Mulethi For Acidity In Hindi: वर्तमान समय में एसिडिटी की समस्या काफी आम हो चुकी है। गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल हर दूसरा व्यक्ति एसिडिटी से परेशान है। आमतौर पर ज्यादा ऑयली या मसालेदार भोजन खाने की वजह से यह समस्या होती है। इसके अलावा, चाय कॉफी के अत्यधिक सेवन, भोजन को ठीक तरह से चबाकर न खाने, सिरगेट-शराब पीने या अधिक तनाव की वजह से भी एसिडिटी हो सकती है। एसिडिटी होने पर खाना खाते ही सीने में जलन, खट्टी डकार और पेट फूलने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। ऐसे में अधिकतर लोग इससे राहत पाने के लिए तरह-तरह की दवाइयों का सेवन शुरू कर देते हैं। लेकिन इनका ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकता है। ऐसे में आप चाहें तो कुछ प्राकृतिक चीजों की मदद से इस समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। क्या आप जानते हैं कि एसिडिटी की समस्या में मुलेठी का सेवन बहुत लाभकारी माना जाता है। जी हां, मुलेठी पाचन स्वास्थ्य के लिए भी काफी फायदेमंद मानी जाती है। इसमें एंटी-माइक्रोबियल और एंटीवायरल गुण मौजूद होते हैं, जो पाचन को दुरुस्त रखते हैं और संक्रमण से बचाव में मदद करते हैं। मुलेठी का सेवन करने से पेट को ठंडक मिलती है और सीने में जलन की समस्या कम होती है। लेकिन अब सवाल यह उठता है कि एसिडिटी होने पर मुलेठी का इस्तेमाल कैसे करें? आज इस लेख में आयुर्वेदिक चिकित्सक डॉ रितु चड्ढा से जानेंगे एसिडिटी में मुलेठी का सेवन करने के 4 तरीके -
1. मुलेठी की चाय
एसिडिटी की समस्या से राहत पाने के लिए आप मुलेठी की चाय बनाकर पी सकते हैं। यह चाय आपके पाचन क्रिया को बेहतर बनाने में मदद करेगी। इसे पीने से गैस, ब्लोटिंग और सीने में जलन जैसी समस्याओं में लाभ मिल सकता है। यह शरीर में पोषक तत्वों के बेहतर अवशोषण को भी बढ़ावा दे सकती है। इसके लिए आप एक पैन में एक गिलास पानी डालकर गर्म करें। फिर इसमें एक मुलेठी की जड़ डालें। इसे 5 मिनट तक उबालें और फिर छानकर इसका सेवन करें। आप चाहें तो इसमें थोड़ा सा शहद भी मिला सकते हैं।
2. मुलेठी पाउडर
अगर आपको एसिडिटी की समस्या है, तो आप मुलेठी पाउडर का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए मुलेठी के जड़ को सुखा लें। फिर इसे पीसकर पाउडर बना लें। रोज सुबह-शाम एक चम्मच मुलेठी पाउडर का सेवन गर्म पानी या दूध के साथ करें। इससे आपको अपच, कब्ज और पेट में दर्द जैसी समस्याओं से भी छुटकारा मिलेगा। मुलेठी पाचन में सुधार करती है और पेट से जुड़ी समस्याओं को दूर करने में मदद करती है।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी में अजवाइन कैसे खाएं? जानें इसे इस्तेमाल करने का तरीका
3. मुलेठी की जड़ चबाएं
मुलेठी की जड़ चबाने से सेहत को कई फायदे मिलते हैं। इसकी तासीर ठंडी होती है, इसलिए यह पेट और सीने की जलन को शांत करने में मददगार होती है। इसके अलावा, इसमें एंटी-माइक्रोबियल गुण मौजूद होते हैं, जो पेट में संक्रामक बैक्टीरिया को रोकने में मदद करते हैं। इससे पेट में दर्द, एसिडिटी, गैस और अपच जैसी समस्याएं दूर होती हैं। इसके अलावा, ये ओरल हेल्थ के लिए भी काफी फायदेमंद होती है।
4. मुलेठी का पानी
इसके लिए आप रात में सोने से पहले मुलेठी को पानी में भिगोकर रख दें। अगली सुबह खाली पेट इस पानी का सेवन करें। मुलेठी का पानी पीने से पाचन क्रिया में सुधार होगा। इससे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थ बाहर निकल जाएंगे और पेट खुलकर साफ होगा। इसके नियमित सेवन से आपको एसिडिटी और कब्ज की समस्या से छुटकारा मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी होने पर इन 4 तरीकों से करें पुदीने की पत्तियों का सेवन, जल्द मिलेगा आराम
एसिडिटी की समस्या में मुलेठी का सेवन इन 4 तरीकों से किया जा सकता है। हालांकि, अगर आपको कोई गंभीर बीमारी या समस्या है, तो सेवन से पहले एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।