Ratalu Benefits To Reduce Cholesterol : खानपान पर ध्यान न देने के कारण आपको कई तरह की समस्याएं हो सकती है। आज के समय में अधिकतर लोग काम के चलते अपनी डाइट पर ध्यान नहीं दे पाते हैं। बाहर का जंक फूड भी कोलेस्ट्रॉल बढ़ने की एक बड़ी वजह मानी जाती है। कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से शरीर में आलस, कमजोरी और हृदय संबंधी समस्याओं का जोखिम बढ़ जाता है। इस समस्या से बचने के लिए एक्सपर्ट डाइट और लाइफस्टाइल में बदलाव की सलाह देते हैं। डायटिशियन शिवाली गुप्ता के अनुसार रतालू को डाइट में शामिल कर आप कोलेस्ट्रॉल की समस्या को कम कर सकते हैं। रतालू को जिमीकंद के नाम से भी जाना जाता है। यह खाने में बेहद ही स्वादिष्ट होता है। इसमें विटामिन ए, बी, कैलोरी, कार्बोहाइड्रेट, पोटेशियम, फाइबर, फोलिक एसिड और बीटा केरोटीन पाया जाता है। इसके सेवन से आपको हृदय संबंधी समस्या से बचाव होता है। आगे जानते हैं रतालू से आप कोलेस्ट्रॉल की समस्या को कैसे कम कर सकते हैं।
कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए रतालू के फायदे - Ratalu Benefits To Reduce Cholesterol In Hindi
फाइबर से भरपूर
रतालू में फाइबर पर्याप्त मात्रा में पाया जाता है। कोलेस्ट्रॉल को कम करने के लिए फाइबर बेहद महत्वपूर्ण होता है। फाइबर पाचन तंत्र में कोलेस्ट्रॉल के कणों से जुड़कर, ब्लड सर्कुलेशन में उनके अवशोषण को कम करके खराब कोलेस्ट्रॉल (एलडीएल) के लेवल के कम करने में मदद करता है।
पोटेशियम का सोर्स
रतालू पोटेशियम का एक अच्छा सोर्स है। पोटेशियम ब्लड प्रेशर को नियंत्रित करने और हृदय स्वास्थ्य को बेहतर करने में मदद करता है। रतालू मे मौजूद पोटेशियम कोलेस्ट्रॉल के स्तर और हृदय रोग के जोखिम को कम करने में सहायक हो सकता है।
एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर
रतालू में विटामिन सी और बीटा-कैरोटीन सहित अन्य एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। यह कोशिकाओं को फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। एंटीऑक्सिडेंट सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, ये दोनों हाई कोलेस्ट्रॉल और हृदय रोग के बढ़ते जोखिम को कम करते हैं।
सैचुरेटेड फैट कम होना
रतालू में सैचुरेटेड फैट कम होता है, ऐसे में जो लोग कोलेस्ट्रॉल कम करना चाहते हैं उनके लिए रतालू एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। हाई सैचुरेटेड फैट और एलडीएल कोलेस्ट्रॉल के हाई लेवल से व्यक्तिक को हृदय संबंधी रोग होने का खतरा बढ़ जाता है।
वजन कम करने में सहायक
वजन कंट्रोल करने के लिए आप रतालू को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं। रतालू में कैलोरी कम मात्रा में और फाइबर अधिक पाया जाता है। इसके सेवन से आपको लंबे समय तक भूख नहीं लगती है। इससे आपको बार-बार खाने की जरुरत नहीं होती है। इससे आपका वजन कंट्रोल में रहता है।
डाइट में रतालू के कैसे शामिल करें - How To Eat Yam To Reduce Cholesterol in Hindi
- रतालू को जैतून के तेल में बेक करके सेवन कर सकते हैं। इसे बेक्ड करने के बाद इसमें अपने पसंद के मसालों के साथ खाएं।
- रतालू को आप सलाद के साथ भी सेवन कर सकते हैं। इसके लिए रतालू को उबाले और सलाद के साथ इसे मिक्स कर खाएं।
- दाल को बनाते समय उसमें रतालू को मिक्स करें। इससे आप दाल के साथ रतालू की पौष्टिकता का फायदा ले सकते हैं।
- रतालू की सब्जी बनाकर भी आप इसका सेवन कर सकते हैं। इसकी सब्जी को आप रोटियों के साथ खा सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : किन लोगों को नारियल पानी नहीं पीना चाहिए? जानें इसके नुकसान
जिमीकंद यानी रतालू कई लोगों को पसंद होता है। इससे आपके शरीर के खराब कोलेस्ट्रॉल का स्तर कम होता है और आपका कई बीमारियों से बचाव होता है। रतालू को हृदय स्वास्थ्य को भी बेहतर करने में सहायक होता है। यदि, कोलेस्टॉल की समस्या अधिक है तो ऐसे में डॉक्टर से सलाह लें।