Starfish Sleeping Position: आजकल नींद न आना एक बड़ी समस्या बनती जा रही है। नींद न आने का बुरा असर मानसिक और शारीरिक सेहत पर पड़ता है। नींद की कमी के कारण ध्यान केंद्रित करने में भी परेशानी होती है। नींद की कमी के कारण काम में मन नहीं लगता और हर समय चिड़चिड़ापन महसूस होता है। नींद न आने की समस्या को दूर करने के लिए आप अलग-अलग स्लीपिंग पोजीशन्स का इस्तेमाल कर सकते हैं जिनमें से एक है स्टारफिश स्लीपिंग पोजीशन। आपने स्टारफिश की फोटो देखी होगी, ठीक उसी पोज में सोने से मन शांत रहता है, अच्छी नींद आती है और नींद टूटती नहीं है। इस लेख में हम जानेंगे स्टारफिश स्लीपिंग पोजीशन में सोने से के फायदे और इसे प्रैक्टिस करने का सही तरीका। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
सेहत के लिए स्टारफिश पोज के फायदे- Starfish Pose Health Benefits
स्टारफिश पोज (Starfish Pose) में व्यक्ति पीठ के बल लेटकर अपने हाथों और पैरों को फैलाता है। इस पोज में शरीर एक स्टारफिश के आकार का रूप ले लेता है। इस पोज को करने से शरीर को कई लाभ मिलते हैं-
- स्टारफिश पोज शरीर के कई हिस्सों को खींचता है। इस पोज से मांसपेशियों की लचक बढ़ती है, खासकर पीठ और पैरों की मांसपेशियों को फायदा पहुंचाता है और उसे मजबूत बनाने में मदद मिलती हे।
- यह पोज मानसिक तनाव और चिंता को कम करने में मदद करता है। इस मुद्रा में गहरी सांस लेने से मस्तिष्क में ऑक्सीजन की आपूर्ति बढ़ती है। इससे मन को शांति मिलती है और पॉजिटिव ऊर्जा का संचार होता है।
- यह पोज ब्लड सर्कुलेशन को बढ़ाने में मदद करता है। रक्त प्रवाह के सुधार से शरीर के विभिन्न अंगों में ऑक्सीजन और पोषक तत्वों की आपूर्ति बढ़ती है। इस तरह शरीर स्वस्थ रहता है और इम्यूनिटी बढ़ती है।
- स्टारफिश पोज मांसपेशियों को आराम देने में मदद करता है, खासकर उन लोगों के लिए जो लंबे समय तक एक ही पोजीशन में बैठते हैं।
- यह पोज कमर दर्द और गर्दन के दर्द को कम करने में भी मदद करता है।
- यह पोज पाचन तंत्र को भी लाभ पहुंचाता है। शरीर की सही मुद्रा और गहरी सांस लेने से पाचन क्रिया में सुधार होता है, जिससे पेट संबंधी समस्याओं में राहत मिलती है।
- स्टारफिश पोज से मानसिक और शारीरिक तनाव कम होता है और इस तरह अच्छी नींद आती है। यह पोज उन लोगों के लिए लाभकारी है जो अनिद्रा की समस्या से जूझ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें- सुकून भरी नींद के लिए अपनाएं ये आयुर्वेदिक पद्धति, दिनभर रहेंगे फ्रेश और एक्टिव
स्टारफिश पोज में सोने का तरीका- How to Sleep With Starfish Pose
- स्टारफिश पोज में सोना एक आरामदायक पोजीशन है। इस पोज की मदद से शरीर को रिकवरी में मदद मिलती है।
- पीठ के बल लेट जाएं, ताकि आपकी रीढ़ सीधी हो और शरीर का पूरा भार बेड पर आ जाए।
- अपने हाथों को सिर के ऊपर की ओर फैलाएं, या अपने दोनों ओर फैला लें।
- अपने पैरों को आराम से फैलाएं।
- अपनी गर्दन और कंधों को आराम दें। सिर को तकिये पर रखने का ध्यान रखें ताकि गर्दन पर दबाव न पड़े।
- इस स्थिति में अपनी आंखों को बंद कर लें और गहरी सांस लें। धीरे-धीरे सांस लें और छोड़ें।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।