How To Use Ajwain For Gas Problem In Hindi: पेट में गैस होना एक बेहद आम समस्या है। ज्यादा मसालेदार या तला-भुना खाना, एक्सरसाइज न करना या लंबे समय तक एक ही जगह पर बैठने रहने के कारण पेट में गैस की समस्या होने लगती है। कई लोगों को पेट में गैस होने पर पेट दर्द, उल्टी, मतली और पेट फूलने जैसी कई समस्याओं का सामना भी करना पड़ता है। अक्सर लोग पेट की गैस से छुटकारा पाने के लिए कई तरह की दवाइयों और चूर्ण आदि का सेवन शुरू कर देते हैं। लेकिन इनसे भी थोड़े समय के लिए ही राहत मिलती है। वहीं, इनका ज्यादा सेवन सेहत के लिए नुकसानदायक भी साबित हो सकता है। ऐसे में आप चाहें तो पेट में गैस की समस्या से निजात पाने के लिए अजवाइन का कर सकते हैं। जी हां, पाचन को दुरुस्त करने के लिए अजवाइन बहुत फायदेमंद मानी जाती है। इसमें थाइमोल मौजूद होता है, जो पेट में गैस, अपच, कब्ज और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं को दूर करने में मदद करता है। अजवाइन पेट में गैस्ट्रिक रस को रिलीज करती है, जिससे पाचन तंत्र मजबूत बनता है। अजवाइन का सेवन करने से पेट की गैस आसानी से निकल आती है और पेट दर्द से भी राहत मिलती है। आइए, जानते हैं पेट में गैस की समस्या दूर करने के लिए अजवाइन का सेवन कैसे करें ? -
गैस की समस्या दूर करने के लिए अजवाइन कैसे खाएं? - How To Use Ajwain For Gas Problem In Hindi
अजवाइन के बीज चबाएं
पेट की गैस से छुटकारा पाने के लिए आप अजवाइन के बीज को सीधे तौर पर चबा सकते हैं। इसके लिए आप सुबह खाली पेट या खाना खाने के बाद एक चम्मच अजवाइन के बीज को मुंह में रखें और चबाते रहें। इससे गैस की परेशानी दूर होने के साथ-साथ कब्ज और अपच से भी राहत मिलेगी।
अजवाइन की चाय
पेट में गैस की समस्या दूर करने के लिए अजवाइन की चाय का सेवन किया जा सकता है। इसे बनाने के लिए आप एक गिलास पानी गर्म करें। इसमें एक चम्मच अजवाइन डालकर अच्छी तरह उबालें। फिर इसे छानकर पी लें। दिन में 1-2 बार अजवाइन की चाय का सेवन करने से पेट दर्द और ब्लोटिंग की समस्या से आराम मिल सकता है। इसके नियमित सेवन से कब्ज की समस्या भी दूर हो सकती है।
गुनगुने पानी के साथ अजवाइन खाएं
गैस होने पर गुनगुने पानी के साथ अजवाइन का सेवन काफी लाभकारी हो सकता है। इससे पाचन क्रिया बेहतर होती है और भोजन पचाने में मदद मिलती है। इस तरह से अजवाइन का सेवन करने से पेट की गैस निकल जाती है और पेट भी अच्छी तरह साफ होता है। इससे पेट दर्द की समस्या में भी काफी आराम मिल सकता है।
इसे भी पढ़ें: एसिडिटी की समस्या दूर करेगा हल्दी-अजवाइन का पानी, जानें बनाने का तरीका
अजवाइन और जीरा
अगर आप गैस की परेशानी से छुटकारा पाना चाहते हैं, तो 2 चम्मच अजवाइन और 2 चम्मच जीरा मिक्सी में डालकर पीस लें। इसमें आधा-आधा चम्मच काला नमक और हींग मिला लें। इन सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करके चूर्ण तैयार कर लें। भोजन के बाद एक चम्मच इस चूर्ण का सेवन गुनगुने पानी के साथ करें। ऐसा करने से पेट में गैस नहीं बनेगी और आपका पाचन बेहतर होगा। इसके सेवन से पेट में दर्द, अपच और कब्ज की समस्या से भी राहत मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: रात को अजवाइन कैसे खाएं? जानें 5 तरीके जिनसे दूर होगी कई समस्याएं
इन 4 तरीकों से अजवाइन का सेवन करके आप गैस की समस्या से छुटकारा पा सकते हैं। हालांकि, अगर फिर भी आपकी समस्या दूर न हो रही हो, तो डॉक्टर से परामर्श लें।