। पेट के अलग-अलग हिस्सों में दर्द विभिन्न बीमारियों और स्थितियों का संकेत हो सकता है। शरीर के इस क्षेत्र में कई अन्य अहम अंग होते हैं और दर्द का स्थान इस बात का संकेत दे सकता है कि किस अंग या प्रणाली में समस्या हो रही है। आइए जानें पेट के अलग-अलग हिस्सों में दर्द और उनसे जुड़ी संभावित बीमारियों के बारे में। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
पेट के अलग-अलग हिस्सों में होने वाला दर्द और उसके कारण- Stomach Pain Location and Causes
पेट में दर्द एक आम समस्या है, लेकिन इसके पीछे कई बीमारियां छुपी हो सकती हैं। अगर समय रहते पेट दर्द का कारण पता चल जाए, तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है-
1. पेट के ऊपरी दाएं हिस्से में दर्द- Upper Right Stomach Pain
पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में दर्द अक्सर लिवर, गॉलब्लैडर या पेट के नजदीकी अंगों से जुड़ा हो सकता है। गॉलब्लैडर में स्टोन होने पर तेज दर्द होता है। गॉलब्लैडर का दर्द दाएं कंधे या पीठ पर भी हो सकता है। हेपेटाइटिस या लिवर में सूजन के कारण भी दर्द हो सकता है। पेप्टिक अल्सर के कारण भी इस हिस्से में दर्द हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- क्या अचानक से बढ़ गई हैं पाचन से जुड़ी समस्याएं? डॉक्टर से जानें इसका कारण
2. पेट के ऊपरी बाएं हिस्से में दर्द- Upper Left Stomach Pain
जीईआईडी, पेप्टिक अल्सर, तिल्ली की बीमारी आदि के कारण पेट के ऊपरी बाएं ओर दर्द हो सकता है। पेट की परत में सूजन या इंफेक्शन के कारण भी पेट के ऊपरी बाएं हिस्से में दर्द हो सकता है। इस बीमारी को गैस्ट्राइटिस कहते हैं। इसके अलावा पैंक्रियाज में सूजन या पैंक्रियाटाइटिस के कारण भी पेट के ऊपरी बाएं हिस्से में दर्द हो सकता हे।
3. पेट के बीच वाले हिस्से में दर्द- Stomach Pain in Center
पाचन तंत्र और पेट से संबंधित समस्या होने पर पेट के बीच में दर्द होता है। आंतों से जुड़ी समस्या के कारण भी पेट के बीच वाले हिस्से में दर्द होता है। पेट की मुख्य धमनी में सूजन से भी पेट के बीच में दर्द हो सकता है।
4. पेट के निचले बाएं हिस्से में दर्द- Lower Left Stomach Pain
किडनी इंफेक्शन, किडनी स्टोन, ओवेरियन सिस्ट, हर्निया जैसे रोग होने पर इस जगह दर्द होता है। इस क्षेत्र में दर्द अक्सर बड़ी आंत से संबंधित होता है। बड़ी आंत में संक्रमण या सूजन से दर्द होता है। गर्भाशय से जुड़ी समस्याएं, जैसे कि सिस्ट या एंडोमेट्रियोसिस, इस हिस्से में दर्द का कारण बन सकती हैं।
5. पेट के निचले दाएं हिस्से में दर्द- Lower Right Stomach Pain
पेट के निचले दाहिने हिस्से में दर्द अक्सर अपेंडिक्स से जुड़ा होता है। अपेंडिसाइटिस के अलावा ओवेरियन सिस्ट, हर्निया, इर्रिटेबल बाउल सिंड्रोम या एंडोमेट्रियोसिस जैसे कारण भी हो सकते हैं।
6. पेट के दाएं या बाएं ओर दर्द- Right or Left Side Stomach Pain
पेट के दाएं या बाएं ओर होने वाला दर्द किडनी स्टोन के कारण हो सकता है। जब अपेंडिक्स में सूजन होती है, तो प्रारंभिक दर्द नाभि के पास महसूस होता है और धीरे-धीरे पेट के निचले दाएं हिस्से में होने लगता है। छोटी आंत की रुकावट के कारण भी नाभि के आसपास दर्द हो सकता है।
पेट दर्द की असली वजह आपको डॉक्टर ही बता सकते हैं। इस लेख की मदद से अपने लक्षणों की पहचान करें और डॉक्टर की सलाह पर दर्द के पीछे छुपी बीमारी का पता लगाएं। उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।