सुबह बिस्तर से उठते ही कई लोगों को घुटनों में तेज दर्द और अकड़न की समस्या का सामना करना पड़ता है। ऐसे में बिस्तर से उठना भी काफी मुश्किल हो जाता है। हालांकि, लोग अक्सर इस तरह की समस्या को नजरअंदाज करते हैं, जो आपकी समस्या को बढ़ा सकता है। सुबह उठकर घुटनों में दर्द का कारण आर्थराइटिस, कार्टिलेज घिसने या साइनोवियल फ्लूइड की कमी का संकेत हो सकता है, जिसे अनदेखा नहीं करना चाहिए। आइए Dr. Darsh Goyal Director, Robotic Joint Replacement, Orthopaedics & Sports Injuries और Dr. Akhilesh Rathi, Orthopaedic and Joint Replacement Surgeon, Sri Balaji Action Medical Institute से जानते हैं कि सुबह उठने के बाद घुटनों में दर्द क्यों होने लगता है?
सुबह उठते ही घुटनों में दर्द क्यों होता है?
Dr. Darsh Goyal बताते हैं कि सुबह उठने के बाद घुटनों में दर्द और अकड़न महसूस होना कई कारणों से हो सकता है। रातभर लंबे समय तक एक ही स्थिति में रहने के कारण घुटने के जोड़ में कुछ समय के लिए जकड़न महसूस हो सकती है, जो सामान्य तौर पर थोड़ी देर चलने-फिरने के बाद कम हो जाती है। हालांकि, अगर सुबह उठने के तुरंत बाद घुटनों में दर्द की समस्या रोजाना होने लगती है, अकड़न लंबे समय तक बनी रहती है या घुटने में सूजन और गर्माहट भी महसूस होती है तो इसे नॉर्मल समस्या समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
इसे भी पढ़ें: घुटने में दर्द होने पर क्या खाएं और क्या न खाएं? एक्सपर्ट से जानें
क्या ऑस्टियोआर्थराइटिस हो सकता है सुबह की जकड़न का कारण?
Dr. Akhilesh Rathi के अनुसार, उम्र बढ़ने के साथ घुटने के जोड़ में मौजूद कार्टिलेज में घिसाव होने से ऑस्टियोआर्थराइटिस की समस्या हो सकती है, जो सुबह सोकर उठने के तुरंत बाद घुटनों में दर्द की समस्या हो सकती है। इसके अलावा बढ़ता हुआ वजन, पुरानी चोट, घुटनों पर ज्यादा दबाव और लंबे समय तक गलत तरीके से बैठने या खड़े रहने की आदत भी दर्द का कारण बन सकती है।
साल 2023 में JAMA में प्रकाशित एक स्टडी के अनुसार, 45 साल या उससे ज्यादा उम्र के लोगों में गतिविधि के दौरान घुटने के दर्द और 30 मिनट से कम समय की अकड़न का सबसे संभावित कारण घुटने का ऑस्टियोआर्थराइटिस होता है। इसके अलावा, 40 साल से कम उम्र के एक्टिव लोगों में पटेलोफेमोरल पेन और किसी चोट या उम्र के साथ घुटने में मेनिस्कल टियर भी घुटने के दर्द के कारण हैं।
Cause-of-Knee-Pain
घुटनों के दर्द से राहत पाने के घरेलू उपाय
Dr. Darsh Goyal का कहना है कि घुटनों में दर्द होने पर राहत पाने के लिए आप इन उपायों को अपना सकते हैं-
- हॉट एंड कोल्ड थेरेपी- सूजन और तेज दर्द होने पर बर्फ के टुकड़ों को किसी सूती कपड़े में लपेटकर घुटने पर 10 से 15 मिनट के लिए सिकाई करें। इसके बाद हल्के गुनगुने पानी की सिकाई या हॉट वॉटर बैग का इस्तेमाल करें, जिससे जकड़न दूर होती है।
- हल्दी वाला दूध- हल्दी में मौजूद कर्क्यूमिन एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर होते हैं, जो घुटने की सूजन और दर्द को नेचुरल तरीके से कम करते हैं। आप गुनगुने दूध में चुटकीभर हल्दी मिलाकर पी सकते हैं।
- सरसों या तिल के तेल की मालिश- गुनगुने सरसों या लहसुन के तेल से घुटने के आस-पास हल्के हाथों से मालिश करना फायदेमंद हो सकता है, क्योंकि इससे ब्लड सर्कुलेशन बेहतर होता है और मांसपेशियों की जकड़न कम होती है।
घुटनों में दर्द होने पर लाइफस्टाइल में क्या बदलाव करें?
Dr. Akhilesh Rathi के मुताबिक, घुटनों में होने वाले दर्द से राहत दिलाने में लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव लाभकारी हो सकते हैं-
- वजन कंट्रोल रखें- ज्यादा वजन का सीधा प्रेशर आपके घुटनों के जोड़ों पर पड़ता है। ऐसे में संतुलित डाइट और हल्की वॉक करने से वजन कंट्रोल रखने में मदद मिल सकती है, जिससे घुटनों पर दबाव कम पड़ता है।
- एक्सरसाइज करें- घुटनों को मजबूत बनाने के लिए योग, स्ट्रेचिंग, साइकिलिंग या स्विमिंग जैसी एक्सरसाइज करें। ध्यान रहे भारी वजन उठाने या दौड़ने से बचना चाहिए।
- विटामिन डी और कैल्शियम लें- अपनी डाइट में दूध, दही, हरी पत्तेदार सब्जियां, पनीर और ड्राई फ्रूट्स शामिल करें, जो आपकी हड्डियों और कार्टिलेज को मजबूत बनाने में मदद कर सकते हैं।
- हाइड्रेशन का ध्यान रखें- शरीर में पानी की कमी से जोड़ों का लुब्रिकेशन कम हो सकता है, इसलिए दिनभर में पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें।
इसे भी पढ़ें: घुटने के दर्द में कितना कारगर है हल्दी, काली मिर्च और अदरक का कॉम्बिनेशन? जानें डाइट में कैसे करें शामिल
डॉक्टर से कब संपर्क करना चाहिए?
घुटनों में दर्द की समस्या से राहत के लिए घरेलू उपायों से अगर आराम न मिले और नीचे दिए हुए लक्षण नजर आएं तो इन्हें नजरअंदाज किए बिना तुरंत ऑर्थोपेडिक डॉक्टर से मिलना चाहिए।
- अगर घुटने पर वजन डालने या खड़ा होने में मुश्किल का सामना करना पड़े।
- घुटने का सूज जाना, लाल होना और छूने पर ज्यादा गर्म महसूस होना।
- घुटने को मोड़ते या फैलाते समय तेज आवाज आना या घुटना अचानक से एक जगह पर जाम हो जाना।
- घुटने के दर्द के साथ बुखार या ठंड लगने की समस्या होना भी किसी इंफेक्शन का संकेत हो सकता है।
निष्कर्ष
सुबह घुटनों में होने वाला दर्द और जकड़न आपके दिनभर के रूटीन को प्रभावित कर सकता है। इसलिए समय रहते सही लाइफस्टाइल, संतुलित खानपान और घरेलू उपायों को अपनाकर इस समस्या से काफी हद तक राहत पाई जा सकती है। हालांकि, अगर दर्द गंभीर हो या लगातार बना रहे, तो किसी डॉक्टर से सलाह लेना बहुत जरूरी है।
Image Credit: Freepik
FAQ
घुटने में दर्द किसकी कमी से होता है?
घुटने में दर्द मुख्य रूप से शरीर में किसी खास पोषक तत्व जैसे कैल्शियम की कमी, विटामिन डी की कमी या विटामिन बी12 की कमी के कारण हो सकता है।घुटने की ग्रीस बढ़ाने के लिए क्या खाना चाहिए?
घुटनों की ग्रीस बढ़ाने के लिए आप अपनी डाइट में सूजन कम करने वाले और टिश्यू को रिपेयर करने वाले फूड्स शामिल कर सकते हैं, जिनमें ओमेगा-3 फैटी एसिड, कैल्शियम और विटामिन डी से भरपूर फूड्स शामिल हैं।
इस जानकारी की सटीकता, समयबद्धता और वास्तविकता सुनिश्चित करने का हर सम्भव प्रयास किया गया है हालांकि इसकी नैतिक जि़म्मेदारी ओन्लीमायहेल्थ डॉट कॉम की नहीं है। हमारा आपसे विनम्र निवेदन है कि किसी भी उपाय को आजमाने से पहले अपने चिकित्सक से अवश्य संपर्क करें। हमारा उद्देश्य आपको जानकारी मुहैया कराना मात्र है।
How we keep this article up to date:
We work with experts and keep a close eye on the latest in health and wellness. Whenever there is a new research or helpful information, we update our articles with accurate and useful advice.
-
Current Version
Oct 10, 2026 16:18 IST
Published By : Katyayani Tiwari
Reviewed By : Dr Akhilesh Rathi
