
Home Remedies For Tooth Cavity Pain In Hindi: दांतों की सही देखभाल न करने के कारण कैविटी की समस्या हो सकती है। दांतों को सही से सफाई न करने, विटामिन की कमी, मसूड़ों में सूजन या रात के समय खाने के कारण भी दांतों में कैविटी हो सकती है। कैविटी होने पर दांत सड़ने लगते हैं और तेज दर्द होता है। ज्यादा लंबे समय तक इलाज न करवाने पर दांत निकालने की नौबत आ सकती है। दांत में कैविटी की समस्या होने पर आपको तुरंत डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए। कई बार कैविटी का दर्द इतना ज्यादा बढ़ जाता है कि पेन किलर का सहारा लेना पड़ता है। लेकिन आप चाहें तो कैविटी के कारण दांत दर्द से राहत पाने के लिए घरेलू उपायों (Cavity Tooth Pain Home Remedies) की मदद ले सकते हैं। आज इस लेख में हम आपको ऐसे ही कुछ घरेलू उपाय बता रहे हैं, जो कैविटी के कारण दांत दर्द को कम कर सकते हैं। तो चलिए, विस्तार से जानते हैं इन उपायों के बारे में -
कैविटी के कारण दांत दर्द के लिए घरेलू उपाय - Home Remedies For Tooth Cavity Pain
फिटकरी
कैविटी के कारण दांत दर्द से राहत पाने के लिए आप फिटकरी का इस्तेमाल कर सकते हैं। फिटकरी में मौजूद तत्व दर्द को कम करने में मददगार होते हैं। इसके लिए आप गुनगुने पानी में फिटकरी डाल दें। दांतों को ब्रश से अच्छी तरह साफ कर लें। इसके बाद फिटकरी के पानी से कुल्ला करें। ऐसा करने से कैविटी की समस्या दूर होगी और दर्द से भी राहत मिलेगी।
लौंग का तेल
दांत के दर्द को कम करने के लिए लौंग का तेल काफी प्रभावी है। लौंग के तेल में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। ये कैविटी पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लड़ने में मदद करता है। लौंग का तेल इस्तेमाल करने से दांत में दर्द और सूजन से राहत मिल सकती है। इसके लिए कॉटन को लौंग के तेल में डिप करें। फिर इसे कैविटी वाले दांत पर लगाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें। ऐसा करने से आपको काफी राहत मिलेगी।
ठंडे पानी की सिंकाई
कैविटी के दर्द को कम करने के लिए ठंडे पानी से दांतों की सिंकाई करें। ठंडे पानी से सिंकाई करने से दांतों के दर्द से आराम मिलता है। इसके लिए आप फ्रिज का ठंडा पानी या आइस पैक इस्तेमाल कर सकते हैं। ऐसा करने से कुछ देर के लिए कैविटी के दर्द से राहत मिल सकती है। इसके अलावा, कैविटी के कारण दांत दर्द होने पर सख्त और मीठी चीजें खाने से बचें।
इसे भी पढ़ें: दांतों को सड़न से बचाना चाहते हैं, तो बदलें अपनी ये 5 आदतें
हाइड्रोजन पेरोक्साइड
हाइड्रोजन पेरोक्साइड एक कीटाणुनाशक के रूप में प्रयोग किया जाता है। यह कैविटी वाले बैक्टीरिया को दूर करने में मदद कर सकता है। कैविटी के कारण दांत में दर्द हो रहा हो, तो हाइड्रोजन पेरोक्साइड से माउथवॉश करें। इससे दर्द और सूजन से राहत मिलेगी और बैक्टीरियल संक्रमण से भी बचाव होगा।
हल्दी
हल्दी औषधीय गुणों से भरपूर होती है। हल्दी का उपयोग कई बीमारियों के इलाज के लिए किया जा सकता है। हल्दी में एंटी-बैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं। यह दांत के दर्द और मसूड़ों की सूजन को कम कर सकती है। कैविटी के दर्द से छुटकारा के लिए थोड़ी सी हल्दी लेकर दांत पर मलें। फिर 5 मिनट बाद पानी से कुल्ला कर लें। इसके अलावा, आप खाने और दूध में हल्दी डालकर भी इसका सेवन कर सकते हैं।
इसे भी पढ़ें: दांतों में दर्द किसकी कमी से होता है? जानें इसके कारण और कैसे करें पूर्ति
इन घरेलू उपायों की मदद से आप कैविटी के कारण दांत दर्द की समस्या से राहत पा सकते हैं। हालांकि, अगर आपकी समस्या बहुत अधिक बढ़ रही है, तो आपको डेंटिस्ट के पास जाना चाहिए।