आहार में पौष्टिकता की कमी से कई तरह की समस्याएं हो सकती हैं। समय के साथ हड्डियों से जुड़ी समस्याए होने लगती हैं। बोन डेंसिटी कम होने से हड्डियां कमजोर होने लगती हैं। साथ ही उनके टूटने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इसके अलावा शरीर में कैल्शियम आदि की कमी के कारण हड्डियों के जोड़ो में दर्द की समस्या हो सकती है। गठिया भी हड्डियों से जुड़ी एक गंभीर समस्या है। इन सभी समस्याओं में हड्डियां कमजोर हो जाती है, जिसकी वजह से व्यक्ति को अपने रोजमर्रा के काम करने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरैना की आयुर्वेदाचार्य डॉक्टर सोनाली गर्ग के अनुसार मशरूम को डाइट में शामिल कर आप हड्डियों से जुड़ी समस्याओं को दूर कर सकते हैं। आगे जानते हैं इसके कुछ फायदों के बारे में विस्तार से।
हड्डियों के लिए मशरूम खाने के फायदे - Mushroom Benefits For Bone Health In Hindi
विटामिन डी
मशरूम, सूरज की रोशनी या पराबैंगनी (यूवी) प्रकाश के संपर्क में आते हैं, तो स्वाभाविक रूप से विटामिन डी को संश्लेषित कर सकते हैं। यह धूप विटामिन कैल्शियम अवशोषण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है, जो बोन डेंसिटी को बनाए रखने के लिए एक महत्वपूर्ण कारक है। अपने आहार में विटामिन डी से भरपूर मशरूम को शामिल करने से हड्डियों से जुड़ी समस्याएं कम होती हैं।
विटामिन बी12 से भरपूर
विटामिन बी12, जो आमतौर पर पशु उत्पादों में पाया जाता है, हड्डियों के स्वास्थ्य के लिए महत्वपूर्ण पोषक तत्व होता है। मशरूम की कुछ किस्मों, जैसे शिइताके और मैइताके, में थोड़ी मात्रा में विटामिन बी 12 पाया जाता है। इन मशरूमों को डाइट में शामिल करने से हड्डियों के निर्माण और रखरखाव में सहायता मिल सकती है।
कैल्शियम से युक्त
कैल्शियम हड्डियों के लिए एक बिल्डिंग ब्लॉक का काम करता है। हालांकि, मशरूम में कैल्शियम की मात्रा डेयरी उत्पाद जितनी अधिक नहीं होती है, फिर भी यह इस आवश्यक मिनरल्स को प्रदान करने में सहायक होता है। कैल्शियम, विटामिन डी के साथ मिलकर, हड्डियों के स्वास्थ्य को बेहतर करता है और इससे जुड़े विकार को रोकने में मदद करता है।
कॉपर और फास्फोरस का सोर्स
मशरूम में कॉपर और फास्फोरस जैसे आवश्यक मिनरल्स पाए जाते हैं, जो हड्डियों की संरचना और मजबूती को बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कॉपर कोलेजन निर्माण में शामिल होता है, यह एक प्रोटीन है, जो हड्डी के टिश्यू के लिए महत्वपूर्ण होता है। अपने आहार को मशरूम में शामिल करने से हड्डियों की हेल्थ बेहतर होती है।
एंटी इंफ्लेमेटरी गुण
लंबे समय से सूजन होने के कारण हड्डियों की हेल्थ पर दुष्प्रभाव पड़ता है। इससे ऑस्टियोपोरोसिस की समस्या हो सकती है। मशरूम में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं। इसके सेवन से सूजन तेजी से कम होती है। साथ ही हड्डियों से जुड़े विकारों को दूर करने में मदद मिलती है।
मशरूम का सेवन कैसे करें - How To Eat Mushroom in Hindi
- आप सलाद में मशरूम का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप मशरूम को हल्का उबाल लें। इसके बाद इसमें काली मिर्च, हल्का नमक और नींबू मिलाकर सेवन करें।
- इसके अलावा, आप मशरूम के सूप का सेवन भी कर सकते हैं। इसके लिए आप दो से तीन सब्जियों को मिलाकर सूप तैयार करें। सर्दियों में मशरूम सूप को पीकर आप हड्डियों को मजबूत बना सकते हैं।
इसे भी पढ़ें : पुरुषों को मशरूम खाने से मिलते हैं कई जबरदस्त फायदे
हड्डियों के मजबूत बनाने के लिए आप आप नियमित रूप से मशरूम का सेवन कर सकते हैं। मशरूम में मौजूद विटामिन और मिनरल्स बोन हेल्थ के साथ ही अन्य समस्याओं के लिए भी फायदेमंद होता है। यदि आपको बोन से संबंधित समस्याएं है तो आप मशरूम का सेवन कर सकते हैं।