
Homemade Herbal Tooth Powder For Cavity In Hindi: स्वस्थ और साफ दांत न सिर्फ आपकी पर्सनालिटी में चार चांद लगाते हैं, बल्कि खाना चबाने में भी मदद करते हैं। दांतों और मसूड़ों की सही देखभाल न करने के कारण ओरल हेल्थ से जुड़ी कई समस्याएं होने लगती हैं। दांतों को ठीक से साफ न करने की वजह से गदंगी जमा हो जाती है, जिससे कैविटी की समस्या हो सकती है। इसे आम भाषा में दांत में कीड़े लगना कहते हैं। कैविटी होने पर दांतों में गड्ढे होना शुरू हो जाते हैं और दांत सड़ने भी लगते हैं। ज्यादा लंबे समय तक इलाज न करवाने पर दांत समय से पहले ही टूटने लगते हैं। दांतों में कीड़े लगने पर आपको तेज दर्द और सूजन की समस्या भी हो सकती है। वैसे तो मार्केट में कैविटी को दूर करने के लिए कई तरह के टूथ पेस्ट और टूथ पाउडर मौजूद हैं। लेकिन इनमें केमिकल्स होते हैं, जो दांतों को कमजोर बना सकते हैं। ऐसे में आप प्राकृतिक चीजों की मदद से हर्बल पाउडर बना सकते हैं। सबसे खास बात यह है कि आप इस हर्बल टूथ पाउडर को घर पर आसानी से तैयार कर सकते हैं। तो चलिए, जानते हैं कैविटी से छुटकारा पाने के लिए हर्बल पाउडर बनाने का तरीका -
दांत में लगे कीड़ों से छुटकारा दिलाएगा ये हर्बल पाउडर - Homemade Herbal Tooth Powder For Cavity
मार्केट में मिलने वाले टूथपेस्ट में हानिकारक केमिकल्स होते हैं, जैसे- सोडियम फ्लोराइड सल्फेट, प्रिपलिन ग्लाइकॉल और फ्लोराइड आदि। इसके अलावा, इन टूथ पेस्ट में आर्टिफिशियल स्वीटनर्स भी होते हैं, जो कैविटी की समस्या में हानिकारक होते हैं। आज हम आपको एक ऐसे होममेड हर्बल टूथ पाउडर के बारे में बता रहे हैं, जो पूरी तरह से नैचुरल और केमिकल फ्री है। इस टूथ पाउडर के इस्तेमाल से कैविटी से छुटकारा मिलेगा और दांत साफ बनेंगे।
सामग्री - Ingredients To Make Herbal Tooth Powder
- 2 चम्मच आंवला पाउडर
- 1 चम्मच नीम पाउडर
- 1/2चम्मच लौंग का पाउडर
- 1/2 चम्मच दालचीनी पाउडर
- 1/2 चम्मच बेकिंग सोडा
- 1/2 चम्मच नमक
बनाने का तरीका - How To Make Herbal Tooth Powder
- इस हर्बल पाउडर को बनाने के लिए एक बाउल में दो चम्मच आंवला पाउडर और एक चममच नीम का पाउडर लें।
- फिर इसमें लौंग का पाउडर, दालचीनी का पाउडर, बेकिंग सोडा और नमक मिलाएं।
- सभी सामग्रियों को अच्छी तरह से मिक्स कर लें।
- अब इस पाउडर को एक कांच के जार में स्टोर करके रख लें।
- कैसे इस्तेमाल करें - How To Use Herbal Tooth Powder
- इस पाउडर का इस्तेमाल करने के लिए जरूरत के अनुसार पाउडर को निकालें।
- अब टूथब्रश या उंगलियों की सहायता से अपने दांतों को साफ करें।
- इसके बाद पानी से कुल्ला कर लें।
- आप इस हर्बल पाउडर का इस्तेमाल दिन में दो बार कर सकते हैं।

फायदे - Benefits Of Herbal Tooth Powder
नीम में एंटी-बैक्टीरियल, एंटी-फंगल और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं। यह दांतों को स्वस्थ रखने का काम करती है। इसके अलावा, नीम में आइसोटीन और सोर्बिटोल जैसे तत्व मौजूद होते हैं, जो दांतों का पीलापन दूर करने में प्रभावी हो सकते हैं। नीम का इस्तेमाल करने से आपको मसूड़ों से खून आने की समस्या से भी राहत मिल सकती है। वहीं, आंवला भी विटामिन सी, एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होता है। नमक और बेकिंग सोडा भी दांतों को साफ करने के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। लौंग का पाउडर दांतों के दर्द और मसूड़ों की सूजन को दूर कर सकता है। इस हर्बल पाउडर के इस्तेमाल से मुंह की बदबू से भी छुटकारा मिलेगा।
इसे भी पढ़ें: दांतों पर लगी कैविटी को नजरअंदाज करने से हो सकती है कई अन्य परेशानियां
आप दांतों में लगे कीड़ों से छुटकारा पाने के लिए इस हर्बल पाउडर का इस्तेमाल कर सकते हैं. हालांकि, अगर आपको कोई बीमारी या शारीरिक समस्या है, तो आप इसका इस्तेमाल करने से पहले किसी डॉक्टर से सलाह जरूर ले लें।