Doctor Verified

नाक की सर्जरी के बाद डिप्रेशन में चली गई थीं प्रियंका चोपड़ा, जानें कैसे आईं इससे बाहर

Priyanka Chopra: अपने एक इंटरव्यू के दौरान प्रियंका चोपड़ा ने इस बात का खुलासा किया कि, नाक की सर्जरी के कारण वह डिप्रेशन में चली गई थीं। आइए विस्तार से जानें उनकी कहानी।  
  • SHARE
  • FOLLOW
नाक की सर्जरी के बाद डिप्रेशन में चली गई थीं प्रियंका चोपड़ा, जानें कैसे आईं इससे बाहर


बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा अक्सर सुर्खियों में बनी रहती हैं। एक्टिंग स्किल्स से लेकर फैशन और ग्लैमरस लुक के लिए प्रियंका को दुनिया भर में पसंद किया जाता है। प्रियंका न सिर्फ अपने टैलेंट, बल्कि कॉन्फिडेंस के कारण भी फैंस में पॉपुलर रहती हैं। कई इंटरव्यू के दौरान प्रियंका अपनी जिंदगी के अनुभवों पर भी बात करती नजर आती रहती हैं। अब तक उन्होंने पर्सनल लाइफ और करियर में आने वाली कई परेशानियों पर खुलकर बात भी की है। इसी प्रकार अपने एक इंटरव्यू में प्रियंका ने करियर की शुरुआत में डिप्रेशन से ग्रस्त होने का खुलासा भी किया है। प्रियंका ने बताया कि जब उन्होंने अपनी नाक की सर्जरी कराई थी, तो इसके कारण उन्हें काफी कुछ झेलना पड़ा था। इस वजह से वह लंबे समय तक डिप्रेशन से ग्रस्त रही थीं और काफी कोशिशों के बाद इस समस्या से बाहर आ पाई थीं। ओनलीमायहेल्थ के इस लेख में आज हम जानेंगे कि प्रियंका चोपड़ा का डिप्रेशन को लेकर अनुभव कैसा रहा, साथ ही वह कैसे इस समस्या से बाहर आ पाईं। 

priyanka chopda depression

नाक की सर्जरी के दौरान हुआ था हादसा 

प्रियंका ने एक रेडियो शो को दिए इंटरव्यू में इस बात का खुलासा किया कि नाक की सर्जरी के दौरान हुई गलती के कारण उनका चेहरा पूरी तरह बदल गया था। प्रियंका ने नाक की पॉलीप को हटाने के लिए सर्जरी कराई थी, लेकिन इस दौरान डॉक्टर ने गलती से नाक की पॉलीप के साथ नाक के ब्रिज को भी शेव कर दिया था। इस कारण प्रियंका का चेहरा बहुत अजीब लगने लगा और इस बात से उन्हें बहुत गहरा सदमा पहुंचा था।

इसे भी पढ़े- क्लिनिकल डिप्रेशन का शिकार हो गए थे MTV Splitsvilla फेम एक्टर आकाश चौधरी, खुद बता रहे हैं कैसे आए इससे बाहर 

इस हादसे का प्रियंका पर क्या असर पड़ा?

नाक की सर्जरी के दौरान हुई इस गलती के कारण प्रियंका के लिए कुछ समय तक खुद को स्वीकार कर पाना भी मुश्किल हो रहा था। 2021 में लॉन्च हुई अपनी किताब ‘अनफिनिश्ड’ में प्रियंका चोपड़ा ने इसका खुलासा भी किया है। प्रियंका ने बताया कि “जब पट्टियों को हटाने का समय आया और मेरी नाक की स्थिति दिखाई गई, तो मां और मैं डर गए थे।’’ आगे बताते हुए प्रियंका कहती हैं कि “सर्जरी की वजह से मेरा चेहरा पूरी तरह से अलग लग रहा था, वो मैं नहीं थी।’’ 

इस घटना ने प्रियंका पर इतना गहरा प्रभाव डाला कि उन्हें लंबे समय तक डिप्रेशन का सामना करना पड़ा। इस दौरान प्रियंका खुद को देख तक नहीं पा रही थीं, उन्हें महसूस होता था कि उनका करियर शुरू होने पहले ही खत्म हो जाएगा। इस कारण प्रियंका के साइन किए 2 कॉन्ट्रैक्ट भी कैंसिल हो गए थे, जिस बात ने उन्हें और भी ज्यादा परेशान कर दिया था। प्रियंका बताती हैं कि इस कारण उन्हें बॉलीवुड में 'प्लास्टिक चोपड़ा' भी कहा जाने लगा था, साथ ही उन्हें कई सालों तक इससे जुड़े सवालों का सामना भी करना पड़ा था। 

जानें डिप्रेशन से कैसे बाहर आईं प्रियंका?

डिप्रेशन के दौरान प्रियंका को परिवार का पूरी सपोर्ट मिला, और इसी सहारे वह इस समस्या से बाहर आ पाईं। सर्जरी में हुई गलती के कारण प्रियंका को डिप्रेशन झेलना पड़ा था। प्रियंका  के पिता खुद एक डॉक्टर थे, तो उन्होंने कई कोशिशों के बाद प्रियंका को दोबारा सर्जरी के लिए मना लिया था। प्रियंका की दोबारा सर्जरी के बाद उनका चेहरा काफी हद तक ठीक हुआ और उन्होंने इसी तरह से खुद को स्वीकार करना शुरू कर दिया। 

प्रियंका की डिप्रेशन की स्थिति को समझाते हुए सर गंगाराम हॉस्पिटल की सीनियर क्लीनिकल साइकोलॉजिस्ट डॉ आरती आनंद ने डिप्रेशन के लक्षणों और इससे डील करने के तरीके पर बात की है। आइए आगे लेख में जानें इस बारे में।

इसे भी पढ़े- टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक निजी मामलों के चलते 2 साल तक थीं डिप्रेशन का शिकार, जानें कैसे आईं इससे बाहर

डिप्रेशन के लक्षण- Symptoms of Depression

  • फैसले लेने और किसी चीज पर फोकस करने में परेशानी आना। 
  • व्यक्ति को दिनभर थकावट, सुस्ती, कमजोरी और इरिटेशन का एहसास होता रहता है।
  • डिप्रेशन में व्यक्ति हमेशा बेचैनी महसूस करता है और दिनभर उदास रहता है।
  • अधिकतर समय अकेले बिताना और लोगों का सामना करने से पीछे हटना। 
  •  मन में बार-बार आत्महत्या के ख्याल आना और खुद को नुकसान पहुंचाने की कोशिश करना। 

एक्सपर्ट से जानें डिप्रेशन से डील करने के तरीके- How To Deal With Depression

समस्या पर बार-बार न सोचें

अधिकतर लोग समस्या के बारे में बार-बार सोचते हुए बेचैन होने लगते हैं। यह गलती उनकी परेशानी बढ़ाने का सबसे कारण बन सकती है। इसलिए इस दौरान कभी भी परेशानी पर ज्यादा गहराई से नहीं सोचना चाहिए। 

लाइफस्टाइल हेल्दी बनाए रखें

आपका लाइफस्टाइल बड़ी से बड़ी समस्या से बाहर आने में मददगार साबित हो सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक पर्याप्त आराम लेने और खुद को तनाव मुक्त रखने से डिप्रेशन का सामना आसानी से किया जा सकता है। 

खुद को कभी अकेला न रहने दें

इस स्थिति में लोगों को अकेले रहने की आदत हो जाती है, जिस कारण उनकी परेशानी कम होने के बजाय ज्यादा बढ़ जाती है। अगर आप भी इस तरह की चीजें महसूस कर रहे हैं, तो खुद को अकेले न रहने दें। ज्यादा से ज्यादा समय अपनों के बीच बिताएं और अपनी मनपसंद चीजों पर ध्यान देना शुरू करें।

डॉक्टर से संपर्क करें

अगर आपको किसी करीबी में डिप्रेशन के लक्षण नजर आ रहे हैं, तो बिना देरी किये डॉक्टर से संपर्क करें। सही दवाओं और थेरेपी के जरिए डिप्रेशन का आसानी से सामना किया जा सकता है।

ओनलीमायहेल्थ की स्पेशल सीरीज 'मेंटल हेल्थ मैटर्स' में हम कुछ ऐसी ही कहानियां आपके साथ शेयर कर रहे हैं, ताकि आप हर परिस्थिति के लिए मानसिक तौर पर तैयार रहें। इस सीरीज में हम आपके साथ टीवी, सोशल मीडिया और बड़े पर्दे के स्टार द्वारा फेस की गई मेंटल प्रॉब्लम्स और उन्होंने उससे कैसे छुटकारा पाया, इसके बारे में बता रहे हैं। इस सीरीज में हम हर मंगलवार को एक नई कहानी आपके साथ साझा करते हैं। 

 

Read Next

टीवी एक्ट्रेस रुबीना दिलैक निजी मामलों के चलते 2 साल तक थीं डिप्रेशन का शिकार, जानें कैसे आईं इससे बाहर

Disclaimer