
Appetite Loss in Summer: क्या आपको भी गर्मियों में भूख नहीं लगती? कई ऐसे लोग हैं, जो सर्दियों के मुकाबले गर्मियों में कम खाना खाते हैं। आप कह सकते हैं, कि मौसम हमारे डाइजेशन को भी प्रभावित करता है। गर्मियों के मौसम में, व्यक्ति को डिहाइड्रेशन और सुस्ती महसूस होती है। गर्मियों में, खाना खाते ही शरीर में आंतरिक गर्मी उत्पन्न होती है। इससे शरीर का तापमान बढ़ता है और आपको गर्मी महसूस होती है। इस कारण कई लोगों को कुछ भी खाने का मन नहीं करता। आगे लेख में हम जानेंगे, कि क्या गर्मियों में भूख न लगना सामान्य है? (Is It Normal To Lose Your Appetite In Summer) इसके साथ ही आपको बताएंगे कि भूख न लगने पर क्या करना चाहिए। इस विषय पर बेहतर जानकारी के लिए हमने लखनऊ के केयर इंस्टिट्यूट ऑफ लाइफ साइंसेज की एमडी फिजिशियन डॉ सीमा यादव से बात की।
क्या गर्मियों में भूख कम लगना नॉर्मल है?- Appetite Loss in Summer Is Normal Or Not
गर्मियों में भूख न लगना एक सामान्य बात है। इस मौसम में, भूख न लगने के पीछे कई कारण हो सकते हैं। जैसे इस मौसम में तापमान ज्यादा होने के कारण, तरल पदार्थ पीने का मन करता है, लेकिन पूरी डाइट लेने का मन नहीं करता। इस दौरान लोगों को कब्ज और डायरिया जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। इस कारण से, लोग कुछ हल्का खाना चाहते हैं। गर्मियों के समय, गरम खाना खाने से, शरीर का तापमान भी बढ़ जाता है इसलिए लोगों की डाइट कम हो जाती है। हालांकि जैसे-जैसे तापमान में बदलाव की आदत हो जाती है, व्यक्ति सामान्य रूप से अपनी डाइट लेने लगता है।
गर्मियों में भूखा रहने के नुकसान
- हेल्दी डाइट का सेवन न करने से, शरीर में पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। इससे सिर में दर्द या मांसपेशियों में दर्द उठ सकता है।
- गर्मियों में भूखा रहेंगे और हेल्दी डाइट का सेवन नहीं करेंगे, तो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर हो जाएगी।
- गर्मियों में अपनी डाइट से कम खाएंगे, तो शरीर में कमजोरी आ जाएगी।
- कम खाना खाएंगे, तो पोषक तत्वों की कमी होगी। इससे शरीर मौसमी बीमारी और संक्रमण का शिकार हो सकता है।
इसे भी पढ़ें- खाते समय सीने में होती है तेज जलन, तो अपनाएं ये 5 आयुर्वेदिक उपाय
भूख कम होने पर क्या करें?- Appetite Loss in Summer Prevention
- डॉ सीमा ने बताया कि गर्मियों में भूख न लगने की समस्या से बचने के लिए, शरीर को हाइड्रेट रखें।
- पानी का सेवन करते रहेंगे, तो शरीर का तापमान कंट्रोल रहेगा और आपको भूख लगेगी।
- गर्मियों में तरबूज का सेवन करें। इसमें करीब 92 प्रतिशत पानी होता है। इसका सेवन करने से पेट भी भर जाता है।
- गर्मियों में तेल और ज्यादा मिर्च वाली चीजों का सेवन करने से बचना चाहिए। इन चीजों का ज्यादा सेवन करने से भूख प्रभावित हो सकती है।
- गर्मियों के मौसम में, 3 बड़े मील्स लेने के बजाय, 5 छोटे मील्स लें। इससे आप कम खाएंगे, और पेट भी खाली नहीं रहेगा।
- गर्मियों में हल्दी को डाइट में शामिल करें। हल्दी का सेवन करने से पाचन संबंधी शिकायतें दूर होती हैं और आप भूख कंट्रोल किए बगैर, खा सकते हैं।
उम्मीद करते हैं, आपको ऊपर बताई जानकारी पसंद आई होगी। लेख को शेयर करना न भूलें। अधिक जानकारी के लिए पढ़ें ओनलीमायहेल्थ।