बच्चों को हेल्दी खाना खिलाना बहुत ही मुश्किल काम है। खासकर जब पालक, सरसों और मेथी जैसी हरी सब्जियों की बात हो तो ज्यादातर बच्चे थाली को देखकर ही मुंह बना लेते हैं। जाहिर सी बात है जब बच्चा पोषक तत्वों से भरपूर चीजों का सेवन नहीं करेगा तो उसका शारीरिक और मानसिक विकास सही तरीके से नहीं हो पाएगा। मेरे भतीजे का भी कुछ ऐसा ही हाल है। दोनों ही भतीजे गाजर, पालक और मेथी जैसी सब्जियां खाने में अनाकानी करते हैं। भतीजों को हेल्दी खिलाने के चक्कर में पिछले दिनों मेरी भाभी ने पालक का ढोकला बनाया। यकीन मानिए पालक का ढोकला खाने में टेस्टी होने के साथ-साथ सेहत के लिहाज से भी बहुत फायदेमंद है। इस आर्टिकल में हम आपको बताने जा रहे हैं पालक का ढोकला बनाने की रेसिपी और पालक का ढोकला खाने के फायदों के बारे में।
पालक ढोकला खाने के फायदे- Palak Dhokla Health Benefits for Children in Hindi
1. बीमारियों के खतरे को करता है कम
भाग्य आयुर्वेदा की न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन पूजा सिंह का कहना है कि पालक एक सुपरफूड है। वहीं, जब पालक से ढोकला बनाया जाता है तो यह और भी ज्यादा फायदेमंद होता है। पालक के ढोकला में विटामिन सी, ए और के होता है। यह पोषक तत्व इम्यूनिटी को बूस्ट करते हैं। साथ ही पालक का ढोकला शरीर में संक्रमण को भी फैलने से रोकता है। जिसकी वजह से बच्चों में होने वाली बीमारियों के खतरे को कम करने में मदद मिलती है।
2. खून की कमी को करता है पूरा
एक्सपर्ट का कहना है कि पालक में प्रचुर में मात्रा आयरन होता है। जिसकी वजह से पालक का ढोकला शरीर में खून की कमी को पूरा करने में मदद करता है। जिन बच्चों को एनीमिया की शिकायत होती है उनके लिए पालक का ढोकला काफी फायदेमंद होता है।
3. हड्डियों के विकास में मददगार
बच्चों के हड्डियों के विकास के लिए कैल्शियम और मैग्निशियम सबसे ज्यादा जरूरी माना जाता है। बच्चों में होने वाली इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने में भी पालक का ढोकला काफी फायदेमंद होता है। पालक के ढोकला कैल्शियम, आयरन और फाइबर से भरपूर होता है। यह पोषक तत्व ब्लड वेसेल्स को हेल्दी रखता है। साथ ही हड्डियों के विकास में भी मददगार साबित होता है।
4. दिमाग को बनाता है मजबूत
पालक के ढोकला में विटामिन-के, ल्यूटिन, फोलेट और बीटा कैरोटीन जैसे पोषक तत्व पाए जाते हैं। यह पोषक तत्व दिमाग के नर्वस सिस्टम को स्ट्रांग बनाते हैं। इसकी वजह से बच्चों की याददाश्त को तेज करने में मदद मिलती है।
5. पाचन क्रिया को बनाता है मजबूत
हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि आजकल जंक फूड का सेवन करने की वजह से बच्चों को पेट में दर्द, कब्ज और डायरिया की समस्या होती है। इस तरह की समस्या इसलिए भी होता क्योंकि बच्चों का पाचन तंत्र कमजोर होता है। बच्चों की पाचन क्रिया को मजबूत बनाने में भी पालक काफी फायदेमंद होता है। पालक में फाइबर होता है। फाइबर गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल ट्रैक्ट को स्वस्थ रखने में मदद करता है।
इसे भी पढ़ेंः किस उम्र में पैरों के बल चलना शुरू करते हैं बच्चे? एक्सपर्ट से जानें इसके बारे में
पालक ढोकला रेसिपी - Palak Dhokla Recipe
सामग्री की लिस्ट
- पालक के पत्ते – 2 कप
- चना दाल या बेसन- 1 कप
- दही - 2 कप
- चीनी - 1 छोटा चम्मच
- नमक - स्वादानुसार
- नींबू का रस - 2 चम्मच
- बेकिंग सोडा - 1 चम्मच
- सरसों का तेल - 1 चम्मच
- कड़ी पत्ता – 6 से 8
- राई या सरसों- 1 चम्मच
पालक ढोकला बनाने का तरीका
सबसे पहले पालक को पीसकर उसमें अच्छे से बेसन को मिला लें। इसी पेस्ट में दही को अच्छे से फेंट लीजिए। अगर आपको बैटर ज्यादा गाढ़ा हो जाए तो इसमें थोड़ा सा पानी मिला लें।
पालक के बैटर में अपने स्वाद के अनुसार नमक और 1 चम्मच चीनी को मिलाएं। इसी पेस्ट में बेकिंग सोडा और नींबू का रस भी मिलाएं। पालक का बैटर तैयार करने के बाद इसे 15 मिनट के लिए ढककर छोड़ दें।
ध्यान रहे कि बैटर का बाउल थोड़ा बड़ा होना चाहिए, ताकि वो सही तरीके से फूल सके। जब पालक का बैटर फूल जाए तो ढोकले से सांचे में तेल लगाएं और बैटर को डाल दें। अब सांचे को स्टीम होने के लिए रखें।
इसे भी पढ़ेंः ज्यादा खाने पर भी बच्चों में हो जाती है इन 4 माइक्रो न्यूट्रियएंट्स की कमी, एक्सपर्ट से जानें इसके बारे में
इसे 20 मिनट तक अच्छी तरह से पकने दें। जब यह पक जाए तो इसे कुछ देर ठंडा होने दें फिर बच्चों के पसंदीदा आकार में काट लें। ढोकला तैयार होने के बाद एक छोटे पैन में थोड़ा सा तेल गर्म करें और उसमें राई के दाने और करी पत्ता डालकर तड़का बनाएं। इस तड़के को ढोकले पर डालें और चटनी के साथ सर्व करें।
Image Credit: Freepik.com