Is Drinking Water At Night Bad For Kidney: शरीर को हेल्दी और फिट बनाए रखने के लिए नियमित रूप से पर्याप्त मात्रा में पानी जरूर पीना चाहिए। शरीर में पानी की कमी बहुत गंभीर होती है और इसकी वजह से कई गंभीर बीमारियों का खतरा रहता है। कम मात्रा में पानी पीने से शरीर के आंतरिक अंगों को नुकसान पहुंचता है। इसकी वजह से पेट और पाचन तंत्र से जुड़ी समस्याओं का खतरा भी रहता है। ऐसा कहा जाता है कि पूरे दिन में काम से कम 4 लीटर पानी जरूर पीना चाहिए। लेकिन पानी पीने का भी अपना एक तरीका होता है। गलत तरीके से पानी पीना सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। रात के समय में भी पानी पीने को लेकर कई सावधानियों का ध्यान रखना चाहिए। ऐसा माना जाता है कि रात के समय पानी पीने से किडनी खराब होने का खतरा रहता है। आइए इस लेख में विस्तार से समझते हैं रात में ज्यादा पानी पीने के नुकसान और सावधानियों के बारे में।
क्या रात में पानी पीने से किडनी खराब होती है?- Is Drinking Water At Night Bad For Kidney in Hindi
भोजन करने से कुछ समय बाद तक पानी नहीं पीना चाहिए या संतुलित मात्रा में ही पीना चाहिए। इसी तरह से रात में भी पानी पीने को लेकर कुछ सावधानियों का ध्यान रखने की सलाह दी जाती है। बाबू ईश्वर शरण हॉस्पिटल के सीनियर फिजीशियन डॉ समीर कहते हैं, "रात के समय में ज्यादा पानी पीने से बार-बार पेशाब, नींद से जुड़ी समस्या और पेट से जुड़ी परेशानी का खतरा रहता है। इसकी वजह से किडनी खराब होने को लेकर अभी तक कोई वैज्ञानिक सबूत नहीं मिले हैं। लेकिन किडनी के मरीजों को रात में बहुत ज्यादा मात्रा में पानी न पीने की सलाह दी जाती है। ज्यादा पानी पीने से किडनी के मरीजों की परेशानी और बढ़ सकती है।"
इसे भी पढ़ें: क्या कम पानी पीने से किडनी खराब हो जाती है? जानें कितना पानी पीना जरूरी
रात में खाना खाने के बाद कितना पानी पीना चाहिए?
रात में खाना खाने के बाद ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए। खाने के बाद लगभग 20 मिनट तक ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए। इसके बाद थोड़ी मात्रा में पानी पी सकते हैं। इससे आपका पाचन तंत्र भी ठीक रहेगा और किडनी को भी नुकसान पहुंचने का खतरा कम होगा। आमतौर पर भोजन के बाद रात में दो से तीन गिलास पानी पीना सुरक्षित माना जाता है।
रात में पानी पीने से जुड़ी सावधानियां
- रात में पानी पीते समय इन बातों का ध्यान रखना चाहिए
- रात को बहुत अधिक पानी न पिएं। धीरे-धीरे और सावधानी से पानी पिएं।
- रात को खाने के बाद एक बार में ही बहुत ज्यादा पानी न पिएं, क्योंकि यह पाचन सिस्टम को प्रभावित कर सकता है।
रात को सामान्य मात्रा में पानी पीना नुकसानदायक नहीं होता है। लेकिन अगर आपको किडनी से जुड़ी कोई बीमारी है, तो रात को सोने से पहले ज्यादा पानी पीने से बचना चाहिए। इसके लिए आप अपने डॉक्टर की सलाह ले सकते हैं। रात को ज्यादा पानी पीने से नींद, पाचन और पेशाब से जुड़ी समस्याओं का खतरा रहता है।
(Image Courtesy: freepik.com)