भारत के लगभग हर घर की किचन में आपको राई यानी सरसों के दाने (Mustard seeds) मिल जाएंगे। सरसों का उपयोग भारतीय घरों में कई तरीकों से किया जाता है, सरसों के दानों का इस्तेमाल अचार बनाने में, सब्जी में, तड़का लगाने में, स्किन बेहतर बनाने के लिए और बालों की देखभाल के लिए किया जाता है। सरसों के बीजों से बने सरसों के तेल के भी अनेक फायदे और इस्तेमाल के तरीके हैं। लेकिन यहां हम आपको बालों के लिए सरसों के पाउडर यानी सरसों के आटे (Mustard seed powder) का इस्तेमाल बताने वाले हैं, जिससे आपको बालों की क्वालिटी बेहतर होगी और बालों का झड़ना (hair fall) भी कम होगा।
बालों के विकास के लिए सरसों के पाउडर का उपयोग कैसे करते हैं? how to use mustard powder for hair growth
- राई का आटा बालों के लिए फायदेमंद साबित होता है, इसमें बीटा-कैरोटीन के साथ आयरन और प्रोटीन की अच्छी मात्रा पाई जाती है, जो कि बालों की ग्रोथ के लिए बेहद जरूरी है।
- हेयर ग्रोथ के लिए आप सरसों के आटे में दही मिलाकर एक पेस्ट बनाएं।
- अब इस पेस्ट को हेयर मास्क की तरह स्कैल्प और बालों पर लगाएं और 30 से 40 मिनट के बाद साफ पानी से बालों को धोएं।
- इसके इस्तेमाल से बालों में शाइन आएगी और ग्रोथ पर भी असर पड़ेगा।
- इसके अलावा आप 1 चम्मच सरसों के पाउडर के साथ 1 अंडे का सफेद भाग मिलाकर पेस्ट बनाएं।
- इस पेस्ट में आधा चम्मच बादाम का तेल मिलाएं और फिर हेयर मास्क की तरह बालों पर लगाएं।
- 30 से 40 मिनट के बाद बालों को माइल्ड शैंपू के साथ ताजे पानी से धोएं।
बालों से रूसी हटाने के लिए सरसों का पाउडर
- कई बार प्रदूषण के कारण बालों में खुजली और रूसी की समस्या हो जाती है, जिसके लिए भी राई का आटा (पाउडर) फायदेमंद साबित होता है।
- इसके लिए राई यानी सरसों का 1 बड़ा चम्मच आटे लें और इसमें जरूरत के मुताबिक पानी मिलाकर गाढ़ा पेस्ट बनाएं।
- इस पेस्ट से स्कैल्प की अच्छे से मसाज करें।
- मसाज करने के बाद सरसों के पेस्ट को बालों पर कम से कम 15 मिनट के लिए लगा रहने दें।
- 15 से 20 मिनट के बाद बालों को साफ ताजे पानी से अच्छे से धोएं।
- सरसों के आटे के पेस्ट से बाल अच्छे से साफ होंगे और चिपचिपाहट भी दूर होगी।
- सरसों के आटे के इस्तेमाल से रूसी के साथ ड्राईनेस और खुजली की समस्या भी कम होगी।
इसे भी पढ़ें: सरसों का उबटन लगाने से त्वचा को मिलते हैं कई फायदे, जानें इसे घर पर बनाने की विधि
आप बाजार में मिलने वाले महंगे शैंपू की जगह सरसों के पाउडर से भी अपने बालों को धो सकते हैं। सरसों के पाउडर से बाल धोने पर इनमें चमक आएगी और बालों का झड़ना भी कम होगा। सरसों के पाउडर में कैल्शियम, मैग्नीशियम, फॉस्फोरस, पोटेशियम और विटामिन A अच्छी मात्रा में होता है, जो कि बालों के विकास में मदद करता है।