Doctor Verified

अंकुरित लहसुन खाना सही है या गलत? जानें इसके फायदे और जोखिम

लहसुन का इस्तेमाल भारतीय रसोई में केवल स्वाद बढ़ाने के लिए ही नहीं, बल्कि एक औषधि के रूप में भी किया जाता है। यहां जानिए, क्या अंकुरित लहसुन खाना सुरक्षित है?
  • SHARE
  • FOLLOW
अंकुरित लहसुन खाना सही है या गलत? जानें इसके फायदे और जोखिम

लहसुन का इस्तेमाल ज्यादातर घरों में रोजाना होता है, इसके अंदर मौजूद गुण इम्यूनिटी बढ़ाने, हार्ट हो हेल्दी रखने और पाचन क्रिया को दुरुस्त करने में मदद करते हैं। हालांकि, आयुर्वेद के अनुसार लहसुन की प्रकृति "ऊष्ण" यानी गर्म होती है, इसलिए इसका सेवन गर्मियों के मौसम में सीमित मात्रा में ही करना चाहिए। अक्सर ऐसा होता है कि जब हम बाजार से लहसुन अधिक मात्रा में ले आते हैं और उसे लंबे समय तक स्टोर कर लेते हैं, तो वह अंकुरित होने लगता है। लहसुन की कलियों में से हरे रंग का छोटा अंकुर निकल आता है, जिसे देखकर कई लोग भ्रमित हो जाते हैं कि क्या अब यह खाने योग्य है या नहीं। कुछ लोग इसे नुकसानदायक मानते हैं और फेंक देते हैं, जबकि कुछ इसे और अधिक पौष्टिक मानकर इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या अंकुरित लहसुन खाना सुरक्षित है? क्या इसमें मौजूद पोषक तत्व बदल जाते हैं? और क्या इसकी तासीर में कोई बदलाव आता है? इस बारे में ज्यादा जानकारी के लिए हमने रामहंस चेरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा (Ayurvedic doctor Shrey Sharma from Ramhans Charitable Hospital) से बात की-

क्या अंकुरित लहसुन खाना सुरक्षित है? - Is Sprouted Garlic Safe To Eat

आयुर्वेद के अनुसार लहसुन वात-कफ दोष को संतुलित करता है और अग्नि (पाचन शक्ति) को प्रज्वलित करता है। लहसुन को आयुर्वेद में बल्य (शक्ति देने वाला), दीपनीय (पाचन बढ़ाने वाला) और कृमिनाशक माना गया है। इसके अलावा यह हार्ट, पाचन और संधियों (joints) के लिए विशेष रूप से लाभकारी माना जाता है। जब लहसुन की कली में नमी और गर्मी मिलती है, तो वह अंकुरित होने लगती है यानी उसमें एक हरा छोटा तना निकल आता है। यह अंकुर पोषण तत्वों की वृद्धि का संकेत होता है। अंकुरित लहसुन का स्वाद हल्का कड़वा हो सकता है, लेकिन इसके औषधीय गुणों में कोई कमी नहीं आती। आयुर्वेद मानता है कि लहसुन अंकुरित होने पर ‘ऊष्ण’ यानी गर्म प्रकृति का ही बना रहता है।

इसे भी पढ़ें: क्या लहसुन आपके फफड़ों के लिए अच्छा है? एक्सपर्ट से जानें और फिर करें सेवन

डॉ. श्रेय शर्मा के अनुसार, "अंकुरित लहसुन का सेवन नुकसानदायक नहीं है। इसका गुण गर्म ही रहता है, लेकिन यह और ज्यादा पोषक हो जाता है। इसमें रोग प्रतिरोधक क्षमता यानी इम्यूनिटी बढ़ाने वाले गुण और अधिक एक्टिव हो जाते हैं। हालांकि, जिन्हें पित्त संबंधी समस्याएं जैसे शरीर में गर्मी, एसिडिटी या मुंह में छाले होते हों, उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।"

Is Sprouted Garlic Safe To Eat

अंकुरित लहसुन के फायदे - ankurit lahsun ke fayde

  • अंकुरित लहसुन में एंटीऑक्सीडेंट की मात्रा अधिक हो जाती है, जो शरीर को फ्री रेडिकल्स से लड़ने में मदद करती है और इम्यून सिस्टम को मजबूत करती है।
  • यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में सहायक हो सकता है, कोलेस्ट्रॉल को संतुलित करता है और हार्ट की मांसपेशियों को पोषण देता है।
  • लहसुन अग्नि को बढ़ाता है और पाचन को बेहतर करता है। गैस, कब्ज और अपच में भी यह फायदेमंद होता है।
  • अंकुरित लहसुन का सेवन पुराने जोड़ों के दर्द, गठिया और सूजन जैसी समस्याओं में राहत दे सकता है।
  • लहसुन लिवर को डिटॉक्स करने और शरीर से विषैले तत्वों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने में सहायक होता है।

इसे भी पढ़ें: कोलेस्ट्रॉल कम करने के लिए लहसुन का सेवन कैसे करें? एक्सपर्ट से जानें

आयुर्वेद के अनुसार लहसुन कैसे खाएं? - How to eat garlic as per Ayurveda

अंकुरित लहसुन को रोजाना सर्दियों के समय 1-2 कलियां सुबह के समय घी में पकाकर खाई (What is the right way to consume garlic) जा सकती हैं। इसके अलावा लहसुन को पकाकर सब्जियों या दाल में डालना भी एक अच्छा विकल्प है।

लहसुन किसे नहीं खाना चाहिए? - Who should avoid taking garlic

  • जिन लोगों की प्रकृति पित्त प्रधान है, उन्हें अंकुरित लहसुन का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
  • जिन लोगों को गर्मी से संबंधित समस्याएं जैसे एसिडिटी, अल्सर या त्वचा में जलन होती हो, वे डॉक्टर की सलाह लें।
  • गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं को लहसुन का सेवन सीमित मात्रा में करना चाहिए।
  • जिन लोगों को लहसुन से एलर्जी है, वे इसका सेवन बिलकुल न करें।

निष्कर्ष

अंकुरित लहसुन का गुण गर्म होता है, इसलिए इसे संतुलित मात्रा में लेना चाहिए। सही व्यक्ति, सही मात्रा और सही समय पर इसका सेवन करके कई बीमारियों से बचा जा सकता है और शरीर को प्राकृतिक रूप से हेल्दी रखा जा सकता है। यदि आप किसी पुरानी बीमारी से ग्रस्त हैं या कोई दवा ले रहे हैं, तो किसी भी आयुर्वेदिक चीज का सेवन करने से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

All Images Credit- Freepik

FAQ

  • लहसुन कब नहीं खाना चाहिए?

    लहसुन का सेवन स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद होता है, लेकिन कुछ स्थितियों में इससे परहेज करना चाहिए। आयुर्वेद के अनुसार, लहसुन की तासीर गर्म होती है, इसलिए गर्मियों में अधिक मात्रा में इसका सेवन नहीं करना चाहिए। पेट में अल्सर, एसिडिटी, पाचन संबंधी गड़बड़ी, या बवासीर के रोगियों को लहसुन खाने से बचना चाहिए। प्रेग्नेंसी के दौरान अधिक मात्रा में लहसुन लेने से भी परहेज करना चाहिए।
  • लहसुन खाने का सही तरीका क्या है?

    लहसुन खाने का सही तरीका यह है कि इसे घी में पकाकर खाया जाए या छौंक के रूप में सब्जियों में इस्तेमाल किया जाए।
  • क्या गर्मियों में लहसुन खा सकते हैं?

    गर्मियों में लहसुन का सेवन किया जा सकता है, लेकिन सीमित मात्रा में और सावधानी के साथ। लहसुन की तासीर गर्म होती है, इसलिए अधिक मात्रा में खाने से यह शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है, जिससे एसिडिटी, पित्त की समस्या या घमौरियां हो सकती हैं। जिन लोगों का पाचन कमजोर है या जिन्हें शरीर में पहले से गर्मी की शिकायत रहती है, उन्हें गर्मियों में लहसुन का सेवन कम करना चाहिए या डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

 

 

 

Read Next

नीम की पत्तियों से पाएं साफ स्किन, व्हाइटहेड्स और ब्लैकहेड्स से भी मिलेगा छुटकारा

Disclaimer