Mushroom For Weight Loss In Hindi: वर्तमान समय में मोटापा एक गंभीर समस्या बन चुका है। गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण आजकल बड़ी संख्या में लोग मोटापे से परेशान हैं। अपने बढ़े हुए वजन को कम करने के लिए लोग कई तरीके अपनाते हैं। इसके लिए लोग डाइटिंग करते हैं और घंटों जिम में पसीना भी बहाते हैं। लेकिन कई बार इतनी मेहनत के बावजूद भी वजन कम होने का नाम ही नहीं लेता है। वजन घटाने के लिए लोग कई चीजों को अपनी डाइट से बाहर निकाल देते हैं। लेकिन आज हम आपको एक ऐसी चीज के बारे में बताएंगे, जिसे डाइट में शामिल करके आप आसानी से वजन घटा सकते हैं। अगर आप वेट लॉस करना चाहते हैं, तो आपको अपनी डाइट में मशरूम को शामिल करना चाहिए। सेहत के लिए मशरूम का सेवन बहुत फायदेमंद होता है। इसमें विटामिन-बी, विटामिन-डी, प्रोटीन, फाइबर, कैल्शियम, पोटैशियम, जिंक, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट जैसे कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं। मशरूम में कैलोरी की मात्रा काफी कम होती है, जिसकी वजह से वजन कंट्रोल करने में मदद मिलती है। इसे खाने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और पेट लंबे समय तक भरा रहता है। इसकी वजह से आप ओवरईटिंग करने से बच जाते हैं, जिससे वजन घटाने में मदद मिलती है। तो आइए, इस लेख में मायहेल्थबडी की डाइटीशियन अंतरा देबनाथ से जानते हैं कि वजन घटाने के लिए मशरूम कैसे खाना चाहिए?
वजन घटाने के लिए मशरूम कैसे खाएं? - How To Eat Mushroom For Weight Loss In Hindi
ब्रेकफास्ट में खाएं मशरूम
अपने बढ़ते वजन को कम करने के लिए सुबह नाश्ते में मशरूम का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए आप मशरूम को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब इसे ओट्स या दलिया में मिलाकर खाएं। अगर आप अंडा खाते हैं, तो आप मशरूम ऑमलेट का सेवन कर सकते हैं। इसके लिए जिस तरह नॉर्मल ऑमलेट तैयार किया जाता है, उसी में मशरूम को मिलाएं। ब्रेकफास्ट में मशरूम खाने से आपको बार-बार क्रेविंग नहीं होगी, जिससे वजन घटाने में मदद मिलेगी।
मशरूम सूप
वजन घटाने के लिए आप मशरूम सूप का सेवन कर सकते हैं। इसे बनाना बहुत ही आसान है। इसके लिए आप मशरूम, प्याज, गाजर, अदरक और लहसुन को बारीक काट लें। अब एक पैन में थोड़ा-सा घी गर्म करें। इसमें लहसुन और अदरक को डालकर भून लें। फिर इसमें प्याज, मशरूम और गाजर को डालकर 2-4 मिनट तक भूनें। इसके बाद इसमें पानी और स्वादानुसार नमक डालकर पकाएं। जब सूप तैयार हो जाए, तो इसमें एक चुटकी काली मिर्च मिलाकर पिएं। नियमित रूप से इस सूप के सेवन से आपको वेट लॉस में मदद मिल सकती है।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए इन 4 तरीकों से खाएं सोया चंक्स, तेजी से होगा वेट लॉस
मशरूम स्टर फ्राई
अगर आप वजन घटाना चाहते हैं, तो मशरूम स्टर फ्राई खा सकते हैं। इसके लिए आप मशरूम, गाजर, प्याज, गोभी और टमाटर को छोटे टुकड़ों में काट लें। अब एक पैन में एक चम्मच घी गर्म करें। इसमें बारीक कटा लहसुन और अदरक डालकर भूनें। फिर इसमें कटी हुई सब्जियों को डालकर मीडियम आंच पर 5-7 मिनट तक पकाएं। आप चाहें तो इसमें पनीर के टुकड़े भी डाल सकते हैं। साथ ही, इसमें काली मिर्च पाउडर, नमक और नींबू का रस मिलाएं। 2-3 मिनट पकाने के बाद गैस बंद कर लें। आप मशरूम स्टर फ्राई बनकर तैयार है। इसे खाने से आपको टेस्ट भी मिलेगा और वजन घटाने में मदद भी मिलेगी।
मशरूम की सब्जी
मशरूम की सब्जी का सेवन वजन घटाने के लिए लाभकारी साबित हो सकता है। इसमें फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पेट को लंबे समय तक भरा हुआ रखता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा प्रदान करते हैं और वजन घटाने में भी मदद करते हैं। इस सब्जी को ज्यादा हेल्दी बनाने के लिए आप इसमें तेल या घी का इस्तेमाल कम करें।
इसे भी पढ़ें: वजन घटाने के लिए टोफू कैसे खाएं? जानें 3 तरीके, जिनसे एक्स्ट्रा चर्बी कम करने में मिलेगी मदद
अगर आप भी वजन कम करना चाहते हैं, तो इन तरीकों से मशरूम का सेवन कर सकते हैं। हालांकि, अगर आप किसी बीमारी से जूझ रहे हैं, तो इसका सेवन करने से पहले डॉक्टर की सलाह जरूर लें।