रोजाना कसरत के लिए समय निकाल पाना कई लोगों के लिए मुश्किल होता है। कई दिन ऐसे भी होते हैं जब कसरत करने का मन नहीं होता। वहीं कुछ लोगों के पास कसरत के लिए ऊर्जा ही नहीं बचती। कुछ, तो आलस्य के चलते कसरत से कतराते हैं। लेकिन कसरत आपके शरीर को स्वस्थ्य बनाए रखने के लिए जरूरी है। इसे रूटीन में शामिल न करने से शरीर कई बीमारियों की चपेट में आ जाता है। व्यायाम को थोड़ा सिंपल बनाकर उसे आसानी से किया जा सकता है। इस लेख में हम ऐसी 5 टिप्स के बारे में बात करेंगे, जिनकी मदद से कसरत को आसान बना सकते हैं।
1. कसरत से पहले कुछ खाएं
कई लोग इसलिए कसरत नहीं कर पाते क्योंकि उनके शरीर में पर्याप्त ऊर्जा नहीं होती। कसरत से दो घंटे पहले प्रोटीन, कैल्शियम, फाइबर रिच फूड्स का सेवन करें। इससे आपके शरीर को एनर्जी मिलेगी। हेल्दी ड्रिंक का भी सेवन कर सकते हैं। बिना ऊर्जा के कसरत करेंगे, तो ज्यादा दिनों तक आपका मन लगा पाना मुश्किल होगा और कसरत बीच में ही छूट जाएगी। कई एक्सपर्ट ऐसा मानते हैं कि सुबह उठने के आधे घंटे के भीतर आपको कुछ न कुछ जरूर खा लेना चाहिए।
2. कसरत का सही समय क्या है?
कसरत को आसान बनाने के लिए उसे कब किया जा रहा है ये जानना जरूरी है। ऐसा जरूरी नहीं है कि हर व्यक्ति सुबह जल्दी उठकर कसरत कर पाने में सक्षम हो। कुछ लोगों को रात में देर से सोने की आदत होती है। वहीं कुछ लोगों को मॉर्निंग सिकनेस की समस्या होती है। ऐसे में आप सुबह कसरत करेंगे, तो तबीयत बिगड़ सकती है। अपने मुताबिक कसरत का समय तय करें। शाम को कसरत करना आपके लिए ज्यादा आसान है, तो ईवनिंग वॉक या हल्के व्यायाम चुन सकते हैं। व्यायाम को आसान बनाने के लिए, अच्छी नींद भी लें।
इसे भी पढ़ें- थायराइड में तेजी से बढ़ रहा है वजन? इन 5 फूड्स की मदद से करें कंट्रोल
3. घर से करें शुरुआत
जो लोग कसरत को मुश्किल समझते हैं उन्हें बाहर जाने के बजाय घर पर कसरत से शुरुआत करनी चाहिए। कई लोग जिम जाने से बचने के लिए कसरत को स्किप कर देते हैं। ऐसा करने से शरीर पर कसरत का कोई असर नहीं होता। बाहर जाना पसंद नहीं है, तो घर से कसरत की शुरुआत करें। सीढ़ियों पर वर्कआउट (stairs workout) करना भी इन दिनों प्रचलन में है। जो लोग बाहर निकलना पसंद नहीं करते, वे सीढ़ियों पर कसरत कर सकते हैं।
4. कसरत के सेट्स कम करें
व्यायाम आपके शरीर की ऊर्जा बढ़ाने के लिए है न कि घटाने के लिए। जरूरी नहीं है कि कसरत के कई सेट्स करके ही आप कसरत का लक्ष्य पूरा कर सकते हैं। अगर व्यायाम करना मुश्किल लग रहा है, तो कसरत के सेट्स कम कर दें। किसी कसरत को कितनी बार दोहराया जा रहा है, उसे सेट्स में गिनते हैं। जैसे कसरत को 5 बार दोहराया जाए, तो उसे 5 सेट्स कहेंगे। 4 से 5 अलग-अलग व्यायाम अपने रूटीन में शामिल करें। इनके 2 से 3 सेट्स ही काफी होंगे।
5. म्यूजिक का सहारा लें
कसरत को आसान बनाने का सबसे अच्छा तरीका है म्यूजिक का सहारा लें। व्यायाम को मजेदार बनाकर उसे देर तक किया जा सकता है। इसके साथ ही फिट रहने के लिए मशीनों के बजाय आप डांस का सहारा भी ले सकते हैं। जिन लोगों को मशीनों के साथ कसरत करना मुश्किल लगता है, वो भांगड़ा, एरोबिक्स, फ्री डांस आदि विकल्पों के जरिए बॉडी को फिट बना सकते हैं। दूसरों के साथ कसरत करना मजेदार हो सकता है। इसके लिए आप एरोबिक्स क्लॉस का हिस्सा भी बन सकते हैं।
इन आसान तरीकों से कसरत को आसान बनाया जा सकता है। लेख पसंद आया हो, तो शेयर करना न भूलें।