साल 2021 सेहत की दृष्टि से बहुत उतार चढ़ाव वाला साल रहा है। इस साल कोरोनावायरस संक्रमण की दूसरी लहर का कहर और फिर कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन जैसी स्थितियों ने लोगों को सेहत के प्रति जागरूक रहने के लिए सचेत किया है। अब जब यह साल खत्म होने को है और दुनिया 2022 के स्वागत की तैयारी कर रही है तो ऐसे में हर किसी के मन में आने वाले साल में उत्पन्न होने वाली चुनौतियों को लेकर कई ख्याल आ रहे होंगे। कोरोना वायरस संक्रमण के कहर से सेहत के प्रति पैदा ही अनिश्चित्तता अभी खत्म नहीं हुई है और दुनियाभर में कोरोना के नए वैरिएंट ओमिक्रोन का खतरा मंडरा रहा है। साल 2021 में कोरोना संक्रमण के बीच लोगों ने शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को बढ़ाने के लिए और स्वस्थ रहने के लिए कई घरेलू नुस्खों का सहारा लिया है। चाहे वो इम्यूनिटी बूस्टर काढ़ा हो या कोरोना से बचाव के लिए अपनाया गया घरेलू नुस्खा, गूगल पर लोगों ने इनके बारे में खूब सर्च किया है। आइये जानते हैं साल 2021 में सबसे ज्यादा सर्च किये गए घरेलू नुस्खों के बारे में जो आपको आने वाले साल में भी स्वस्थ और फिट रखने का काम कर सकते हैं।
साल 2021 में सबसे ज्यादा सर्च किये गए घरेलू नुस्खे (Most Searched Home Remedies In 2021)
लोगों ने कोरोना से बचाव और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए साल 2021 में कई तरह की जड़ी-बूटियों, आयुर्वेदिक औषधियों का इस्तेमाल किया है। कोरोना संकट के बीच शरीर को स्वस्थ रखने के लिए लोगों ने घरेलू नुस्खों के बारे में जानकारी जुटाई है। साल 2021 में स्वस्थ रहने के लिए लोगों ने इन घरेलू नुस्खों के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया है।
इसे भी पढ़ें : पैरों को कैसे साफ करें? इन 10 घरेलू तरीकों से बनाएं सर्दियों में अपने पैरों को सुंदर
1. शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए घरेलू नुस्खे
लोगों ने कोरोना संकट के बीच शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए घरेलू नुस्खों के बारे में खूब सर्च किया है। शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और कोरोना के घातक संक्रमण से बचने के लिए घरेलू नुस्खों और आयुर्वेदिक जड़ी-बूटियों का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है और लोगों ने इसका खूब इस्तेमाल भी किया है। आप भी शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए इसका सहारा ले सकते हैं।
शरीर की इम्यूनिटी कैसे बढाएं?
आप शरीर की इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए विटामिन सी से युक्त फलों का सेवन कर सकते हैं। इसके अलावा आप कई तरह के आयुर्वेदिक काढ़ा का इस्तेमाल इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए कर सकते हैं। कोरोना काल के दौरान इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए सरकार ने भी लोगों को हल्दी और दूध पीने की सलाह दी थी।
इसे भी पढ़ें : जीरा, अजवाइन और काला नमक का मिश्रण दूर करेगा ये 5 समस्याएं, जानें फायदे और इस्तेमाल का तरीका
2. लूज मोशन के लिए घरेलू नुस्खे
साल 2021 में इंटरनेट पर लूज मोशन के घरेलू नुस्खों के बारे में खूब सर्च किया है। लूज मोशन की समस्या खानपान में गड़बड़ी और पाचन तंत्र में खराबी आने को प्रमुख कारण माना जाता है। लूज मोशन की समस्या से निजात पाने के लिए आप इन घरेलू उपायों को अपना सकते हैं।
- लूज मोशन होने पर शरीर को रिहाइड्रेट जरूर करें। इसके लिए आप पानी खूब पिएं और ऐसे फूड्स का सेवन करें जिसमें पानी की मात्रा अधिक पाई जाती है।
- लूज मोशन की समस्या में दही का सेवन बहुत फायदेमंद माना जाता है।
- केले का सेवन करने से लूज मोशन की समस्या में फायदा मिलता है।
3. पेट दर्द की समस्या के घरेलू नुस्खे
साल 2021 में कोरोना संक्रमण के बीच लोगों में पेट दर्द की समस्या भी खूब देखी गयी। पेट दर्द की समस्या में घरेलू नुस्खों के इस्तेमाल से फायदा मिलता है। ज्यादातर लोग पेट दर्द होने पर तुरंत दवाओं का सेवन करने लगते हैं लेकिन आपको ऐसा करने से बचना चाहिए। अगर स्थिति बहुत ज्यादा गंभीर है तभी डॉक्टर की सलाह लेकर दवाओं का सेवन करें। पेट दर्द की समस्या से निजात पाने के लिए आप इन घरेलू नुस्खों को अपना सकते हैं।
- पेट में दर्द की समस्या होने पर आप दूध पी सकते हैं।
- पेट में दर्द होने पर अधिक मसालेदार भोजन का सेवन करने से बचें और अदरक वाली चाय पिएं।
- इसके अलावा फाइबर से युक्त आहार का सेवन करें।
- पेट दर्द से राहत पाने के लिए जीरा पाउडर को दही में मिलाकर खाएं।

4. बुखार के घरेलू नुस्खे
लोगों ने इंटरनेट पर बुखार होने पर घरेलू नुस्खों के बारे में खूब सर्च किया है। सामान्यतः बुखार की समस्या में शरीर का तापमान बढ़ जाता है। कोरोना काल में भी लोगों में बुखार की समस्या बहुत ज्यादा हुई है। बुखार की समस्या में आप इन घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- बुखार होने पर लिक्विड डाइट लें और माथे पर ठंडे पानी में भिगोई हुई पट्टी रखें।
- बुखार होने पर आप सोंठ, गिलोय और कालीमिर्च का काढ़ा पिएं।
- बुखार की समस्या में गर्म दूध में हल्दी मिलकर पीने से फायदा मिलता है।
5. दांत में दर्द के घरेलू नुस्खे
दांत दर्द की समस्या कई कारणों से हो सकती है। ओरल हाइजीन का सही से ध्यान न रखने के कारण भी आपको दांत दर्द की समस्या का सामना करना पड़ सकता है। दांत में दर्द की समस्या को दूर करने के लिए सबसे पहले इसके मूल कारण का पता लगाया जाता है। सामान्य रूप से दांत में दर्द की समस्या को दूर करने के लिए आप इन घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- नमक-पानी से कुल्ला करने से दांत दर्द की समस्या में फायदा मिलता है।
- जिस दांत में दर्द हो रहा हो उसके आसपास पेपरमिंट टी बैग रखने से फायदा मिलता है।
- दांत दर्द की समस्या में लहसुन का इस्तेमाल फायदेमंद माना जाता है।
- दांत दर्द की समस्या गंभीर होने पर आपको डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।
6. पेट में गैस की समस्या के लिए घरेलू नुस्खे
असंतुलित खानपान और खराब जीवनशैली के कारण लोग पेट में गैस बनने की समस्या से ग्रसित हो जाते हैं। कोरोना काल में घर में बैठे रहने के कारण भी लोगों में यह समस्या बढ़ी है। पेट में गैस बनने पर मरीज को कई समस्याएं हो सकती हैं। तुरंत राहत पाने के लिए अप इन घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल कर सकते हैं।
- पेट में गैस बनने पर नींबू के रस में काला नमक और जीरा मिलाकर सेवन करें।
- गर्म पानी के साथ थोड़ी सी मात्रा में अजवाइन का सेवन करने से पेट में गैस की समस्या में फायदा मिलता है।
साल 2021 में लोगों ने इंटरनेट पर ऊपर बताये गए घरेलू नुस्खों के बारे में खूब सर्च किया है। ये घरेलू नुस्खे आने वाले सालों में भी आपको ऊपर बताई गयी समस्याओं से निजात देने का काम कर सकते हैं। किसी भी समस्या में इन घरेलू नुस्खों का इस्तेमाल करने से पहले आपको डॉक्टर की सलाह जरूर लेनी चाहिए।
(all image source - freepik.com)