Underarm Odour Treatment: मेरी एक दोस्त है जो अंडरआर्म्स की बदबू से परेशान रहती है। उसने मुझे बताया कि उसने बदबू से छुटकारा पाने के लिए कई तरह के डियो और परफ्यूम का इस्तेमाल किया। कुछ समय तक, तो राहत मिलती थी लेकिन उसके बाद फिर से बदबू आने लगती थी। अंडरआर्म्स की बदबू से छुटकारा पाने के लिए उसने अपनी मां की सलाह पर ऑरेंज ऑयल और एलोवेरा से बने स्प्रे का इस्तेमाल किया। अंडरआर्म्स की बदबू और पसीने की समस्या से कई लोग परेशान रहते हैं। यह समस्या मुख्य रूप से पसीने और त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया के कारण होती है। हमारी अंडरआर्म्स में मौजूद ग्लैंड्स से पसीना निकलता है, जो शरीर के तापमान को कंट्रोल करता है। हालांकि, यह पसीना बिना गंध के होता है, लेकिन जब यह त्वचा पर मौजूद बैक्टीरिया के संपर्क में आता है, तो बदबू पैदा होती है। बैक्टीरिया पसीने में मौजूद प्रोटीन को तोड़ते हैं, जिससे दुर्गंध आती है। अंडरआर्म्स की साफ-सफाई न रखने पर बैक्टीरिया की संख्या बढ़ सकती है, जिससे बदबू भी बढ़ सकती है।
अंडरआर्म्स की बदबू दूर करने के लिए ऑरेंज ऑयल और एलोवेरा के फायदे
अंडरआर्म्स की बदबू से निजात पाने के लिए प्राकृतिक उपाय बहुत प्रभावी होते हैं, क्योंकि इनमें कोई हानिकारक केमिकल्स नहीं होते और ये स्किन के लिए भी सुरक्षित होते हैं। ऑरेंज ऑयल और एलोवेरा से बना स्प्रे एक बेहतरीन विकल्प है, जो अंडरआर्म्स की बदबू को दूर करने में मदद करता है।
टॉप स्टोरीज़
ऑरेंज ऑयल- Orange Oil
ऑरेंज ऑयल एक प्राकृतिक एसेंशियल ऑयल है, जो न केवल ताजगी प्रदान करता है, बल्कि इसमें एंटीबैक्टीरियल और एंटीफंगल गुण भी होते हैं। ऑरेंज ऑयल की ताजगी भरी खुशबू अंडरआर्म्स की बदबू को छुपाने के बजाय उसे जड़ से खत्म करने में मदद करती है। इसमें मौजूद साइट्रस गुण पसीने से होने वाली बदबू को कम करते हैं और बैक्टीरिया के विकास को रोकते हैं।
एलोवेरा- Aloe Vera
एलोवेरा को त्वचा की देखभाल में हमेशा से एक फायदेमंद हर्ब माना गया है। यह त्वचा को हाइड्रेट करता है, उसे ठंडक पहुंचाता है, और इसमें मौजूद एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण त्वचा की जलन को कम करते हैं। एलोवेरा बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकता है, जिससे बदबू कम होती है। इसके साथ ही, यह पसीने के कारण होने वाली स्किन इरिटेशन को भी शांत करता है।
इसे भी पढ़ें- रोजमेरी से दूर हो जाएगी पसीने की बदबू, इस तरह करें इस्तेमाल
ऑरेंज ऑयल और एलोवेरा से स्प्रे बनाने का तरीका- Underarm Odour Treatment
सामग्री:
- 1 कप ताजा एलोवेरा जेल
- 10-12 बूंदें ऑरेंज एसेंशियल ऑयल
- 1/2 कप रोज वॉटर
- एक स्प्रे बॉटल
बनाने की विधि:
- एक साफ बाउल में एलोवेरा जेल और रोज वॉटर मिलाएं।
- इसमें ऑरेंज एसेंशियल ऑयल की 10-12 बूंदें डालें।
- अगर आपके अंडरआर्म्स से बहुत ज्यादा पसीना आता है, तो आप 1 चम्मच विच हेजल भी मिला सकते हैं। यह पसीने को कंट्रोल करने में मदद करता है।
- सभी सामग्रियों को अच्छी तरह मिलाएं और इस मिश्रण को एक स्प्रे बॉटल में डाल दें।
- बॉटल को अच्छी तरह से शेक करें ताकि सभी चीजें अच्छे से मिक्स हो जाएं।
अंडरआर्म्स की बदबू से छुटकारा पाने के लिए स्प्रे का इस्तेमाल कैसे करें?- Spray to Get Rid of Underarm Odour
- सबसे पहले, अपने अंडरआर्म्स को अच्छे से साफ कर लें। इसके लिए आप पानी और माइल्ड साबुन का उपयोग कर सकते हैं। स्किन को पूरी तरह से सुखाने के बाद ही स्प्रे का इस्तेमाल करें।
- स्प्रे को अच्छी तरह से शेक करें ताकि ऑरेंज ऑयल और एलोवेरा जेल मिल जाए। फिर स्प्रे को अपनी अंडरआर्म्स पर लगाएं।
- हल्के हाथों से स्प्रे को स्किन में अच्छी तरह से रगड़ लें ताकि यह पूरी तरह से एब्सॉर्ब हो जाए।
- इसे हर दिन सुबह या जब भी पसीने की समस्या हो, तब इस्तेमाल करें।
- इस स्प्रे को ठंडी जगह पर स्टोर करें। इसके ताजगी भरे गुण आपके अंडरआर्म्स को दिनभर बदबू से मुक्त और तरोताजा बनाए रखेंगे।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।