आजकल बाजार में मिलने वाले फ्लेवर्ड मिल्क बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हो गए हैं। खासतौर पर स्ट्रॉबेरी मिल्क (Strawberry Milk), जो अपने गुलाबी रंग और मीठे स्वाद के कारण बच्चों को बहुत पसंद आता है। कई माता-पिता इसे सेहतमंद विकल्प मानते हैं, क्योंकि इसमें दूध होता है, जो कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। लेकिन क्या वास्तव में स्ट्रॉबेरी मिल्क बच्चों के लिए हेल्दी है, या यह सिर्फ एक मीठा ड्रिंक है? इस पर एक्सपर्ट्स की राय मिली-जुली है। कुछ इसे पोषण से भरपूर मानते हैं, तो कुछ इसे चीनी और आर्टिफिशियल फ्लेवर से भरपूर एक अनहेल्दी ऑप्शन बताते हैं। इस लेख में हम स्ट्रॉबेरी मिल्क के फायदे, नुकसान और इसे हेल्दी बनाने के तरीकों पर चर्चा करेंगे, ताकि आप अपने बच्चे के लिए सही चुनाव कर सकें। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के न्यूट्रिवाइज क्लीनिक की न्यूट्रिशनिस्ट नेहा सिन्हा से बात की।
बच्चों के लिए स्ट्रॉबेरी मिल्क के फायदे- Benefits of Strawberry Milk For Kids
- स्ट्रॉबेरी मिल्क में दूध होने के कारण यह कैल्शियम और विटामिन-डी का अच्छा स्रोत है, जो बच्चों की हड्डियों को मजबूत बनाता है।
- बच्चों को सादा दूध पसंद नहीं आता, लेकिन स्ट्रॉबेरी फ्लेवर और गुलाबी रंग उन्हें इसे पीने के लिए आकर्षित करता है।
- यह ड्रिंक कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन से भरपूर होता है, जो बच्चों को दिनभर एनर्जी देने में मदद करता है।
- अगर इसमें असली स्ट्रॉबेरी का इस्तेमाल किया जाए, तो यह विटामिन-सी और एंटीऑक्सीडेंट्स देता है, जो बच्चों की इम्यूनिटी बढ़ाने में मदद कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें- रोज पिएं ये 3 तरह के दूध, स्ट्रेस लेवल होगा कम
बच्चों के लिए स्ट्रॉबेरी मिल्क के नुकसान- Drawbacks of Strawberry Milk For Kids
- बाजार में मिलने वाले स्ट्रॉबेरी मिल्क में ज्यादा मात्रा में चीनी और आर्टिफिशियल फ्लेवर होते हैं, जो बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं।
- ज्यादा चीनी और कैलोरीज के कारण यह बच्चों में वजन बढ़ाने और डायबिटीज के खतरे को बढ़ा सकता है।
- बाजार में मिलने वाले स्ट्रॉबेरी मिल्क में असली स्ट्रॉबेरी के बजाय सिर्फ फ्लेवरिंग एजेंट्स होते हैं, तो यह प्राकृतिक पोषण नहीं देता।
- इसमें मौजूद अतिरिक्त चीनी बच्चों के दांतों में कैविटी और सड़न पैदा कर सकती है।
बच्चों के लिए स्ट्रॉबेरी मिल्क एक हेल्दी विकल्प है या नहीं?- Is Strawberry Milk a Healthy Choice for Kids or Not
बच्चों को स्ट्रॉबेरी मिल्क देना सेहतमंद है या नहीं, यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि वह कैसे तैयार किया गया है और बच्चे की डाइट कैसी है। अगर आपका बच्चा पहले से ही ज्यादा मीठे ड्रिंक्स या प्रोसेस्ड फूड का सेवन कर रहा है, तो स्ट्रॉबेरी मिल्क को सीमित मात्रा में देना ही सही होगा। खासकर अगर बच्चे को सादा दूध पसंद नहीं है, तो यह एक अच्छा तरीका हो सकता है, लेकिन ध्यान रखें कि यह उसकी कुल पोषण जरूरतों को पूरा नहीं करता। अगर बच्चा पहले से ज्यादा कैलोरी या चीनी ले रहा है, तो यह अतिरिक्त शुगर लोड बढ़ा सकता है, जिससे मोटापा और अन्य स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा हो सकता है। इसके अलावा, कुछ बच्चों को डेयरी से एलर्जी या लैक्टोज इन्टॉलरेंस हो सकता है, ऐसे में स्ट्रॉबेरी मिल्क उनके लिए सही विकल्प नहीं है। अगर बच्चे को स्वादिष्ट लेकिन हेल्दी विकल्प देना चाहते हैं, तो इसे बादाम या ओट्स मिल्क के साथ भी बनाया जा सकता है, जिससे यह हल्का और पौष्टिक रहेगा।
कैसे बनाएं हेल्दी स्ट्रॉबेरी मिल्क?- How to Make Healthy Strawberry Milk
- घर पर बने स्ट्रॉबेरी मिल्क में असली स्ट्रॉबेरी का इस्तेमाल करें, जिससे पोषण बना रहेगा।
- इसमें अतिरिक्त चीनी का इस्तेमाल न करें, स्ट्रॉबेरी में प्राकृतिक मिठास होती है।
- पैकेज्ड स्ट्रॉबेरी मिल्क की बजाय घर पर बनाया हुआ मिल्क ज्यादा फायदेमंद होगा।
- इसे और ज्यादा हेल्दी बनाने के लिए इसमें ओट्स, चिया सीड्स या बादाम मिला सकते हैं।
अगर स्ट्रॉबेरी मिल्क घर पर ताजी स्ट्रॉबेरी और सीमित मात्रा में प्राकृतिक मिठास के साथ बनाया जाए, तो यह बच्चों के लिए हेल्दी विकल्प हो सकता है।
उम्मीद करते हैं कि आपको यह जानकारी पसंद आई होगी। इस लेख को शेयर करना न भूलें।